App

जयपुर एयरपोर्ट से स्पाइसजेट की उड़ानें ठप! 12 दिन से एक भी फ्लाइट नहीं, क्या बंद होने की कगार पर एयरलाइन?

जयपुर एयरपोर्ट से स्पाइसजेट की उड़ानें पिछले 12 दिनों से बंद हैं. दुबई की आखिरी फ्लाइट भी 12 नवंबर से नहीं चल रही, जबकि मुंबई की प्रस्तावित उड़ान शुरू ही नहीं हुई. एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों को काउंटर पर कर्मचारी नहीं मिले. आर्थिक संकट को इसकी वजह माना जा रहा है.

जयपुर एयरपोर्ट से स्पाइसजेट की उड़ानें ठप! 12 दिन से एक भी फ्लाइट नहीं, क्या बंद होने की कगार पर एयरलाइन?
Image Credit: SpiceJet Jaipur Airport

SpiceJet Jaipur Airport News: जयपुर एयरपोर्ट से सफर करने वाले यात्रियों के लिए परेशानी बढ़ गई है. स्पाइसजेट एयरलाइन की पिछले 12 दिनों से एक भी फ्लाइट संचालित नहीं हो रही है. कभी जयपुर से रोजाना 8 से 10 उड़ानें संचालित करने वाली स्पाइसजेट की अब घरेलू और अंतरराष्ट्रीय, दोनों सेवाएं बंद हैं. एयरलाइन की खराब आर्थिक स्थिति को इसकी प्रमुख वजह माना जा रहा है. हालांकि जयपुर में संचालन ठप होने के आधार पर पूरी एयरलाइन के बंद होने की पुष्टि नहीं हुई है.

कभी 10 फ्लाइट्स, अब एक भी नहीं

करीब चार साल पहले तक स्पाइसजेट जयपुर से मुंबई, पुणे, अहमदाबाद, कोलकाता, वाराणसी और अमृतसर जैसे शहरों के लिए उड़ानें संचालित करती थी. दुबई के लिए भी अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट चलती थी. लेकिन पिछले कुछ महीनों से जयपुर एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की केवल एक दुबई फ्लाइट बची थी. अब उसका संचालन भी बंद हो गया है.

12 नवंबर से दुबई की फ्लाइट बंद

जानकारी के मुताबिक, एयरलाइन की दुबई फ्लाइट SG-5123/5124 का संचालन 12 नवंबर से बंद है. इस फ्लाइट का दुबई से जयपुर पहुंचने का समय शाम 5:55 बजे और जयपुर से दुबई रवाना होने का समय शाम 6:55 बजे था. बताया जा रहा है कि एयरलाइन द्वारा किराया नहीं चुकाने के चलते दुबई में एयरपोर्ट ऑपरेटर ने चेक-इन करने से रोक दिया है.

मुंबई की फ्लाइट शुरू होने से पहले ही अटकी

स्पाइसजेट ने 7 नवंबर से जयपुर-मुंबई रूट पर रोजाना फ्लाइट SG-701/702 शुरू करने का शेड्यूल प्रस्तावित किया था. इसके मुताबिक, मुंबई से फ्लाइट शाम 8:30 बजे जयपुर पहुंचती और रात 9:30 बजे मुंबई रवाना होती. लेकिन 7 नवंबर से इस फ्लाइट का संचालन शुरू ही नहीं हो सका.

अजमेर से पहुंचे यात्री, काउंटर पर कर्मचारी नहीं मिले

अजमेर निवासी बुजुर्ग यात्री नारायण केवलानी और जयंती केवलानी मुंबई जाने के लिए जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे थे. उन्होंने बताया कि एयरलाइन के काउंटर पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था. फ्लाइट नहीं चलने के कारण सीआईएसएफ जवानों ने उन्हें एयरपोर्ट के अंदर प्रवेश करने से भी रोक दिया. ऐसे में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

पहले भी बंद हो चुकी हैं चार एयरलाइंस

जयपुर एयरपोर्ट पर इससे पहले भी कई एयरलाइंस का संचालन बंद हो चुका है. किंगफिशर एयरलाइंस वर्ष 2012 में बंद हुई थी. फरवरी 2017 में एयर कॉस्टा की दो उड़ानें और अप्रैल 2019 में जेट एयरवेज की छह उड़ानें बंद हुई थीं. इसके बाद 3 मई 2023 से गो फर्स्ट का संचालन बंद हुआ. अब स्पाइसजेट की उड़ानें ठप होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ी है. साथ ही एयरलाइन के जयपुर से भविष्य के संचालन को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kashiram Chaudhary

Kashiram Chaudhary

जी राजस्थान में स्पेशल कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत काशीराम चौधरी पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 21 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे ट्रांसपोर्ट विषय से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे सड़क परिवहन की हो, फ्लाइट मूवमेंट की या फिर रेलवे परिवहन, सभी क्षेत्रों में काशीराम सक्रिय रूप से न्यूज कवर करते रहे हैं. काशीराम कृषि और पशुपालन से जुड़ी खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. किसानों की जमीनी हकीकत दिखाने के साथ ही कृषि विपणन मंडियों की भी रिपोर्टिंग करते रहे हैं. साथ ही वे आबकारी और माइंस सेक्टर की खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं. काशीराम जी मीडिया समूह से पहले राजस्थान पत्रिका, डीएनए, ईटीवी राजस्थान, फर्स्ट इंडिया न्यूज में भी कार्य कर चुके हैं.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो