पटाखों से अंगारों का खेल, बिजयनगर के मुख्य बाजारों में युवाओं ने खेली खतरनाक होली, पुलिस की बैरिकेडिंग FAIL
ब्यावर जिले के बिजयनगर में गोवर्धन पूजा के दिन युवाओं ने अंगारों की होली खेली. शहर के मुख्य बाजारों और गलियों में अलग-अलग गुटों ने एक-दूसरे पर जलते पटाखे फेंके. पुलिस-प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर रोकने की कोशिश की, लेकिन युवा नहीं माने.
ब्यावर जिले के बिजयनगर में दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजा के मौके पर अंगारों की होली खेली गई. जहां देशभर में लोग दीपावली और गोवर्धन पूजा का त्योहार मिठाइयां बांटकर और खुशियां मनाकर मना रहे हैं, वहीं बिजयनगर में इस त्योहार का अलग ही रूप देखने को मिला. यहां युवाओं के अलग-अलग गुटों ने एक-दूसरे पर जलते पटाखे फेंके. इस दौरान आतिशबाजी का खतरनाक मुकाबला देखने को मिला.
शहर के मुख्य बाजारों और गलियों में आमने-सामने से पटाखे फेंककर अंगारों की होली खेली गई. इस परंपरा को लेकर लोगों की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि इस खेल में महिला, पुरुष और बच्चों के झुलसने का खतरा बना रहता है.
मुख्य बाजारों और गलियों में खेली गई अंगारों की होली
बिजयनगर में सोमवार को गोवर्धन पूजा के दिन शहर के कई इलाकों में अंगारों की होली खेली गई. स्थानक गली, बापू बाजार, शीतला माता गली और सब्जी मंडी सहित कई जगह युवा अलग-अलग गुटों में बंट गए. इसके बाद दोनों ओर से एक-दूसरे पर पटाखे छोड़े गए. जलते पटाखों और अंगारों के बीच यह सिलसिला चलता रहा. इस खेल में लोग आमने-सामने खड़े होकर एक-दूसरे पर पटाखे फेंकते हैं. ऐसे में किसी के झुलसने के साथ आग लगने और नुकसान होने का खतरा भी रहता है.
ये भी पढ़ें- गोवर्धन पूजा पर रंग-बिरंगी कतरनों और मोर पंख से सजाकर दौड़ाई गायें, सफेद गाय को मिला पहला स्थान
परंपरा के नाम पर जलते पटाखे फेंकने पर सवाल
अंगारों की होली के दौरान जलते पटाखे एक-दूसरे पर फेंकना लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है. इस खेल में महिला, पुरुष और बच्चों के झुलसने की घटनाएं आम बताई जाती हैं. आग लगने की स्थिति में भी बड़ा नुकसान होने की आशंका रहती है. त्योहार के नाम पर किसी दूसरे व्यक्ति पर जलते पटाखे फेंकना कितना उचित है, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं. परंपरा की आड़ में मुख्य बाजारों और गली-मोहल्लों में इस तरह की आतिशबाजी लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है.
पुलिस-प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर रोकने की कोशिश की
अंगारों की होली को रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन ने पहले से तैयारी की थी. शहर के मुख्य बाजारों और गलियों में बैरिकेड लगाए गए थे. थानाधिकारी राजवीर सिंह अतिरिक्त पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर मौजूद रहे. पुलिस की गाड़ियां भी लगातार शहर में घूमती रहीं और युवाओं को रोकने का प्रयास किया गया. इसके बावजूद कई जगह युवाओं ने एक-दूसरे पर पटाखे फेंककर अंगारों की होली खेली. पुलिस और प्रशासन की कोशिशों के बाद भी यह परंपरा जारी रही.