)
न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में टीम इंडिया के बल्लेबाजों की तूती बज रही है. न्यूजीलैंड के 368 रन के जवाब में भारत ने दूसरा दिन 4 विकेट के नुकसान पर 486 रन पर खत्म किया. इस दौरान कप्तान शुभमन गिल के 98 रन का अहम योगदान रहा. बदकिस्मती से गिल अपने शतक से महज 2 रन दूर रह गए, लेकिन न्यूजीलैंड की धरती पर सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय कप्तानों में चौथे स्थान पर आ गए हैं. उन्होंने एमएस धोनी के रिकॉर्ड को ध्वस्त किया है.
भारतीय टेस्ट क्रिकेट का इतिहास काफी लंबा है, लेकिन अभी तक 2 भारतीय कप्तान ही न्यूजीलैंड की धरती पर शतक ठोक पाए हैं. इस लिस्ट में पहला नाम मोहम्मद अजहरुद्दीन का है, जिन्होंने 1990 में एक दमदार पारी खेली थी. उन्होंने 192 रन ठोक दिए थे. अजरुद्दीन न्यूजीलैंड में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले कप्तान हैं. अजहर ने दिग्गज सुनील गावस्कर का रिकॉर्ड ध्वस्त किया था, जिन्होंने 1976 में न्यूजीलैंड में 116 रन की पारी खेली थी.
साल 1998 में टीम इंडिया न्यूजीलैंड टूर पर गई. एक बार फिर अजहरुद्दीन कीवी टीम के दुश्मन साबित हुए. उन्होंने इस बार 103 रन की नाबाद पारी खेली थी. शुभमन गिल के पास भी इस लिस्ट में शामिल होने का मौका था, लेकिन बदकिस्मती से 98 के स्कोर पर जैकब डफी की गेंद आउट हो गए. टीम इंडिया के टॉप ऑर्डर ने कीवी गेंदबाजों की कमर तोड़कर रख दी. भारत घर में न्यूजीलैंड को मात देकर पिछले साल का बदला लेने के लिए पूरी तरह से तैयार है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया की बैटिंग शानदार रही. शुरुआती पांचों बल्लेबाजों ने 50+ स्कोर किए. यशस्वी जायसवाल ने 85, केएल राहुल ने 136, देवदत्त पडिक्कल ने 80, शुभमन गिल ने 98 रन ठोके. इसके अलावा ऋषभ पंत ने भी बल्ले से हल्ला बोला है. पंत ने दिन का खेल खत्म होने तक 62 गेंद में 55 रन ठोक दिए हैं. उन्होंने अभी तक अपनी पारी में 5 चौके और 2 छक्के जमाए.
192 - मोहम्मद अजहरुद्दीन, ऑकलैंड, 1990
116 - सुनील गावस्कर, ऑकलैंड, 1976
103* - मोहम्मद अजहरुद्दीन, वेलिंगटन, 1998
98 - शुभमन गिल, वेलिंगटन, 2026
68 - एमएस धोनी, वेलिंगटन, 2014