हार कर भी जीते दिल ! समर्थकों ने भरा हारे हुए सरपंच का 25 लाख का चुनावी कर्ज
बीकानेर के चरकड़ा गांव में सरपंच पद के चुनाव में रामेश्वरलाल पंवार को हार का सामना करना पड़ा था. लेकिन गांव के सारे लोगों ने मिलकर एकजुट होकर अपने हारे नेता के साथ खड़े हो गये और खर्च की रकम जुटा ली.
राजनीति में अक्सर एक कहावत दोहराई जाती है कि 'उगते सूरज को हर कोई सलाम करता है'. चुनाव जीतने वाले के पीछे हुजूम लग जाता है, लेकिन हारने वाले प्रत्याशी को अक्सर चुनावी कर्जे और मायूसी के साथ अकेला छोड़ दिया जाता है. लेकिन, बीकानेर जिले के नोखा क्षेत्र स्थित चरकड़ा गांव से एक ऐसी दिल छू लेने वाली खबर सामने आई है, जिसने इस पुरानी धारणा को पूरी तरह से बदल दिया है. यहां के ग्रामीणों ने इंसानियत, अपनेपन और सच्चे समर्थन की एक ऐसी अनूठी मिसाल पेश की है, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है.
दरअसल, चरकड़ा गांव में सरपंच पद के चुनाव में रामेश्वरलाल पंवार को हार का सामना करना पड़ा था. आम तौर पर चुनाव में मिली शिकस्त के बाद समर्थक निराश होकर छिटक जाते हैं, लेकिन रामेश्वरलाल के समर्थकों ने ऐसा बिल्कुल नहीं किया. चुनाव परिणाम के बाद जब प्रत्याशी पर करीब 25 लाख रुपए के चुनावी खर्च का भारी बोझ आ पड़ा, तो गांव की 36 बिरादरी के लोग एकजुट होकर अपने नेता के साथ चट्टान की तरह खड़े हो गए.
जीत की उम्मीद में कंधे से कंधा मिलाकर चलने वाले इन समर्थकों ने हार के बाद भी अपनी नैतिक जिम्मेदारी से मुंह नहीं मोड़ा. ग्रामीणों ने आपस में तय किया कि उनके प्रत्याशी पर चुनाव हारने के बाद कर्ज का मानसिक और आर्थिक बोझ नहीं पड़ने दिया जाएगा. इसके बाद, बिना किसी दबाव के लोगों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार स्वेच्छा से सहयोग राशि इकट्ठा करना शुरू कर दिया. देखते ही देखते ग्रामीणों ने मिलकर करीब 25 लाख रुपए की बड़ी रकम जुटा ली और चुनावी खर्च का पूरा जिम्मा खुद उठा लिया.
ये घटना सिर्फ पैसों की मदद तक सीमित नहीं है, बल्कि मानवीय संदेश भी देती है और बताती है कि रामेश्वरलाल पंवार भले ही कागजों में चुनाव हार गए हों, लेकिन उन्होंने अपने गांव वालों का दिल पूरी तरह से जीत लिया है. चरकड़ा गांव के लोगों ने ये साबित कर दिया है कि सच्चा समर्थन हार या जीत का मोहताज नहीं होता. चुनाव परिणाम के बाद भी प्रत्याशी के साथ मजबूती से खड़े इन ग्रामीणों की पहल ने पूरे प्रदेश में एक बेहद भावुक और सकारात्मक नजीर पेश की है
ये भी पढ़ें : सरपंच चुनाव में हार के बाद महेश बाजिया का भव्य सम्मान, 11.81 लाख और स्कॉर्पियो भेंट की