)
कभी मध्य प्रदेश के बच्चे मोमबत्ती में पढ़ते थे और आज मध्य प्रदेश न सिर्फ अपनी ऊर्जा जरूरतें पूरी कर रहा है, बल्कि देश के 18 राज्यों को बिजली सप्लाई कर एक बड़े पावर हब के रूप में उभर चुका है. नीमच के गांधीसागर में होने वाली मोहन सरकार की खास 'डेस्टिनेशन कैबिनेट' बैठक से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने Zee मीडिया से एक्सक्लूसिव बातचीत में प्रदेश के विकास का पूरा रोडमैप शेयर किया. सीएम ने कहा कि आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है और हमारी बिजली से दिल्ली मेट्रो तक दौड़ रही है.
देश की सबसे बड़ी 'गांधीसागर पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना' का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि 12 से 15 साल में पूरा होने वाला यह मेगा प्रोजेक्ट महज ढाई से तीन साल में आकार ले रहा है, जिससे करीब 4000 युवाओं को सीधा रोजगार मिलेगा. आने वाले समय में डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रिक व्हीकल सेक्टर की बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए राज्य सरकार ग्रीन एनर्जी पर तेजी से काम कर रही है. इसके साथ ही, उन्होंने संकेत दिए कि गांधीसागर कैबिनेट बैठक में मालवा क्षेत्र के लिए फूड पार्क, नए उद्योगों और पर्यटन को बढ़ावा देने वाले कई ऐतिहासिक फैसले लिए जाएंगे.
सीएम मोहन यादव ने कहा, 'कई कारणों से इसका बहुत महत्व है. एक तो यह हमारा बिजली उत्पादन का, खासकर ग्रीन एनर्जी का अद्भुत प्रोजेक्ट है, जो देश और दुनिया के सामने एक अपनी स्टोरी लेकर आ रहा है, जो कम समय में बिजली की उत्पत्ति भी कर रहा है और राज्य को समृद्धि के मार्ग पर ले जा रहा है.'
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, 'माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सदैव आग्रह रहता है कि जनता के बीच अगर आप सरकार में हैं, तो आप कम समय में बड़े रिजल्ट दीजिए. जनता को जनता से जुड़े हुए बड़े विषयों को समय के पहले चिंता कर लीजिए. बिजली सरप्लस आज हमारे पास है, लेकिन आने वाले समय में और बिजली की आवश्यकता पड़ेगी. जब इलेक्ट्रिकल व्हीकल और तमाम प्रकार के डाटा सेंटर सेमीकंडक्टर के सेक्टर में हम जा रहे हैं. डीप टेक रिसर्च पार्क बनने वाला है, तो बिजली की खपत जितनी बढ़ेगी उतने बिजली के प्रोडक्ट या उनके उत्पादन के केंद्र बनना चाहिए. उसी तरह से हमने इस पर काम किया.'
सीएम मोहन यादव ने कहा, 'इस परियोजना के बाद से लगभग 4000 लोगों को इसमें काम मिलेगा और लगभग पौने बारह हजार करोड़ का यह एक तरह से इन्वेस्टमेंट है. इसके अलावा भी मान के चलिए कि यहां पर फूड पार्क और इंडस्ट्रियों के बहुत सारे निर्णय हम कैबिनेट में करने वाले हैं. हमारे राज्य में सबसे तेज गति से निवेश हो रहा है पूरे देश में और मुझे इस बात का गर्व है कि हमारे राज्य की सबसे कम बेरोजगारी की दर भी है.
सीएम मोहन यादव ने कहा, 'हमारी बिजली से दिल्ली की मेट्रो चल रही है. 18 राज्यों में बिजली मध्य प्रदेश से जा रही है. हमारे पास की बिजली पूरे देश के लिए ताकत बन रही है. उम्मीद कर रहे हैं कि बिजली के प्रोजेक्टों को भरोसे नहीं हैं. यहां पर टूरिज्म है. फॉरेस्ट है. केज कल्चर से मछली उत्पादन का एक बड़ा सेंटर बन रहा है. आर्कियोलॉजी की दृष्टि से भी बहुत अद्भुत है. चीता प्रोजेक्ट यहां पर है. औषधि पौधों की बड़ी पैमाने पर फसल यहां होती है. कई कारण से यह क्षेत्र वाकई अद्भुत स्थान है. प्राकृतिक सौंदर्य का खजाना है. एक बार सबको बुलाने और यहां ध्यान आकर्षित करने की दृष्टि से कैबिनेट करने हमलोग आए हैं और उम्मीद करेंगे कि इससे लोगों की रुचि बनेगी.'