)
राजस्थान के खैरथल में गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली ट्रांसफार्मर से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रांसफार्मर उखड़कर नीचे गिर गया. इसके कुछ ही देर बाद कार में आग लग गई. कार में सवार छह लोगों ने समय रहते बाहर छलांग लगाकर अपनी जान बचाई. गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की मौत नहीं हुई और न ही कोई जनहानि हुई.
घटना रात करीब ढाई बजे किशनगढ़ रोड स्थित स्वामी ध्यानगिरी मार्ग की है. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. कार में आग लगने से आसपास के इलाके में भी हलचल हो गई. इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. इसमें हादसे के बाद घटनास्थल पर आग की लपटें उठती दिखाई दे रही हैं.
ट्रांसफार्मर गिरने से बिजली आपूर्ति ठप
कार की टक्कर से बिजली ट्रांसफार्मर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. ट्रांसफार्मर के नीचे से गुजर रही अंडरग्राउंड बिजली की केबल भी जल गई. इससे विद्युत लाइन में फॉल्ट आ गया और आनंद नगर कॉलोनी के कई वार्डों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई.
बिजली बंद होने के कारण कॉलोनी के लोगों को पूरी रात परेशानी का सामना करना पड़ा. शुक्रवार को भी दिनभर बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी. इससे घरों और अन्य जरूरी कामकाज पर असर पड़ा.
16 घंटे बाद शाम 7 बजे लौटी बिजली
सहायक अभियंता दिनेश भंडाना ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार पर टेंपरेरी नंबर लिखे हुए थे. हादसे को लेकर संबंधित कार चालक के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है. उन्होंने बताया कि दुर्घटना में ट्रांसफार्मर के साथ अंडरग्राउंड विद्युत केबल भी क्षतिग्रस्त हो गई थी. इसके चलते बिजली आपूर्ति बहाल करने में समय लगा. विद्युत निगम के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत का काम शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद खराबी को ठीक किया.
शुक्रवार शाम करीब 7 बजे बिजली आपूर्ति दोबारा शुरू हो सकी. इस तरह आनंद नगर कॉलोनी के लोगों को करीब 16 घंटे तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा. हादसे में छह लोगों की जान बच गई, लेकिन बिजली व्यवस्था को ठीक करने में विद्युत निगम को कई घंटे तक काम करना पड़ा.
Report- Kuldeep Malwar