)
दीवाली का नाम आते ही मन में जलते दीये, मां लक्ष्मी की पूजा और चारों तरफ फैली रोशनी की खुशी आ जाती है.
लेकिन बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में दिवाली की रात एक ऐसी परंपरा निभाई जाती है, जिसके बारे में शहर के लोगों को कम ही पता है.
लोग पूजा वाले दीये की लौ से खास काजल तैयार करते हैं. इसके लिए दीये के ऊपर एक छोटी-सी कटोरी या प्लेट रख दी जाती है, जिस पर दीये का धुआं यानी कालिख जम जाती है.
बाद में इसी कालिख में थोड़ा सा घी या तेल मिलाकर घर पर ही शुद्ध काजल बना लिया जाता है.
आज हम इस खबर में जानेंगे कि ऐसे क्यों किया जाता है.
हमारे घरों में काजल को सिर्फ आंखों की खूबसूरती बढ़ाने का सामान नहीं माना गया है. इसे बुरी नजर से बचाने का सबसे पुराना और असरदार तरीका भी कहा जाता है.
दीवाली की रात जब हर घर में दीये जल रहे होते हैं, तब इस तरह काजल तैयार करना बहुत शुभ माना जाता है.
बहुत से परिवारों में इस रात बने काजल को संभालकर रख लिया जाता है, जिससे जरूरत पड़ने पर इसका इस्तेमाल किया जा सके.
घर की दादी और नानी हमेशा से कहती आई हैं कि छोटे बच्चों को बहुत जल्दी किसी की भी नजर लग जाती है.
दीवाली की रात तैयार किए गए इस काजल का एक छोटा-सा टीका बच्चों के माथे, कान के पीछे या गाल पर लगाया जाता है.
लोगों का पूरा भरोसा होता है कि ऐसा करने से बच्चों पर किसी की बुरी नजर का साया नहीं पड़ता है.
त्योहार की पवित्र रात में बनने की वजह से इस काजल की ताकत और भी ज्यादा मानी जाती है.
इस परंपरा का रिश्ता सिर्फ नजर उतारने तक ही सीमित नहीं है. कई परिवारों में इसे सुहाग और महिलाओं के श्रृंगार से भी जोड़कर देखा जाता है.
दीवाली के दिन तैयार किया गया ये काजल सालभर इस्तेमाल करने के लिए डिब्बी में भरकर रख लिया जाता है.
पुराने समय में औरतें इसी शुद्ध और देसी काजल को अपनी आंखों में लगाती थीं, जो आंखों के लिए भी बहुत ठंडा और फायदेमंद होता था.
आज के दौर में तो हर चीज बाजार से खरीद ली जाती है, लेकिन पुराने जमाने में ऐसा नहीं होता था. लोग अपनी जरूरत का ज्यादातर सामान घर पर ही तैयार करते थे.
दीवाली के दिन घरों में ढेरों दीये जलते थे, इसलिए काजल बनाने का ये सबसे सही मौका होता था.
घी या सरसों के तेल की लौ से निकलने वाली कालिख बिल्कुल शुद्ध होती थी, जिसमें किसी भी तरह की मिलावट का डर नहीं रहता था.
भागदौड़ भरी इस जिंदगी में भले ही अब लोग रेडीमेड चीजें ज्यादा इस्तेमाल करने लगे हों, लेकिन गांवों के पारंपरिक परिवारों में ये परंपरा आज भी कायम है.
हर परिवार में इसे करने का तरीका थोड़ा-बहुत अलग हो सकता है. कोई पूजा के तुरंत बाद इसे बनाता है, तो कोई इसे बड़ों से मिली सीख मानता है.
(Disclaimer): इस लेख में दी गई जानकारियां पारंपरिक लोक मान्यताओं, सांस्कृतिक परंपराओं और ग्रामीण संस्कृति पर आधारित हैं. इसका उद्देश्य केवल पाठकों को हमारी प्राचीन लोक-संस्कृति और रीति-रिवाजों से अवगत कराना है. किसी भी तरह के अंधविश्वास को बढ़ावा देना हमारा उद्देश्य नहीं है. पाठक अपनी आस्था और विवेक के अनुसार ही इन परंपराओं को समझें.