)
क्या आपने कभी सोचा है कि आपकी जेब में रखा एक रुपये का सिक्का लाखों रुपये की कीमत पा सकता है? बीकानेर में आयोजित मुद्रा महोत्सव में कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जहां पुराने सिक्कों और नोटों की कीमत सुनकर हर कोई हैरान रह गया ब्रिटिश हुकूमत के दौर का एक रुपये का चांदी का सिक्का 3 लाख रुपये में बिका, तो वहीं आजाद भारत के कुछ खास सिक्कों और पुराने नोटों ने भी लोगों का ध्यान खींचा.
बीकानेर के गंगाशहर रोड स्थित अग्रसेन भवन में तीन दिवसीय बीकाणा मुद्रा महोत्सव का आयोजन किया गया. इस महोत्सव में देश के अलग-अलग शहरों से बड़ी संख्या में मुद्रा संग्रहकर्ता पहुंचे, जहां मुगलकालीन दौर से लेकर रियासतकाल और आजाद भारत तक के दुर्लभ सिक्कों और पुराने नोटों का संग्रह देखने को मिला. यहां अलग-अलग दौर की मुद्राओं ने न केवल इतिहास की झलक दिखाई. बल्कि उनकी कीमतों ने भी लोगों को हैरान कर दिया.
बीकानेर के मुद्रा महोत्सव में इस बार पुराने सिक्कों और नोटों की कीमतों ने खासा आकर्षण पैदा किया. सबसे ज्यादा चर्चा ब्रिटिश हुकूमत के समय जारी हुए एक रुपये के चांदी के सिक्के की रही, जो 3 लाख रुपये में बिका इस सिक्के पर भारत में ब्रिटिश शासन के अंतिम सम्राट जॉर्ज षष्ठम की तस्वीर अंकित है. सिक्के का कुल वजन एक तोला यानी 11.66 ग्राम है और इसमें 9.6 प्रतिशत चांदी बताई गई है.
आजाद भारत के पुराने सिक्कों की भी भारी मांग
वहीं, आजाद भारत के दौर के सिक्के भी कलेक्टरों की पसंद बने साल 1982 में जारी एक रुपये का सिक्का निकल धातु से बना है और इसका वजन 6 ग्राम है. एक और खास सिक्का रहा साल 2007 में बना 5 रुपये का स्टील का सिक्का. इसका वजन भी 6 ग्राम है इस सिक्के पर बना क्रॉस का निशान 'विविधता में एकता' की थीम पर आधारित डिजाइन है. मुद्रा महोत्सव में इस सिक्के की कीमत 2500 रुपये तक पहुंची.
10 रुपये का नोट 20 हजार में बिका, 100 रुपये के नोट को मिले 5100 रुपये
पुराने नोटों की बात करें तो यहां 10 रुपये का एक नोट 20 हजार रुपये में बिका, जबकि 100 रुपये के एक नोट को 5100 रुपये की कीमत मिली यानी जिन नोटों और सिक्कों को कभी सामान्य लेन-देन का हिस्सा समझा जाता था, आज वही संग्रहकर्ताओं के लिए बेशकीमती बन रहे हैं.
पुराने सिक्कों और नोटों में छिपा इतिहास
मुद्रा महोत्सव में सामने आई ये कीमतें बताती हैं कि पुराने नोट और सिक्के सिर्फ मुद्रा नहीं, बल्कि अपने दौर के इतिहास और विरासत को भी संजोए हुए हैं. यही वजह है कि इनके संग्रह का शौक रखने वाले लोग इन्हें हासिल करने के लिए लाखों रुपये तक खर्च करने को तैयार हैं.