SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

अलवर में रोडवेज बस का कहर: स्कूटी सवार सरकारी अध्यापिका की मौत, लोगों ने जयपुर रोड किया जाम

अलवर के जयपुर रोड पर भाखेड़ा के पास राजस्थान रोडवेज बस की टक्कर से स्कूटी सवार सरकारी अध्यापिका अंबाला सोनी की मौके पर मौत हो गई. हादसा बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे हुआ, जब वह स्कूल के सामुदायिक भवन वाले हिस्से से बाहर निकल रही थीं. घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन कर जाम लगा दिया.

Written By Zee Rajasthan Web Team
Published: Oct 21, 2026, 05:10 PM IST | Updated: Oct 21, 2026, 05:15 PM IST
Image Credit: स्कूल से निकलते ही रोडवेज बस ने मारी टक्कर
Join

अलवर शहर के जयपुर रोड पर भाखेड़ा के पास बुधवार को राजस्थान रोडवेज की बस की टक्कर से स्कूटी सवार सरकारी अध्यापिका अंबाला सोनी की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया, जिससे जयपुर रोड पर यातायात प्रभावित हुआ.

जानकारी के अनुसार, अंबाला सोनी भाखेड़ा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में अध्यापिका के पद पर कार्यरत थीं. बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे वह स्कूटी से स्कूल के एक हिस्से, जो सामुदायिक भवन में संचालित होता है, से बाहर निकल रही थीं. इसी दौरान जयपुर से अलवर की ओर आ रही राजस्थान रोडवेज के मत्स्य नगर डिपो की बस ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि अध्यापिका की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

यह भी पढ़ेंः 'दोनों दोस्तों की सांसें थम गईं': भेहणा मोड़ पर हुआ दिल दहला देने वाला हादसा, एक झटके में उजड़ गए दो हंसते-खेलते परिवार

टक्कर के बाद दूर तक घसीटती चली गईं अध्यापिका
मृतका के ससुर जगदीश सोनी ने बताया कि भाखेड़ा स्कूल का एक अन्य भाग सामुदायिक भवन में संचालित होता है. अध्यापिका वहां से बाहर निकल रही थीं, तभी जयपुर की ओर से आ रही रोडवेज बस ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी. उन्होंने बताया कि टक्कर के बाद अध्यापिका काफी दूर तक घसीटती चली गईं. हादसे में उनका हेलमेट भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

हादसे के बाद आक्रोश, सड़क पर प्रदर्शन और जाम
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए. हादसे से नाराज लोगों ने रोडवेज बस को आगे नहीं जाने दिया और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. इसके चलते जयपुर रोड पर जाम लग गया और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति संभालने का प्रयास किया. मृतका के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए. हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है. 


Report- Jugal Gandhi

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

ZEENEWS TRENDING STORIES