App

2 दिन पहले गूंजी किलकारी, घर पहुंचने से पहले उजड़ गया परिवार! मां-पिता और नवजात की मौत

Rajasthan News: बाड़मेर के हाथमा गांव के पास स्विफ्ट कार और ट्रैक्टर की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसे में पति-पत्नी और उनके दो दिन के नवजात बेटे की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए. अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद परिवार गांव लौट रहा था.

2 दिन पहले गूंजी किलकारी, घर पहुंचने से पहले उजड़ गया परिवार! मां-पिता और नवजात की मौत
Image Credit: Barmer News (Zee Media)

Barmer News: बाड़मेर जिले में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी और उनके दो दिन के नवजात बेटे की मौत हो गई. रामसर थाना क्षेत्र के हाथमा गांव के पास स्विफ्ट कार और ट्रैक्टर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में कार सवार तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और उसमें बैठे लोग अंदर फंस गए. हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है.

अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद गांव जा रहा था परिवार
रामसर थानाधिकारी विक्रमदान चारण के अनुसार, हादसे में बालेवा निवासी हिंगलाजराम पुत्र लीलाराम और उनकी पत्नी तुलसी की मौत हो गई. दंपती के दो दिन पहले जन्मे नवजात बेटे ने भी हादसे में दम तोड़ दिया. परिवार के लिए यह समय खुशियों का था, लेकिन सड़क हादसे ने सब कुछ बदल दिया.

जानकारी के मुताबिक, तुलसी की दो दिन पहले बाड़मेर जिला अस्पताल में डिलीवरी हुई थी. मंगलवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद हिंगलाजराम अपनी पत्नी और नवजात बेटे को लेकर गांव बालेवा जा रहे थे. कार को ड्राइवर महावीरदान पुत्र सुमेरदान चला रहे थे. उनके साथ हिंगलाजराम की दो बहनें गुड्डी पत्नी पूराराम निवासी तुड़बी और शायरी पत्नी देवाराम निवासी मोड़ा भी कार में सवार थीं.

हाथमा गांव के पास ट्रैक्टर से भिड़ी कार
दोपहर करीब 3:30 बजे हाथमा गांव के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर और स्विफ्ट कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

राहगीरों ने गेट तोड़कर निकाले घायल
हादसे के बाद वहां से गुजर रहे लोग मदद के लिए पहुंचे. कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. गेट तोड़कर घायलों को बाहर निकाला गया. इसके बाद उन्हें निजी गाड़ियों और 108 एंबुलेंस की मदद से बाड़मेर जिला अस्पताल पहुंचाया गया. घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

परिवार की खुशियां मातम में बदलीं
परिजनों के मुताबिक, घर में नवजात के जन्म के बाद खुशी का माहौल था. मंगलवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद परिवार बच्चे और तुलसी को लेकर घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने तीन लोगों की जान ले ली. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और इलाके में शोक छा गया. हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों से जुड़ी जानकारी जुटाई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Reporter - Durag Singh Rajpurohit

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

SAGAR CHAUDHARY

SAGAR CHAUDHARY

सागर चौधरी, अप्रैल 2024 से वे ज़ी न्यूज़ संस्थान का हिस्सा हैं और अपनी मेहनत व काम करने की क्षमता से लगातार टीम में योगदान दे रहे हैं.सागर चौधरी का संबंध हरियाणा के फरीदाबाद से है, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री हासिल की और मीडिया क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की.
Read More