)
कोरिया जिले के बैकुंठपुर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सलका में आपसी विवाद के दौरान एक युवक की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है. आरोप है कि शराब के नशे में हुए विवाद के बाद साले ने अपने ही जीजा पर हमला कर दिया. मारपीट में गंभीर रूप से घायल जीजा की मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने हत्या के आरोपी साले को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है. मृतक जितेंद्र बसोर था.
मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 8 बजे ग्राम सलका के बसोरपारा निवासी जितेंद्र बसोर और उसके साले सन्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया. आरोप है कि विवाद के दौरान 20 वर्षीय सन्नी ने अपने जीजा जितेंद्र के साथ मारपीट शुरू कर दी. उसने मुक्कों से हमला किया और हाथ में पहने लोहे के कड़े से भी जितेंद्र को चोट पहुंचाई. विवाद शराब के नशे में हुआ बताया जा रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायल जितेंद्र को उपचार के लिए जिला अस्पताल बैकुंठपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने हत्या के आरोप में सन्नी को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और विवाद के कारणों की भी जांच कर रही है. यहीं डॉक्टरों ने उसे मृत बताया.
इधर, घटना के बाद आज सुबह मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण सिटी कोतवाली बैकुंठपुर पहुंचे. उन्होंने घटना में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी की मांग की. परिजनों ने पुलिस से शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग रखी. इस दौरान पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया. पुलिस ने बताया कि हत्या के आरोपी सन्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. फिलहाल मामले में आगे की विवेचना जारी है.