)
न्यूजीलैंड दौरे पर इंडिया ए टीम ने अपने आखिरी मुकाबले में स्थिति मजबूत कर ली है. उसने मैच के दूसरे दिन पहली पारी में 428 रन की बढ़त हासिल कर ली है. तीसरे अनऑफिशियल टेस्ट मैच में भारत ने पहली पारी को 464/5 के स्कोर पर घोषित कर दी. इसके बाद स्टंप से पहले उसने कीवी टीम के दो विकेट भी झटक लिए. न्यूजीलैंड ए का स्कोर दूसरे दिन स्टंप तक पहली पारी में 36/2 है. चोट के बाद वापसी करने वाले प्रसिद्ध कृष्णा ने दोनों विकेट अपने नाम किए.
न्यूजीलैंड ए के ओपनर राइस मारिउ खाता खोले बगैर आउट हो गए. उन्हें प्रसिद्ध ने चौथे ओवर की पहली गेंद पर क्लीन बोल्ड कर दिया. मारिउ के बाद दूसरे ओपनर कर्टिस हीफी 35 गेंद पर 19 रन बनाकर आउट हुए. उन्हें प्रसिद्ध ने एलबीडब्ल्यू कर दिया. स्टंप के समय डीन फॉक्सक्रॉफ्ट 10 और जैक गिब्सन एक रन बनाकर नाबाद रहे. इंडिया ए के लिए जसप्रीत बुमराह ने छह ओवर में 11 रन दिए. वह विकेट नहीं ले पाए. मुकेश चौधरी और मुकेश कुमार भी विकेट अपने नाम नहीं कर पाए.
यशस्वी जायसवाल के लगातार दो शतक
इससे पहले इंडिया के लिए यशस्वी जायसवाल ने शानदार शतक लगाया. उनके अलावा कप्तान ध्रुव जुरेल, तिलक वर्मा और वॉशिंगटन सुंदर ने अर्धशतकीय पारी खेली. बारिश के कारण पहले दिन का खेल काफी बर्बाद हआ था. इंडिया ए ने दो विकेट पर 227 रन बनाए थे. इसमें यशस्वी का लगातार दूसरा शतक शामिल था. उन्होंने पिछले मैच में नाबाद 155 रन बनाए थे और इस बार उन्होंने 102 रन बनाए.
इन तीन बल्लेबाजों ने भी मचाया धमाल
यशस्वी के साथ ओपनिंग करने वाले साई सुदर्शन ने 88 रन बनाए. वह आमतौर पर तीसरे क्रम पर खेलते हैं, लेकिन इस पारी में ओपनिंग करने उतरे. तीसरे नंबर पर बैटिंग करने वाले देवदत्त पडिक्कल ने 15 रन बनाए. कप्तान जुरेल ने नौ चौके और दो छक्कों की मदद से 71 रन बनाए थे. तिलक वर्मा 81 रन बनाकर नाबाद रहे. रवींद्र जडेजा ने 25 रन का योगदान दिया और वॉशिंगटन सुंदर ने नाबाद 50 रन बनाए.