)
कभी बेटों की बिंदौरी और घोड़ी पर चढ़ने की परंपरा तक सीमित रही शादियों की रस्में अब बेटियों के लिए भी सम्मान और गौरव का प्रतीक बन रही हैं. शेखावाटी में शादी के सीजन के साथ बेटियों को घोड़ी पर बैठाकर बिंदौरी निकालने का सिलसिला फिर शुरू हुआ है.
झुंझुनूं के सुलताना कस्बे की दानजी की ढाणी में सुरेश सैनी ने अपनी बेटी अंकिता की बिंदौरी घोड़ी पर बैठाकर निकाली. इस दौरान परिवार ने न सिर्फ शादी की खुशियां मनाईं, बल्कि बेटा-बेटी समानता का संदेश भी दिया.
डीजे की धुन पर झूमीं अंकिता, परिवार ने जमकर मनाया जश्न
डीजे की धुन पर परिवार के सदस्य जमकर थिरके. घोड़ी पर बैठी अंकिता भी खुशी से झूम उठी और ठुमके लगाए. बेटी को इस तरह सम्मान मिलता देख परिवार के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई. अंकिता के लिए यह पल सिर्फ शादी की रस्म नहीं, बल्कि परिवार के भरोसे और प्यार का प्रतीक बन गया.
बेटी के सपनों को हमेशा दिया साथ
अंकिता ने कहा कि बचपन से ही परिवार ने उसके सपनों को पूरा करने में साथ दिया है. आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए बराबरी का अवसर मिलना चाहिए. पिता सुरेश सैनी ने कहा कि समाज में बेटा-बेटी के बीच भेदभाव खत्म होना चाहिए. शिक्षित समाज में दोनों समान हैं.
बेटा-बेटी में भेदभाव खत्म होना चाहिए
बेटी की घोड़ी पर बिंदौरी निकालना इसी सोच को व्यवहार में उतारने का प्रयास है. शादी की खुशियों के बीच अंकिता की बिंदौरी ने यह संदेश दिया कि परंपराएं बदलते समाज के साथ नया रूप ले सकती हैं और जब बेटियों को बराबरी का सम्मान मिलता है, तो खुशियां भी दोगुनी हो जाती हैं.
बदल रही हैं राजस्थान की परंपराएं, अब बेटियों की भी निकलने लगी बिंदौरी
बता दें कि राजस्थान में बिंदौरी एक पारंपरिक शादी की रस्म है, जिसमें दूल्हे को घोड़ी पर बैठाकर या कभी-कभी सजे हुए वाहन पर बिठाकर गांव या मोहल्ले में जुलूस निकाला जाता है. हालांकि अब बेटों की तरह बेटियों की भी बिंदौरी निकाली जाती है. इस दौरान परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और ग्रामीण ढोल-नगाड़ों तथा डीजे की धुन पर नाचते-गाते हैं. इसे शादी के उत्सव और सामाजिक खुशी का प्रतीक माना जाता है.