App

कितनी दूर तक जाते हैं और कैसे जीते हैं... घड़ियालों की जिंदगी का खुलेगा राज! चंबल में 20 घड़ियालों को पहनाया गया VHF टैग

सवाई माधोपुर स्थित राष्ट्रीय चंबल घड़ियाल अभयारण्य में 20 नवजात घड़ियालों को VHF रेडियो टैग लगाकर नदी में छोड़ा गया है. अब वैज्ञानिक तकनीक से उनकी गतिविधियों और जीवित रहने की दर पर नजर रखी जाएगी.

कितनी दूर तक जाते हैं और कैसे जीते हैं... घड़ियालों की जिंदगी का खुलेगा राज! चंबल में 20 घड़ियालों को पहनाया गया VHF टैग
Image Credit: AI IMAGE

चंबल नदी में घड़ियालों के संरक्षण को लेकर वन विभाग ने एक नई पहल की है. राजस्थान के सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर चंबल नदी में घड़ियालों के संरक्षण और उनके प्राकृतिक व्यवहार को समझने के लिए वन विभाग ने एक महत्वपूर्ण पहल की है. राष्ट्रीय चंबल घड़ियाल अभयारण्य के पालीघाट में घड़ियाल इकोलॉजी प्रोजेक्ट के तहत रेडियो/VHF टैग लगाए गए 20 नवजात घड़ियालों को उनके प्राकृतिक आवास चंबल नदी में छोड़ा गया. इस पहल के साथ ही अब घड़ियालों की निगरानी के लिए सैटेलाइट तकनीक के बजाय रेडियो टेलीमेट्री यानी VHF तकनीक का उपयोग किया जाएगा.

चंबल में छोड़े गए रेडियो टैग लगे घड़ियाल, रखी जाएगी वैज्ञानिक निगरानी
मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक (चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन) के.सी.ए. अरुण प्रसाद और रणथंभौर के डीएफओ मानस सिंह की मौजूदगी में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ. टैग लगाए गए घड़ियालों की गतिविधियों पर वैज्ञानिक तरीके से नजर रखी जाएगी. विशेषज्ञ यह पता लगाएंगे कि घड़ियाल नदी में कितनी दूरी तक विचरण करते हैं, उनका व्यवहार कैसा रहता है और वे प्राकृतिक वातावरण में खुद को किस तरह अनुकूलित करते हैं. इसके साथ ही उनकी जीवित रहने की दर का भी अध्ययन किया जाएगा.

80 घड़ियालों की टैगिंग का लक्ष्य, पहले चरण में 20 घड़ियालों को छोड़ा 
परियोजना के तहत कुल 80 घड़ियालों की टैगिंग कर उन्हें चंबल नदी में छोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. पहले चरण में 20 घड़ियालों को छोड़ा गया है. वन्यजीव विशेषज्ञों और वन विभाग के फील्ड स्टाफ की मौजूदगी में हुई यह पहल चंबल में घड़ियालों के संरक्षण की दिशा में अहम मानी जा रही है. इससे मिलने वाले वैज्ञानिक आंकड़ों के आधार पर भविष्य में घड़ियालों के संरक्षण और उनके प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखने की रणनीति तैयार करने में मदद मिलेगी.

(सवाई माधोपुर से अभिनव अग्रवाल की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और हाइपर लोकल की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग, यूटिलिटी से जुड़ी खबरों पर काम कर रही हैं. रेनू पिछले 4 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. DU से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से अपने करियर की शुरुआत की. लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा है.रेनू अकर्णिया से आप renu.akarniya@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं. 
Read More