भरतपुर में बड़ा सड़क हादसा: बांध के पानी में पलटी सवारियों से भरी बस, मां की गोद में 9 माह की बच्ची की मौत
भरतपुर के बांध बारैठा के पास बयाना-बसेड़ी स्टेट हाईवे पर निजी बस पानी में पलट गई. हादसे में 9 माह की बच्ची की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन यात्री घायल हुए. प्रशासन ने क्रेन से बस को बाहर निकलवाया.
बयाना-बसेड़ी स्टेट हाईवे पर मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. गढ़ी बाजना थाना क्षेत्र में बांध बारैठा के पास सवारियों से भरी एक निजी बस अनियंत्रित होकर बांध के पानी में पलट गई. हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. दुर्घटना में मां की गोद में बैठी 9 माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए.
जानकारी के अनुसार निजी बस धौलपुर जिले के बसेड़ी से सवारियां लेकर बयाना आ रही थी. मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे बांध बारैठा के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई और पानी में पलट गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए आसपास से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय लोगों ने मोर्चा संभाला. इसी दौरान वहां से गुजर रहे भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र बुढ़वार ने प्रशासन को हादसे की सूचना दी.
मां की गोद में बैठी मासूम ने तोड़ा दम
हादसे में नगला कहार निवासी सुनीता पत्नी योगेंद्र सिंह की 9 माह की बेटी पूर्वी की मौत हो गई. सुनीता अपनी मासूम बेटी को गोद में लेकर बस में सफर कर रही थी. हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं सुनीता भी हादसे के दौरान बस में मौजूद थी. मासूम की मौत की खबर से घटनास्थल पर मौजूद लोगों में शोक छा गया.
यह भी पढ़ें- झालावाड़ में दर्दनाक हादसा: चाची के सामने ही भतीजे को बाइक से घसीटकर मार डाला, चीख उठे परिजन
प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे, क्रेन से बस को निकाला बाहर
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम अलका श्रीवास्तव, बयाना सीओ देवेंद्र जाखड़ और गढ़ी बाजना थाना अधिकारी श्यामलाल मीणा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने मिलकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास किया. वहीं क्रेन बुलाकर पानी में पलटी बस को बाहर निकलवाया गया.
हादसे में घायल सात यात्रियों को बयाना के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि कुछ घायलों को घटनास्थल से ही सीधे जिला अस्पताल भिजवाया गया. बयाना, रुदावल और गढ़ी बाजना से 108 एंबुलेंस भी मौके पर पहुंचीं.
इन यात्रियों के घायल होने की जानकारी
हादसे में जैसोरा निवासी रीना, धौलपुर जिले के कुदन्ना शाहपुर निवासी सुशीला, उनके पति रामबरन और पुत्र धर्मेंद्र, बसेड़ी के खाखोर निवासी गुड्डी तथा सिंघरावली निवासी कमलेश के घायल होने की जानकारी सामने आई है.
हादसे के बाद बांध बारैठा के पास बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई. पुलिस और प्रशासन की टीमें देर तक राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.