)
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को पंजाब में बड़े भव्य तरीके से मनाया जा रहा है. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 4 दिसंबर से 6 दिसंबर के बीच खुरालगढ़ में कई धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजित किए जाने की घोषणा की है. मुख्यमंत्री मान ने आज कहा कि उनकी सरकार की ओर से गुरु रविदास जी के ऐतिहासिक 650वां प्रकाश पर्व पर 4 से 6 दिसंबर तक खुरालगढ़ में धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समागमों के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि महान गुरु जी की शाश्वत शिक्षाओं और क्रांतिकारी दर्शन को घर-घर पहुंचाने के लिए इस ऐतिहासिक दिवस को राज्य स्तरीय समागम के रूप में मनाया जाएगा.
पंजाब सरकार आयोजित कर रही कई कार्यक्रम
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश पर्व केवल एक धार्मिक समागम नहीं है, बल्कि समाज को उनके समानता, मानवता और सामाजिक न्याय के दर्शन से फिर से जोड़ने का एक ऐतिहासिक अवसर है. उनके 'बेगमपुरा' के संकल्प ने एक ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां हर व्यक्ति सम्मान, बराबर अधिकारों और अवसरों का आनंद ले सकें. सीएम मान ने कहा कि हमारी सरकार इस ऐतिहासिक अवसर को मनाने के लिए प्रतिबद्ध है.
4 दिसंबर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत
मुख्यमंत्री ने बताया कि 4 दिसंबर को श्री अखंड पाठ साहिब के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी. इसके बाद प्रदर्शनी, संत सम्मेलन, कथा और कीर्तन दरबार, 3-डी प्रोजेक्शन और ड्रोन शो कार्यक्रमों का आयोजन होगा. इनमें गुरु रविदास जी महाराज के जीवन और समाज के लिए उनके कार्यों को दिखाया जाएगा. 5 दिसंबर को विशाल नगर कीर्तन सजाया जाएगा, जिसके बाद गुरु रविदास जी महाराज की बाणी पर विशेष कॉन्फ्रेंस, कथा और कीर्तन दरबार, 3-डी प्रोजेक्शन, ड्रोन शो और अन्य कई गतिविधियां होंगी.
6 दिसंबर को पूरा होगा तीन दिवसीय आयोजन
मुख्यमंत्री ने बताया कि 6 दिसंबर को श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डालने के साथ इन तीन दिवसीय समागमों की संपूर्णता होगी, जिसके बाद बेगमपुरा समागम, कथा और कीर्तन दरबार, 3-डी प्रोजेक्शन और अन्य कार्यक्रम करवाए जाएंगे. मुख्यमंत्री मान ने कहा कि ये समागम गुरु रविदास जी महाराज की अलौकिक आध्यात्मिक शख्सियत और सर्व-साझा शिक्षाओं को दर्शाएंगे. पूरी योजना और व्यापक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे, ताकि दुनिया भर से आने वाली संगत पूरी श्रद्धा और सुविधा के साथ इन ऐतिहासिक समागमों में शामिल हो सके.
3 दिसंबर को खुरालगढ़ पहुचेंगी चार शोभा यात्राएं
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि मुख्य समागम से पहले देश के अलग-अलग हिस्सों से चार शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी, जो 3 दिसंबर को खुरालगढ़ पहुंचेंगी. सीएम ने बताया कि वाराणसी और जम्मू से 30 नवंबर को, बठिंडा से 01 दिसंबर को और फरीदकोट से 02 दिसंबर को शोभा यात्राएं रवाना होंगी. चारों शोभा यात्राएं 03 दिसंबर को खुरालगढ़ साहिब पहुंचेंगी. मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर देते हुए कि ये यादगारी समागम केवल खुरालगढ़ तक ही सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि राज्य सरकार ने श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए पहले ही साल भर चलने वाली गतिविधियों की व्यापक श्रृंखला शुरू की हुई है.
युवाओं को गुरु रविदास के जीवन से जोड़ने की कोशिश
उन्होंने बताया कि साल भर चलने वाले इन यादगारी समागमों के हिस्से के रूप में सेमिनार, वर्कशॉप, विशेष कीर्तन समागम, स्कूल स्तरीय मुकाबले, 13,000 गांवों में डॉक्यूमेंट्री फिल्मों की स्क्रीनिंग, 90 विधानसभा हलकों में ड्रोन शो, मैराथन, रक्तदान कैंप और पौधे लगाने के अभियान चलाए गए हैं. इसका मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को गुरु रविदास जी महाराज के असाधारण योगदान और क्रांतिकारी विचारों को बताने का रहा. मुख्यमंत्री मान ने कहा कि गुरु रविदास जी महाराज द्वारा दिया गया 'बेगमपुरा' का दर्शन समानता, स्वाभिमान, भाईचारे और हर तरह के भेदभाव से मुक्त समाज की शाश्वत सोच पेश करता है.
गुरु रविदास ने समाज के लिए कई काम किए- CM मान
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी महाराज ने मानवता को एक ऐसे समाज के लिए क्रांतिकारी मार्ग दिखाया जहां जाति, नस्ल या सामाजिक रुतबे के भेदभाव के बिना हर व्यक्ति को बराबर अधिकार, सम्मान और अवसर प्राप्त हों. उनकी शिक्षाएं आज के दौर में भी अत्यंत प्रासंगिक हैं. महान गुरु जी को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके दर्शन को अपने जीवन में धारण करें और एक समानता वाले समाज के निर्माण के लिए मिलकर काम करें. हमारी सरकार गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को एक ऐतिहासिक और यादगारी अवसर बनाने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगी.