App

आंखें नम कर देगी संतोष बाई की मजबूरी ! ड्यूटी पर जाने से पहले अंधी सास के पैरों में क्यों डालनी पड़ती है जंजीर ?

बारां के हरनावदाशाहजी की 58 वर्षीय संतोष बाई की कहानी किसी का भी दिल पसीज देगी. 17 साल पहले पति को खोने के बाद वो सफाई कर्मचारी का काम कर अपनी नेत्रहीन सास और लाचार मां की अकेले सेवा कर रही हैं. ड्यूटी पर जाते समय सास कहीं भटक न जाएं, इसलिए उन्हें मजबूरी में उनके पैरों में जंजीर लगानी पड़ती है.

आंखें नम कर देगी संतोष बाई की मजबूरी ! ड्यूटी पर जाने से पहले अंधी सास के पैरों में क्यों डालनी पड़ती है जंजीर ?
Image Credit: baran santosh bai struggle story

किसी बुजुर्ग के पैरों में जंजीर देखना पहली नजर में क्रूर लग सकता है, लेकिन जब आप इसके पीछे की बेबसी जानेंगे, तो आपकी आंखें नम हो जाएंगी. ये कहानी राजस्थान के बारां जिले के हरनावदाशाहजी की हरिजन बस्ती में रहने वाली 58 वर्षीय संतोष बाई की है. उनकी जिंदगी संघर्ष, सेवा और मजबूरी की एक ऐसी मिसाल है, जिसे सुनकर हर कोई सलाम करता है.

17 साल पहले छूटा सुहाग, अब दो बुजुर्गों की अकेली लाठी
संतोष बाई के जीवन में दुखों का पहाड़ 17 साल पहले टूटा, जब एक बीमारी ने उनके पति को उनसे छीन लिया. इसके बाद उन पर दो लाचार बुजुर्ग महिलाओं की जिम्मेदारी आ गई. उनकी सास पूरी तरह नेत्रहीन हैं और अपनी मां चलने-फिरने में बिल्कुल असमर्थ हैं. संतोष का कोई भाई-बहन नहीं है, इसलिए वह अपनी मां को भी पीहर (चाचेरनी गांव) से ससुराल ले आईं. तब से वो दोनों बुजुर्गों की इकलौती सहारा हैं.

17 साल पहले छूटा सुहाग, अब दो बुजुर्गों की अकेली लाठी

सूरज उगने से पहले शुरू होती है जिंदगी की जंग
संतोष का दिन सूरज निकलने से पहले ही शुरू हो जाता है. वो अकेले ही अपनी मां और सास को शौच कराने, नहलाने-धुलाने और अपने हाथों से खाना खिलाने का काम करती हैं. घर की इस बड़ी जिम्मेदारी को निभाने के बाद वो ग्राम पंचायत में सफाई कर्मचारी के रूप में अपनी ड्यूटी पर निकल जाती हैं.

आखिर क्यों लगानी पड़ती है सास के पैरों में जंजीर ?
इस कहानी का सबसे दर्दनाक पहलू उनकी मजबूरी है. संतोष के तीनों बच्चे रोजी-रोटी के लिए बाहर मजदूरी करते हैं. घर में कोई और नहीं होने के कारण उनकी नेत्रहीन सास कई बार बाहर निकलकर रास्ता भटक जाती हैं. किसी अनहोनी के डर से संतोष को हर रोज ड्यूटी पर जाते समय पत्थर दिल करके अपनी सास के पैरों में जंजीर से ताला लगाना पड़ता है. यह कोई सजा नहीं, बल्कि एक बेबस बहू की तरफ से अपनी सास की सुरक्षा का आखिरी रास्ता है.

10-15 मां का भी संतोषी बाई ही रख रही ध्यान

झोपड़ी जैसा घर, फिर भी नहीं मानी हार
आर्थिक तंगी का आलम ये है कि उनका आधा मकान आज भी झोपड़ीनुमा है. इंदिरा आवास से बने एक-दो पक्के कमरों में ही पूरा परिवार गुजर-बसर करता है. राशन में सिर्फ अपने हिस्से का गेहूं मिलता है और पेंशन से थोड़ा सहारा मिल जाता है. इतने कठिन हालातों के बावजूद संतोष बाई ने कभी हार नहीं मानी और आज भी पूरी निष्ठा से दोनों बुजुर्गों की सेवा कर रही हैं. संतोष बाई बताती हैं कि पति के गुजरने को 15 साल से ज्यादा हो गए हैं, तीन बच्चे हैं, लेकिन गांव में कोई काम न होने की वजह से सभी बाहर मजदूरी करने को मजबूर हैं. घर में अब वे, उनकी 65 वर्षीय सास भगवती बाई और करीब 65-70 साल की मां ही रहती हैं

baran santosh bai struggle story
Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ram Mehta

Ram Mehta

ढाई दशकों से अधिक के अनुभव वाले वरिष्ठ पत्रकार राम मेहता जमीनी और तथ्यपरक पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं. वर्ष 2000 में राजस्थान पत्रिका से पत्रकारिता की शुरुआत करने के बाद उन्होंने जन टीवी, समाचार प्लस, आजतक, इंडिया टीवी, एबीपी न्यूज़ सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. वर्तमान में वर्ष 2014 से ज़ी मीडिया कॉरपोरेशन लिमिटेड के ज़ी राजस्थान न्यूज़ में बारां जिले की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. राजनीति, शासन-प्रशासन और आदिवासी समाज के जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ है. जमीनी पत्रकारिता, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और समसामयिक विषयों की गहरी समझ उनकी पेशेवर पहचान का प्रमुख आधार है.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो