)
सलमान खान ने अपनी फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' और श्रद्धा कपूर की फिल्म 'ईठा' के बीच बॉक्स-ऑफिस पर होने वाले क्लैश के बारे में बात की है. ये दोनों फिल्में 4 दिसंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली हैं. सुपरस्टार ने बताया कि जब उनकी फिल्म की रिलीज की घोषणा हुई थी, तब उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि उसी डेट को श्रद्धा की फिल्म भी रिलीज हो रही है.
इस क्लैश को लेकर बुरा महसूस करते हुए सलमान ने बताया कि उन्होंने खुद श्रद्धा को फोन करके माफी मांगी. उन्होंने श्रद्धा के रिएक्शन का भी जिक्र किया और उनकी फिल्म के लिए अपना समर्थन जताते हुए दर्शकों से इसे देखने की अपील की.
हाल ही में एबीपी न्यूज के साथ बातचीत में सलमान खान ने इस बारे में बात की. बता दन कि भाईजान इन दिनों अपनी फिल्म 'मातृभूमि' के प्रमोशन में बिजी हैं. बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि अगर उन्हें श्रद्धा की फिल्म के बारे में पता होता, तो वे 4 दिसंबर को अपनी फिल्म रिलीज करने से बच सकते थे.
उन्होंने कहा, 'जब हमने 4 दिसंबर की तारीख का ऐलान हुआ, तब मुझे नहीं पता था कि उसी दिन श्रद्धा की फिल्म भी आ रही है. मुझे इस बात का बहुत बुरा लग रहा है. अगर मुझे पता होता, तो मैं श्रद्धा की फिल्म के साथ अपनी फिल्म रिलीज नहीं करता.'
सलमान ने आगे बताया कि उन्होंने खुद उस एक्ट्रेस से कांटेक्ट किया. एक्टर ने कहा, 'मैंने उससे बात की. मैंने उसे फोन किया. असल में मैंने उन्हें बड़े होते देखा है. मैंने उससे कहा, 'मुझे सच में बहुत अफसोस है, मुझे पता नहीं था.' उन्होंने यह भी बताया कि रिलीज की डेट क्लैश के लिए माफी मांगने पर श्रद्धा ने क्या जवाब दिया.
अपनी बातचीत को याद करते हुए उन्होंने बताया कि एक्ट्रेस ने उन्हें भरोसा दिलाया कि बॉक्स ऑफिस पर दोनों फिल्मों के लिए जगह है. श्रद्धा ने उनसे कहा, 'नहीं, नहीं सर. हमारी दोनों फिल्मों के लिए काफी जगह है,' जिस पर सलमान ने जवाब दिया, 'बहुत बढ़िया, मुझे खुशी है.' अभिनेता ने एक कदम और आगे बढ़कर दर्शकों को 'ईठा' देखने के लिए प्रोत्साहित किया और कहा, 'मुझे लगता है कि हर किसी को जाकर वह फिल्म देखनी चाहिए.'
उन्होंने स्टेज से श्रद्धा के प्रोजेक्ट का समर्थन भी किया और दर्शकों से भी ऐसा करने के लिए कहा. बता दें कि 'सलमान की मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' एक वॉर ड्रामा है, जिसका निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है और इसे सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले सलमा खान ने प्रोड्यूस किया है. इस फिल्म में चित्रांगदा सिंह भी एक अहम भूमिका में हैं.
दूसरी ओर लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी बायोपिक ड्रामा 'ईठा' में श्रद्धा कपूर मुख्य भूमिका में हैं. यह फिल्म मशहूर लावनी और तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित है, जिन्होंने महाराष्ट्र की लोक कला परंपरा में अपना एक खास नाम बनाया था. फिल्म में रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब और सिद्धार्थ जाधव भी शामिल हैं.