मैं अलवर हूं... 251 साल का ऐतिहासिक सफर! वक्त बदला दौर बदले, लेकिन नहीं बदली मेरी पहचान
251 साल का अलवर कभी उल्वर के नाम से जाना जाता था और आजादी के बाद मत्स्य संघ की राजधानी भी रहा है. ऐसे में जानिए रियासत से राजस्थान का हिस्सा बनने तक क्या है अलवर का इतिहास.
राजस्थान की ऐतिहासिक धरा अलवर, जहां अरावली की पहाड़ियों के बीच शौर्य की गाथाएं बसती हैं, जहां की विरासत में राजपूताना वैभव की झलक मिलती है और जहां की संस्कृति आज भी अपनी अलग पहचान बनाए हुए है. 25 नवंबर को अलवर ने अपने गौरवशाली इतिहास के 251 साल पूरे किए. इस खास मौके पर चार दिनों तक शहर मत्स्य उत्सव के रंगों में सराबोर नजर आया. कहीं लोक संस्कृति की छटा बिखरी तो कहीं संगीत की महफिल सजी. ऐतिहासिक इमारतें रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाईं तो सांस्कृतिक आयोजनों ने उत्सव में चार चांद लगा दिए. आइए इतिहास के जरिए जानते हैं अलवर के गौरवशाली सफर की कहानी.
मत्स्य उत्सव के रंग
अलवर स्थापना दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन और राजस्थान पर्यटन विभाग की ओर से 25 से 28 नवंबर तक चार दिवसीय मत्स्य उत्सव का आयोजन किया गया. उत्सव की शुरुआत 25 नवंबर को ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर में महाआरती के साथ हुई. इसके बाद योग, वन विहार, अंतरिक्ष दर्शन और कवि सम्मेलन जैसे आयोजनों ने लोगों को आकर्षित किया.
26 नवंबर को नंगली सर्किल पर मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिताओं के साथ म्यूजिकल नाइट का आयोजन हुआ. वहीं 27 नवंबर को हेरिटेज वॉक, दीपोत्सव और लोकरंग के जरिए अलवर की कला और परंपराओं को जीवंत किया गया. सिटी पैलेस में पंजाबी गायक अखिल की शानदार प्रस्तुति ने संगीत प्रेमियों को झूमने पर मजबूर कर दिया.
खास बात यह रही कि अलवर के ऐतिहासिक और प्रमुख विरासत स्थलों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया. रोशनी में नहाई ऐतिहासिक इमारतों ने शहर की खूबसूरती को एक नया रंग दिया. वहीं उत्सव के अंतिम दिन पेट शो सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया.
251 साल का ऐतिहासिक सफर
मगर मत्स्य उत्सव सिर्फ मनोरंजन और सांस्कृतिक आयोजनों तक सीमित नहीं है. यह उस गौरवशाली इतिहास को याद करने का अवसर भी है, जिसने अलवर को एक अलग पहचान दी.
अलवर का इतिहास करीब 251 साल पुराना है. 25 नवंबर 1775 को माचाड़ी के राव प्रताप सिंह ने अलवर रियासत की स्थापना की थी. ब्रिटिश भारत के दौर में यह कछवाहा राजपूत राजवंश की एक प्रमुख रियासत थी और इसकी राजधानी अलवर नगर हुआ करती थी.
अलवर का पुराना नाम था उल्वर
कहा जाता है कि महाराजा जय सिंह के शासनकाल से पहले अलवर को उल्वर के नाम से जाना जाता था. बाद में इसका नाम बदलकर अलवर कर दिया गया. इतिहासकार बताते है अलवर का नाम बदलने के पीछे महाराजा की पसंद और प्रतिष्ठा का किस्सा जुड़ा है. दरअसल अलवर को पहले जब उल्वर कहा जाता था, उस समय राजाओं की होने वाली बैठकों में अंग्रेजी वर्णमाला के अनुसार उल्वर को यू के एल्फाबेट की वजह से काफी पीछे स्थान मिलता था. यह बात महाराजा सवाई जय सिंह को नागवार गुजरी और उन्होंने उल्वर का नाम बदल कर ए पर लाने के लिए अलवर के दिया. जिससे उन्हें आगे की पंक्ति में वायसराय के साथ बैठने का मौका मिलने लगा.
आजादी के समय राजस्थान का हिस्सा नहीं था अलवर
आजादी के बाद 1947 में अलवर रियासत का भारत संघ में विलय हो गया. इसके बाद वर्ष 1948 में अलवर, भरतपुर, धौलपुर और करौली को मिलाकर मत्स्य संघ का गठन किया गया और अलवर को इसकी राजधानी बनाया गया. हालांकि, यह व्यवस्था ज्यादा समय तक नहीं चली और 15 मई 1949 को मत्स्य संघ का राजस्थान में विलय हो गया. इसी के साथ अलवर राजस्थान का हिस्सा बन गया.
विरासत में समेटे पर्यटन के अनमोल खजाने
इतिहास के पन्नों से निकलकर वर्तमान में देखें तो अलवर की पहचान सिर्फ एक ऐतिहासिक शहर के रूप में नहीं, बल्कि पर्यटन, प्रकृति और सांस्कृतिक विरासत के अनूठे संगम के रूप में भी है.
अरावली की सुरम्य पहाड़ियों के बीच स्थित सरिस्का टाइगर रिजर्व वन्यजीव प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र है. वहीं ऐतिहासिक बाला किला अलवर के शौर्य और राजपूताना स्थापत्य कला की कहानी बयां करता है. सिलीसेढ़ झील की खूबसूरती पर्यटकों को मंत्रमुग्ध करती है, तो पांडूपोल हनुमान मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र है.
इसके अलावा महाराजा भर्तृहरि की तपोस्थली और ऐतिहासिक मूसी महारानी की छतरी अलवर की धार्मिक और स्थापत्य विरासत को समृद्ध बनाती हैं. ये सभी स्थल अलवर को पर्यटन के मानचित्र पर विशिष्ट पहचान दिलाते हैं.
251 साल का ऐतिहासिक सफर
251 साल का सफर राजशाही से लोकतंत्र तक का बदलाव और परंपराओं से आधुनिकता तक का संगम अलवर ने हर दौर में अपनी पहचान और विरासत को संजोकर रखा है. जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला ने बताया मत्स्य उत्सव इसी विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और देश-दुनिया के पर्यटकों को अलवर की संस्कृति, इतिहास और पर्यटन से रूबरू कराने का एक प्रयास है. उन्होंने डॉग शो में शिरकत कर कहा बेजुबान जानवरों की चिंता भी हमारा दायित्व होना चाहिए
चार दिनों तक संगीत, रोशनी, लोककला और सांस्कृतिक रंगों से सजा अलवर एक बार फिर यह संदेश दे गया कि यहां की पहचान सिर्फ इतिहास के पन्नों में दर्ज नहीं, बल्कि यहां की मिट्टी, स्मारकों और लोगों की संस्कृति में आज भी जीवंत है.
(अलवर से जुगल गांधी की रिपोर्ट)