SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

दीपावली पर क्यों खास है बूंदी का मिट्टी वाला अनार? 30-40 फीट तक बिखेरते हैं रोशनी

बूंदी की रियासतकालीन मिट्टी के अनार की परंपरा आज भी दीपावली पर लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. करीब दो मिनट तक रंग-बिरंगी रोशनी बिखेरने वाले इन अनारों की मांग राजस्थान समेत कई राज्यों में है. कभी एक दर्जन परिवार इस कला से जुड़े थे, लेकिन अब सिर्फ दो परिवार ही इसे जिंदा रखे हुए हैं.

Written By Zee Rajasthan Web Team
Published: Nov 08, 2026, 08:30 PM IST | Updated: Nov 08, 2026, 08:30 PM IST
Image Credit: कई राज्यों में जबरदस्त डिमांड
Join

दीपावली पर आतिशबाजी का अपना अलग ही आकर्षण है, लेकिन बूंदी के मिट्टी से बने अनार की बात ही कुछ खास है. राजा-महाराजाओं के समय से चली आ रही यह पारंपरिक आतिशबाजी आज भी लोगों की पसंद बनी हुई है. रंग-बिरंगी रोशनी, लंबे समय तक चलने और कम आवाज के कारण बूंदी के मिट्टी के अनार की मांग हाड़ौती सहित राजस्थान के कई जिलों और पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात तथा मध्यप्रदेश तक है.

दो परिवारों के भरोसे जिंदा है बूंदी की पारंपरिक कला
बूंदी में इस पारंपरिक कला को शोरगर जमील अहमद और खलील भाई के परिवार आज भी जीवित रखे हुए हैं. कारीगर जमील अहमद बताते हैं कि पहले यहां करीब एक दर्जन परिवार इस काम से जुड़े थे, लेकिन धीरे-धीरे यह परंपरा सिमटती चली गई. अब केवल दो परिवार ही इस कला को आगे बढ़ा रहे हैं. मिट्टी के अनार के अलावा यहां चक्कर, रोलर, रातरानी, बरसाती जाड़, इंद्रधनुष, ज्वालामुखी, मेहताब और झरना जैसी आतिशबाजी भी तैयार की जाती है.

यह भी पढ़ेंः दिवाली पर दुल्हन की तरह सजा बाड़मेर का श्मशान घाट! पढ़ें अनोखी कहानी

दो मिनट तक बिखेरते हैं रंगीन रोशनी 
कारीगरों के मुताबिक, बूंदी के मिट्टी के अनार करीब दो मिनट तक रंगीन रोशनी बिखेरते हैं और इनकी रोशनी 30 से 40 फीट तक पहुंचती है. तेज आवाज और अधिक धुएं के बजाय रोशनी पसंद करने वाले लोग इन्हें प्राथमिकता देते हैं.

कई राज्यों तक पहुंच रही बूंदी की पहचान 
कोटा से आए ग्राहक और राहुल बताते हैं कि वे पिछले 25 से 30 वर्षों से बूंदी के अनार खरीद रहे हैं. इनके रिश्तेदार भी दूसरे राज्यों में इनकी मांग करते हैं. मिट्टी के अनार की कीमत 15 रुपये से लेकर 400 रुपये तक है.

बढ़ती लागत और संरक्षण की कमी से सिमट रहा कारोबार
कारीगर कामरान शोरगर बताते हैं कि यह उद्योग कई गरीब परिवारों को रोजगार देता है, लेकिन बढ़ती लागत, कम मुनाफे और सरकारी संरक्षण के अभाव में इससे जुड़े लोगों की संख्या लगातार घट रही है. बूंदी की यह रियासतकालीन आतिशबाजी कला केवल एक कारोबार नहीं, बल्कि शहर की सांस्कृतिक पहचान भी है. जरूरत है कि इस पारंपरिक हुनर को संरक्षण और प्रोत्साहन मिले, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी बूंदी के मिट्टी के अनार की चमक देख सकें.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

ZEENEWS TRENDING STORIES