)
चुनाव में जीत और हार का फैसला भले ही वोटों से होता है, लेकिन जनता का प्यार कई बार चुनावी नतीजों से आगे निकल जाता है. इसकी मिसाल रींगस उपखंड क्षेत्र की लाखनी ग्राम पंचायत में देखने को मिली. यहां सरपंच चुनाव में हार का सामना करने वाले पूर्व सरपंच महेश कुमार बाजिया के सम्मान में ग्रामीणों ने भव्य समारोह आयोजित किया. ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से जुटाए 11 लाख 81 हजार 500 रुपए और स्कॉर्पियो एस-11 गाड़ी भेंट कर उनके प्रति आभार जताया. गांव की मुख्य चौपाल पर हुए इस समारोह में करीब दो दर्जन ग्राम पंचायतों के सरपंच और जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए.
12 साल तक संभाली सरपंच पद की जिम्मेदारी
ग्रामीणों ने बताया कि महेश बाजिया ने करीब 12 वर्षों तक सरपंच पद पर रहते हुए गांव में कई विकास कार्य करवाए. उन्होंने ग्रामीणों के सुख-दुख में साथ दिया और बिना किसी भेदभाव के गांव की सेवा की. उनके इसी योगदान और व्यवहार को देखते हुए ग्रामीणों ने चुनावी हार के बावजूद उनका सम्मान करने का फैसला किया. ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से 11 लाख 81 हजार 500 रुपए की राशि एकत्रित की और समारोह में महेश बाजिया को भेंट की. वहीं, गांव के दशरथ सिंह पुत्र मूलसिंह शेखावत ने अपनी ओर से स्कॉर्पियो एस-11 गाड़ी उपहार में दी.
सम्मान देखकर भावुक हुए महेश बाजिया
ग्रामीणों से मिले इस सम्मान को देखकर महेश बाजिया भावुक हो गए. उनकी आंखें नम हो गईं. उन्होंने घुटनों के बल बैठकर ग्रामीणों का आभार जताया. महेश बाजिया ने कहा कि उन्हें गांव की सेवा का जो अवसर मिला, उसमें उन्होंने बिना किसी भेदभाव के सभी के लिए काम करने की कोशिश की. ग्रामीणों ने जो प्यार और सम्मान दिया है, वह उनके लिए जीवन की अनमोल पूंजी है. उन्होंने आगे भी गांव और ग्रामीणों की सेवा के लिए हमेशा तैयार रहने की बात कही.
पहले पत्नी और फिर महेश बाजिया रहे सरपंच
लाखनी ग्राम पंचायत में शुरुआती पांच साल महेश बाजिया की पत्नी संतोष देवी सरपंच रहीं. इसके बाद सात साल तक महेश बाजिया ने स्वयं सरपंच पद की जिम्मेदारी संभाली. इस बार सरपंच पद की सीट सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित थी. ऐसे में उनकी पत्नी संतोष देवी ने चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा.
चुनावी नतीजे से अलग ग्रामीणों ने जताया आभार
चुनाव में संतोष देवी की हार के बाद ग्रामीणों ने महेश बाजिया और उनके परिवार के पूर्व कार्यकाल में किए गए कामों के प्रति आभार जताने के लिए यह सम्मान समारोह आयोजित किया. करीब दो दर्जन ग्राम पंचायतों के सरपंचों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुए इस आयोजन में ग्रामीणों ने दिखाया कि उनके लिए चुनावी जीत से ज्यादा गांव के लिए किया गया काम मायने रखता है.