App

Churu Nagar Parishad Election 2026: चूरू में BJP का दबदबा, उपसभापति चुनाव में कांग्रेस को 9 वोट से हराया

चूरू नगर परिषद के उपसभापति पद के चुनाव में भाजपा के वार्ड 60 पार्षद ओमप्रकाश इन्दौरिया ने कांग्रेस के लीलाधर चुलेट को 9 वोटों से हराया. इन्दौरिया को 34 और चुलेट को 25 वोट मिले, जबकि कांग्रेस का एक वोट निरस्त हुआ.

Churu Nagar Parishad Election 2026: चूरू में BJP का दबदबा, उपसभापति चुनाव में कांग्रेस को 9 वोट से हराया
Image Credit: उपसभापति बनें BJP के ओमप्रकाश इन्दौरिया

Churu Nagar Parishad Chunav 2026:  राजस्थान के चूरू नगर परिषद में उपसभापति पद के लिए मंगलवार को हुए चुनाव में भाजपा ने शहर के वार्ड 60 से पार्षद ओमप्रकाश इन्दौरिया और कांग्रेस ने वार्ड 42 के पार्षद लीलाधर चुलेट को उपसभापति पद के लिए उम्मीदवार बनाया. जहां 9 मतों से इंदौरिया ने उपसभापति पद पर जीत दर्ज की. चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया. कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया.

34 वोट BJP के, कांग्रेस का एक वोट निरस्त
उपसभापति पद के लिए हुए मतदान में भाजपा के 34 और कांग्रेस के 26 पार्षदों ने मतदान किया. मतगणना में भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकाश इन्दौरिया को 34 मत, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी लीलाधर चुलेट को 25 मत मिले. कांग्रेस का एक मत निरस्त हो गया.

इन्दौरिया को मिला निर्वाचन प्रमाण-पत्र
चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद निर्वाचन अधिकारी श्वेता कोचर एवं एसडीएम धीरज झाझड़िया ने नवनिर्वाचित उपसभापति ओमप्रकाश इन्दौरिया को निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान किया. इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि नगर परिषद में उपसभापति का चुनाव विकास और जनसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

राठौड़ ने कांग्रेस पर साधा निशाना
राठौड़ ने कहा निकाय चुनाव में मिली जीत पीएम मोदी और भजनलाल सरकार के विकास कार्यों पर जनता की मुहर है. राठौड़ ने डोटासरा और पूर्व सीएम अशोक गहलोत के निकाय चुनाव में मिली हार के बाद दिए बयान के जवाब में कहा कांग्रेस हार के बाद यही कहती है, कभी लोकतंत्र की हत्या बताती है तो कभी EVM पर आरोप लगाते हैं. राठौड़ ने कहा 'खिसियानी बिल्ली खम्भा नोचे.'

दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम की अपील
उन्होंने नवनिर्वाचित उपसभापति ओमप्रकाश इन्दौरिया को बधाई देते हुए कहा कि परिषद के सभी पार्षदों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर चूरू शहर के विकास के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए. उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम शहर की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी ढंग से काम करेगी.

विकास के लिए बेहतर तालमेल जरूरी
विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि चूरू के विकास के लिए नगर परिषद और राज्य सरकार के बीच आपसी तालमेल जरूरी है. उन्होंने नवनिर्वाचित उपसभापति ओमप्रकाश इन्दौरिया को बधाई देते हुए कहा कि परिषद की नई टीम शहर की मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता, सड़क, नाली एवं अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाए. उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना है और चूरू के विकास में हरसंभव सहयोग दिया जाएगा.

समय पर समाधान करना परिषद का लक्ष्य
नवनिर्वाचित सभापति विनय गोयनका ने कहा कि नगर परिषद की पूरी टीम मिलकर चूरू शहर के विकास को नई गति देने के लिए काम करेगी. उन्होंने कहा कि शहरवासियों की समस्याओं का समय पर समाधान करना परिषद की प्राथमिकता रहेगी. उन्होंने नवनिर्वाचित उपसभापति ओमप्रकाश इन्दौरिया को बधाई देते हुए कहा कि दोनों मिलकर पार्षदों के सहयोग से शहर के विकास और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे. नवनिर्वाचित उपसभापति ओमप्रकाश इन्दौरिया ने चुनाव में समर्थन देने वाले सभी पार्षदों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे.

विकास और स्वच्छता को प्राथमिकता: इन्दौरिया
उन्होंने कहा कि नगर परिषद में सभी पार्षदों को साथ लेकर चूरू शहर के विकास के लिए कार्य किया जाएगा. शहर की समस्याओं का समाधान, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार और विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकता रहेगी. उन्होंने कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए वे निरंतर कोशिश करते रहेंगे. 

Report- Navratan Prajapat

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sneha Aggarwal

Sneha Aggarwal

मैं स्नेहा अग्रवाल जी राजस्थान न्यूज में सब एडिटर के रूप में कार्यरत हूं और राजस्थान से जुड़ी हर बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी न्यूज़ पर पकड़ रखती हूं. क्राइम और कल्चर की खबरों में दिलचस्पी है. मुझे डिजिटल मीडिया का करीब 4 साल का साल का अनुभव है. इससे पहले मैं ZeeBihar में अपनी सेवाएं दे चुकी हूं. 4 साल के जर्नलिज्म करियर में लोकल, क्राइम, हेल्थ, एंटरटेनमेंट, वायरल और लाइफस्टाइल बीट पर काम किया है. मैंने यहां पर राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, ऑपेरशन सिंदूर समेत कई बड़े ईवेंट्स कवर किए हैं.
Read More