App

Alwar Nikay Chunav 2026: अलवर में शुरू हुई बाड़ेबंदी की राजनीति! BJP के बाद कांग्रेस प्रत्याशी भी हुए रवाना

अलवर नगर निगम चुनाव के बाद भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने-अपने पार्षदों की रणनीतिक बैठकें शुरू कर दी हैं. भाजपा के सभी 65 प्रत्याशियों को बैठक के बाद बसों से अज्ञात स्थान पर भेजा गया और मोबाइल फोन भी जमा कराए गए. वहीं कांग्रेस के ज्यादातर प्रत्याशियों को भी बैठक के बाद दूसरे स्थान पर भेजा गया. दोनों दल अलवर में बोर्ड बनाने और मेयर पद जीतने का दावा कर रहे हैं.

Alwar Nikay Chunav 2026: अलवर में शुरू हुई बाड़ेबंदी की राजनीति! BJP के बाद कांग्रेस प्रत्याशी भी हुए रवाना
Image Credit: अलवर नगर निगम चुनाव

Alwar Nikay Chunav 2026: राजस्थान के अलवर नगर निगम चुनाव में मतदान के बाद अब मेयर और बोर्ड गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. भाजपा के सभी 65 प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के आवास पर पहुंचे, जहां वन मंत्री संजय शर्मा और अलवर नगर निगम चुनाव प्रभारी एवं पूर्व सांसद रामचरण बोहरा ने प्रत्याशियों के साथ बैठक की. बैठक के बाद सभी प्रत्याशियों को बसों के जरिए अज्ञात स्थान के लिए रवाना किया गया.

प्रत्याशियों के मोबाइल फोन भी जमा करा लिए गए हैं. बताया जा रहा है कि सभी प्रत्याशियों को कोड नंबर के जरिए सुरक्षित रखने की व्यवस्था की गई है. हालांकि, भाजपा प्रत्याशियों को कहां ले जाया गया है, इसका अभी खुलासा नहीं किया गया है.

भाजपा के सभी 65 प्रत्याशी चुनाव जीतेंगे- रामचरण बोहरा 
इधर, पूरे घटनाक्रम के बीच भाजपा के पूर्व सांसद और चुनाव प्रभारी रामचरण बोहरा ने पार्टी की जीत को लेकर बड़ा दावा किया है. बोहरा ने कहा कि भाजपा के सभी 65 प्रत्याशी चुनाव जीतेंगे और नगर निगम में भाजपा का बोर्ड बनना तय है. उन्होंने दावा किया कि 21 सितंबर को सर्वसम्मति से भाजपा का मेयर और बोर्ड बनेगा, जबकि 22 सितंबर को डिप्टी मेयर का चुनाव होगा.

बाड़ेबंदी पर बोहरा ने किया इनकार
प्रत्याशियों को एक साथ अज्ञात स्थान पर भेजे जाने और मोबाइल फोन जमा कराने के सवाल पर रामचरण बोहरा ने इसे बाड़ेबंदी मानने से इनकार किया. उन्होंने कहा कि सभी प्रत्याशी अपनी इच्छा से खुशी-खुशी साथ हैं. बोहरा ने दावा किया कि 21 सितंबर को चुनाव और परिणाम के समय सभी प्रत्याशी वापस मौजूद रहेंगे.

65 प्रत्याशियों की रवानगी से बढ़ी सियासी चर्चा
भाजपा प्रत्याशियों की सामूहिक रवानगी, मोबाइल फोन जमा कराने और अज्ञात स्थान पर ले जाने के बाद अलवर की राजनीति में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. भाजपा इसे जीत के प्रति अपने आत्मविश्वास के तौर पर बता रही है, जबकि राजनीतिक हलकों में इसे बहुमत सुरक्षित रखने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है. 


टीकाराम जूली ने की प्रत्याशियों के साथ बैठक
इधर, अलवर नगर निगम चुनाव में मतदान के बाद अब 14 सितंबर को घोषित होने वाले परिणामों से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. इसी क्रम में कांग्रेस के ज्यादातर प्रत्याशी एक निजी होटल में एकत्र हुए. यहां नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश गंगावत भी पहुंचे. टीकाराम जूली ने कांग्रेस प्रत्याशियों के साथ बैठक कर चुनाव परिणाम और बोर्ड गठन को लेकर चर्चा की. बैठक के बाद प्रत्याशियों को बसों के जरिए किसी अन्य स्थान के लिए रवाना किया गया.

बैठक के दौरान कांग्रेस नेता प्रत्याशियों की जीत-हार के संभावित गणित पर मंथन करते नजर आए. जिन वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत की संभावना मजबूत मानी जा रही है, उन्हें लेकर अलग रणनीति पर भी चर्चा की गई. कांग्रेस के कई प्रत्याशी मेयर पद के दावेदार भी माने जा रहे हैं, ऐसे में परिणाम से पहले पार्टी के भीतर मेयर पद को लेकर भी सियासी समीकरण साधे जा रहे हैं.

बहुमत से ज्यादा सीटें करेंगे हासिल- टीकाराम जूली
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने दावा किया कि कांग्रेस इस बार बहुमत से ज्यादा सीटें हासिल करेगी और अलवर नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा. उन्होंने यह भी कहा कि कुछ निर्दलीय प्रत्याशी भी कांग्रेस के साथ आने की तैयारी में हैं.

वहीं, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष योगेश मिश्रा ने भी बड़ा दावा करते हुए कहा कि इस बार अलवर नगर निगम में कांग्रेस का मेयर बनेगा. निर्दलीय प्रत्याशियों को लेकर उन्होंने कहा कि कई निर्दलीय साथी कांग्रेस के संपर्क में हैं और पार्टी के साथ आने को तैयार हैं. ऐसे में मेयर चुनाव के दौरान निर्दलीय पार्षदों की भूमिका अहम हो सकती है.

फिलहाल कांग्रेस और भाजपा दोनों ही अपने-अपने पक्ष में बहुमत के दावे कर रहे हैं. अब 14 सितंबर को चुनाव परिणाम सामने आने के बाद ही तस्वीर साफ होगी कि अलवर नगर निगम की सत्ता किसके हाथ आती है और मेयर की कुर्सी पर कांग्रेस या भाजपा में से कौन काबिज होता है?  
Report- Jugal Kishore

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sneha Aggarwal

Sneha Aggarwal

मैं स्नेहा अग्रवाल जी राजस्थान न्यूज में सब एडिटर के रूप में कार्यरत हूं और राजस्थान से जुड़ी हर बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी न्यूज़ पर पकड़ रखती हूं. क्राइम और कल्चर की खबरों में दिलचस्पी है. मुझे डिजिटल मीडिया का करीब 4 साल का साल का अनुभव है. इससे पहले मैं ZeeBihar में अपनी सेवाएं दे चुकी हूं. 4 साल के जर्नलिज्म करियर में लोकल, क्राइम, हेल्थ, एंटरटेनमेंट, वायरल और लाइफस्टाइल बीट पर काम किया है. मैंने यहां पर राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, ऑपेरशन सिंदूर समेत कई बड़े ईवेंट्स कवर किए हैं.
Read More