App

सैकड़ों गौमाताओं ने दिया धरना! पशुपालकों ने प्रशासन को पत्र लिखकर कहा- हमें भाषण नहीं, चारा चाहिए

सिरोही कलेक्ट्रेट में गौमाता का अनोखा प्रदर्शन नजर आया. भूखी-प्यासी सैकड़ों गायों के साथ पशुपालक यहां पहुंचे. प्रशासन के सामने दो बड़ी मांगें रखी. चारा-पानी की व्यवस्था और सिरोही को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग.

सैकड़ों गौमाताओं ने दिया धरना! पशुपालकों ने प्रशासन को पत्र लिखकर कहा- हमें भाषण नहीं, चारा चाहिए
Image Credit: गायों को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे पशुपालक (Z News)

सिरोही जिला में 23 नवंबर सोमवार को एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया. आमतौर पर आपने इंसानों को अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन करते देखा होगा, लेकिन सिरोही में पहली बार गौमाता भी मानो अपनी मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठी नजर आईं. गोल मांडवा, माकरोड़ा, पालड़ी सहित शिवगंज विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांवों से पशुपालक सैकड़ों गायों को लेकर जिला कलेक्ट्रेट पहुंच गए. सुबह से भूखी-प्यासी गायों के साथ पशुपालकों ने प्रशासन के सामने दो प्रमुख मांगें रखी. क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं.

सैकड़ों गायों के पहुंचने से पूरा कलेक्ट्रेट परिसर गोवंश से भर गया

गोल मांडवा, माकरोड़ा, पालड़ी समेत सिरोही-शिवगंज विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांवों से पशुपालक अपनी गायों को लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे. किसी के हाथ में ज्ञापन था, तो किसी की आंखों में अपनी गायों को बचाने की चिंता. पशुपालकों का कहना है कि जिले में लगातार चारा-पानी का संकट गहराता जा रहा है. हालात ऐसे हो गए हैं कि गोवंश का पालन-पोषण करना भी मुश्किल हो गया है.

इस प्रदर्शन की सबसे भावुक तस्वीर यह रही कि अब तक आपने पशुपालकों को अपनी मांगों के लिए धरना देते देखा होगा, लेकिन सिरोही में पहली बार गौमाता भी मानो अपने हक के लिए भूख हड़ताल पर बैठी नजर आईं. सुबह से भूखी-प्यासी गायें कलेक्ट्रेट परिसर में चारे और पानी के इंतजार में खड़ी रहीं. वहीं उनके साथ पहुंचे गोपालक भी अपनी पीड़ा प्रशासन तक पहुंचाने में जुटे रहे.

पशुपालकों का दावा है कि जिले में करीब 20 हजार गायें चारा-पानी के संकट से प्रभावित हैं. करीब 500 से 700 गायों को लेकर पहुंचे पशुपालकों ने प्रशासन से तत्काल राहत की मांग की. पशुपालकों का कहना है कि इस समस्या को लेकर करीब दो सप्ताह पहले भी प्रशासन को ज्ञापन दिया गया था, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं होने के कारण उन्हें मजबूरन अपनी गायों के साथ जिला मुख्यालय पहुंचना पड़ा.

प्रदर्शन के दौरान प्रशासन की ओर से एसडीएम ने पशुपालकों के साथ वार्ता की. इस दौरान पशुपालकों ने अपनी दो प्रमुख मांगें रखी. पहली मांग है कि जिले में गोवंश के लिए तत्काल पर्याप्त चारे और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. वहीं, दूसरी मांग है कि मौजूदा हालात को देखते हुए सिरोही जिले को सूखाग्रस्त घोषित किया जाए, ताकि हजारों पशुपालकों और गोवंश को राहत मिल सके.


गौमाता की ओर से जिला प्रशासन के नाम एक मार्मिक पत्र लिखा गया. इस पत्र में बेजुबान गायों की पीड़ा को शब्दों में बयां करते हुए लिखा गया. साहब! हमें जानकारी मिली है कि आप हमें गौमाता मानते हैं, लेकिन अगर आप हमें माता नहीं मानते और सिर्फ एक बेजुबान जानवर समझते हैं, तो भी हमें कोई शिकायत नहीं है. बस साहब! हमें भूख और प्यास से मरने मत दीजिए. हमें भाषण नहीं, चारा चाहिए. हमें आश्वासन नहीं, पानी चाहिए. हमें इंतजार नहीं, तत्काल राहत चाहिए. यह पत्र सिर्फ एक अपील नहीं, बल्कि उन बेजुबान पशुओं की पीड़ा को सामने लाने की कोशिश है, जो अपनी भूख और प्यास तक बयां नहीं कर सकते. फिलहाल, सिरोही कलेक्ट्रेट में हुए इस प्रदर्शन ने गोवंश के संरक्षण और पशुपालकों की समस्याओं को लेकर एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है.

रिपोर्ट: शरद टाक

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो