परकोटे की रोशनियों के बीच जब अचानक आमजन के बीच पहुंचे CM भजनलाल: बिना प्रोटोकॉल बच्चों को दुलारा, हाथ मिलाकर दी बधाई
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दीपावली पर सपरिवार जयपुर के परकोटे पहुंचकर आमजन को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने सांगानेरी गेट से बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया होते हुए न्यू गेट तक पैदल घूमकर बाजार की सजावट देखी. इस दौरान बच्चों को चॉकलेट बांटी, युवाओं से मुलाकात की और लोगों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री निवास में सपरिवार दीप प्रज्वलित कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. इसके बाद मुख्यमंत्री दीपावली की रात जयपुर के परकोटे पहुंचे और आमजन के बीच पहुंचकर त्योहार की खुशियां साझा कीं. मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर लोगों में खासा उत्साह नजर आया.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दीपावली के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपों की मंगलमयी ज्योति सभी के जीवन से अंधकार और नकारात्मकता को दूर करें. उन्होंने कामना की कि यह पर्व प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि का प्रकाश लेकर आए.
सांगानेरी गेट से न्यू गेट तक पैदल घूमे CM
दीपावली की रात मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सपरिवार जयपुर के परकोटे पहुंचे. यहां उन्होंने सांगानेरी गेट से बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया होते हुए न्यू गेट तक पैदल घूमे. इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाजारों में की गई आकर्षक सजावट और दीपावली की रौनक को करीब से देखा. बाजारों में रोशनी, सजावट और त्योहार के उल्लास के बीच मुख्यमंत्री ने आमजन के साथ समय बिताया.
मुख्यमंत्री को अचानक अपने बीच देखकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला. रास्ते में जगह-जगह लोगों ने हाथ जोड़कर उनका स्वागत किया और दीपावली की शुभकामनाएं दीं. मुख्यमंत्री ने भी लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और आत्मीयता के साथ सभी से मुलाकात की.
यह भी पढ़ेंः खाटूश्यामजी में दिवाली की धूम: गुलाबी फूलों से सजे बाबा श्याम, 5100 दीपों से रोशन हुआ मंदिर
बच्चों को दी चॉकलेट, युवाओं से मिलाया हाथ
परकोटे में भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री का अलग अंदाज देखने को मिला. उन्होंने बच्चों को दुलार किया और उन्हें चॉकलेट दी. वहीं, युवाओं से हाथ मिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं. महिलाओं और बुजुर्गों से भी मुख्यमंत्री ने आत्मीयता के साथ मुलाकात की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने किसी औपचारिक कार्यक्रम के बजाय आमजन के बीच रहकर दीपावली की खुशियां साझा कीं. लोगों ने भी मुख्यमंत्री के साथ मुलाकात को खास अनुभव बताया.
मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान जयपुर नगर निगम के महापौर सुनील कोठारी, पार्षद पुनीत कर्नावट सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री का परकोटे में पैदल भ्रमण और आमजन से सीधा संवाद दीपावली की रात चर्चा का विषय बना रहा.