)
न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेले जा रहे पहले टेस्ट के तीसरे दिन ऋषभ पंत ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से दर्शकों का जमकर मनोरंजन किया. पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे ऋषभ पंत अभी भी क्रीज पर मौजूद हैं. ऋषभ पंत ने अपनी पारी में अभी तक 62 गेंद पर 55 रन बनाए है. इस दौरान उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के उड़ाए हैं. इस मैच के चौथे दिन ऋषभ पंत की नजर अपना 9वां टेस्ट शतक जड़ने पर होगी. ऋषभ पंत ने इस टेस्ट मैच में जब अपना 24वां रन बनाया तो उन्होंने एडम गिलक्रिस्ट का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया.
ऋषभ पंत अब किसी विपक्षी टीम के घरेलू मैदान पर खेले गए टेस्ट मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विकेटकीपर बललेबाजों की लिस्ट में एडम गिलक्रिस्ट से आगे निकल गए हैं. ऋषभ पंत ने इसी के साथ ही नया वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बना दिया है. एडम गिलक्रिस्ट ने 2000 से 2006 के बीच विपक्षी टीम के घरेलू मैदान पर 38 टेस्ट मैचों की 58 पारियों में 2512 रन बनाए. ऋषभ पंत की बात करें तो उन्होंने अभी तक विपक्षी टीम के घरेलू मैदान पर 36 टेस्ट मैचों की 63 पारियों में 2544 रन बनाए हैं.
1. ऋषभ पंत (भारत) - 36 टेस्ट मैचों में 2544 रन
2. एडम गिलक्रिस्ट (ऑस्ट्रेलिया) - 38 टेस्ट मैचों में 2512 रन
3. एमएस धोनी (भारत) - 48 टेस्ट मैचों में 2496 रन
4. मार्क बाउचर (दक्षिण अफ्रीका/ICC) - 70 टेस्ट मैचों में 2445 रन
5. एलन नॉट (इंग्लैंड) - 39 टेस्ट मैचों में 2198 रन
वेलिंगटन टेस्ट की पहली पारी शुरू होने से पहले ऋषभ पंत इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर काबिज थे. ऋषभ पंत ने सबसे पहले एमएस धोनी को पीछे छोड़ा और फिर एडम गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. एमएस धोनी ने विपक्षी टीम के घरेलू मैदान पर 48 मैचों की 83 पारियों में 2496 रन बनाए थे. पाकिस्तान के सरफराज अहमद विपक्षी टीम के घरेलू मैदान और न्यूट्रल वेन्यू पर खेले गए टेस्ट मैचों में सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले विकेटकीपर बललेबाज है.
सरफराज अहमद ने बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज विपक्षी टीम के घरेलू मैदान और न्यूट्रल वेन्यू पर 52 टेस्ट मैचों की 91 पारियों में सबसे ज्यादा 2696 रन बनाए हैं. इस लिस्ट में सरफराज अहमद के बाद ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बललेबाज एडम गिलक्रिस्ट आते हैं, जिन्होंने विपक्षी टीम के घरेलू मैदान और न्यूट्रल वेन्यू पर 41 मैचों की 62 पारियों में 2634 रन बनाए हैं. ऋषभ पंत इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर हैं. ऋषभ पंत ने विपक्षी टीम के घरेलू मैदान और न्यूट्रल वेन्यू पर 37 मैचों की 65 पारियों में 2589 रन बनाए हैं.
हालांकि, वेलिंगटन टेस्ट के चौथे दिन ऋषभ पंत के पास एडम गिलक्रिस्ट और सरफराज अहमद दोनों को पीछे छोड़कर इस लिस्ट में नंबर-1 की कुर्सी हासिल करने का मौका है. ऋषभ पंत ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में अपने 3,000 रन भी पूरे कर लिए. इसी के साथ वे शुभमन गिल के बाद यह आंकड़ा छूने वाले दूसरे भारतीय और दुनिया के पहले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं.