App

शोक सभा में मची चीख-पुकार: गैस सिलेंडर में रिसाव से टेंट में लगी आग, 25 से ज्यादा लोग झुलसे

कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर स्थित रसनाली गांव की बाढ़ मिलकपुर ढाणी में शोक सभा के दौरान गैस सिलेंडर में रिसाव से टेंट में भीषण आग लग गई. हादसे में दो दर्जन से अधिक महिला-पुरुष झुलस गए. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से 9 गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है.

शोक सभा में मची चीख-पुकार: गैस सिलेंडर में रिसाव से टेंट में लगी आग, 25 से ज्यादा लोग झुलसे
Image Credit: शोक सभा में बैठे महिला और पुरुष झूलसे

राजस्थान के बानसूर(कोटपूतली-बहरोड़) उपखंड क्षेत्र के रसनाली गांव स्थित बाढ़ मिलकपुर ढाणी में एक शोक सभा के दौरान बड़ा हादसा हो गया. इस दौरान घरेलू गैस सिलेंडर में रिसाव के कारण लगी भीषण आग से टेंट में बैठे दो दर्जन से अधिक महिला और पुरुष झुलस गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

शोक सभा के दौरान गैस सिलेंडर से हुआ रिसाव, हीटर से भड़की आग 
जानकारी के अनुसार, बाढ़ मिलकपुर ढाणी में एक परिवार में शोक सभा का आयोजन चल रहा था, जिसके लिए टेंट लगाया गया था. इसी दौरान पास में रखे एक घरेलू गैस सिलेंडर से अचानक गैस का रिसाव होने लगा. वहीं, सिलेंडर के नजदीक ही एक इलेक्ट्रिक हीटर चल रहा था, जिसने लीक हो रही गैस के संपर्क में आते ही आग पकड़ ली.

पूरे टेंट में फैली आग, दो दर्जन से अधिक लोग झुलसे
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे टेंट को अपनी चपेट में ले लिया. टेंट के नीचे बैठे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और करीब दो दर्जन से अधिक ग्रामीण आग की चपेट में आकर झुलस गए.

ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता, निजी वाहनों और एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाए घायल
इस घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए निजी वाहनों और एम्बुलेंस की सहायता से सभी घायलों को बानसूर के राजकीय उपजिला अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश झुलसे हुए लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें कोटपूतली जिला अस्पताल रेफर कर दिया. वहीं, कोटपूतली जिला अस्पताल से भी 9 अति-गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है.

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस-प्रशासन के अधिकारी 
इस हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के उपचार की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है. 

इधर, कोटा जिले के रामगंजमंडी शहर में शुक्रवार देर रात अग्निशमन विभाग परिसर में रखे कबाड़ में अचानक आग लग गई. सूचना पर दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. गनीमत रही कि आग की चपेट में पास खड़े नगर पालिका के कचरा संग्रहण वाहन और नजदीकी सब्जी मंडी आने से बच गए. घटना के बाद नगर पालिका की कचरा प्रबंधन व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. कचरा संग्रहण के बाद वाहनों को समय पर खाली नहीं करने से ऐसी घटनाओं का खतरा बना रहता है. समय रहते आग पर काबू पाने से बड़ा हादसा टल गया.

Report- Amit Yadav 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee Rajasthan Web Team

Zee Rajasthan Web Team

राजस्थान की सबसे भरोसेमंद और तेज़ डिजिटल न्यूज़ डेस्क. प्रामाणिक खबरें, राजनीतिक हलचल, लोकल अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज़ और हर ज़िले की हर बड़ी गतिविधि सबसे पहले और सटीक अंदाज़ में. जुड़े रहिए हमारे साथ—सच बेबाक, राजस्थान तक
Read More