)
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत दो दिवसीय प्रवास के बाद आज सर्किट हाउस से जयपुर के लिए रवाना हुए रवाना होने से पूर्व उन्होंने सर्किट हाउस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के बाद कहा कि राजस्थान प्रदेश अपनी सांस्कृतिक विविधता, आपसी भाईचारे, प्रेम और मोहब्बत के लिए जाना जाता है.
दीपावली के शुभ अवसर पर प्रदेश के राजनीतिक माहौल, लोकतंत्र की स्थिति और हालिया चुनावों को लेकर एक वरिष्ठ नेता ने गंभीर चिंताएं व्यक्त की हैं. उन्होंने कहा कि राजस्थान में सभी जातियों और वर्गों के लोग पार्टी लाइनों से ऊपर उठकर आपसी सौहार्द के साथ रहते हैं, और यही हमारी असली ताकत है.
नगर निकाय और पंचायत चुनावों में पुलिस के दुरुपयोग का आरोप
नेता ने हालिया नगर निगम, नगरपालिका, नगर परिषद और पंचायत चुनावों में प्रशासनिक मशीनरी और पुलिस के दुरुपयोग पर तीखा हमला बोला. उन्होंने परिसीमन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि इन चुनावों में जिस तरह की बेईमानी और लोकतंत्र की हत्या की गई, वैसी ही स्थितियां देश के अन्य हिस्सों में भी देखने को मिली हैं.
उन्होंने चेताया कि यदि देश में लोकतंत्र और जमूरियत को बचाना है, तो प्रदेशवासियों और देशवासियों को आगे आकर सोचना होगा कि कौन सही है और कौन गलत? गलत के खिलाफ आवाज नहीं उठाने पर आने वाली पीढ़ियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा.
परिसीमन और महिला आरक्षण पर राहुल गांधी की मांग का समर्थन
संसद द्वारा महिलाओं के आरक्षण का कानून बन जाने पर खुशी जताते हुए उन्होंने मांग की कि इसे जल्द से जल्द लागू किया जाए. साथ ही, उन्होंने राहुल गांधी की इस चिंता का समर्थन किया कि परिसीमन को लेकर चलने वाले मूव्स बहुत खतरनाक साबित हो सकते हैं.
उन्होंने अंदेशा जताया कि यदि निष्पक्ष लोकतांत्रिक प्रक्रिया खत्म हुई, तो देश की स्थिति चीन, रूस और नॉर्थ कोरिया जैसी हो जाएगी, जहां सत्ताधारी पक्ष और विपक्ष दोनों पर एक ही नियंत्रण होता है. बंगाल का उदाहरण देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि किस प्रकार विपक्षी विधायकों को तोड़कर पक्ष और विपक्ष दोनों पर नियंत्रण स्थापित करने के खतरनाक खेल खेले जा रहे हैं.