)
जयपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से अच्छी खबर सामने आई है. सर्दी के मौसम में पर्यटन सीजन शुरू होते ही जयपुर एयरपोर्ट पर हवाई यात्रियों की संख्या में जबरदस्त उछाल देखने को मिली है. सितंबर की तुलना में अक्टूबर में जयपुर एयरपोर्ट से 70 हजार अधिक यात्रियों ने यात्रा की है. जयपुर एयरपोर्ट की देश के बिजीएस्ट एयरपोर्ट की रैंकिंग में भी सुधार हुआ है.
आपको बता दें कि राजस्थान में पर्यटन सीजन अब अपने चरम पर है. यूं तो सितंबर माह से राजस्थान में पर्यटन की शुरुआत मानी जाती है, लेकिन पर्यटकों की सही ढंग से आवक अक्टूबर माह से ही शुरू होती है. इस लिहाज से जयपुर एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक मूवमेंट भी भारी उछाल देखने को मिला है. केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने अक्टूबर 2026 के जो आंकड़े जारी किए हैं, उनमें जयपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या और फ्लाइट मूवमेंट दोनों में ही उछाल देखने को मिला है.
हवाई यात्रीभार में आया उछाल
दरअसल सितंबर माह के दौरान जयपुर एयरपोर्ट से 3 लाख 77 हजार यात्रियों ने यात्रा की थी. जबकि अक्टूबर 2026 में यात्रियों की संख्या बढ़कर 4 लाख 47 लाख पहुंच गई है. इस तरह पिछले माह के मुकाबले यात्रीभार में 70 हजार की ग्रोथ देखने को मिली है. हालांकि, पिछले साल अक्टूबर से तुलना की जाए तो इसमें कमी रही है. पिछले वर्ष अक्टूबर में यात्रियों की संख्या 4 लाख 71 हजार थी. यानी कि पिछले अक्टूबर से यात्रीभार में 5.1 फीसदी की गिरावट आई है. इसके पीछे ईरान-अमेरिका युद्ध के चलते विमानों का ईंधन महंगा होने को सबसे बड़ा कारण माना जा रहा है.
अक्टूबर में भारत के ये रहे टॉप सबसे व्यस्त एयरपोर्ट
- दिल्ली एयरपोर्ट से सर्वाधिक 65.49 लाख यात्रियों ने की यात्रा
- मुंबई एयरपोर्ट 42 लाख यात्रियों के साथ रहा देशभर में दूसरे स्थान पर
- बेंगलूरु 36.48 लाख यात्री तीसरे पर
- हैदराबाद 22.87 लाख के साथ चौथे पर
- कोलकाता 17.47 लाख के साथ 5वें,
- चेन्नई 17.09 लाख के साथ छठे पर
- अहमदाबाद 10.11 लाख के साथ 7वें
- पुणे 9.32 लाख यात्रियों के साथ 8वें पर
- कोच्चि 8.84 लाख के साथ 9वें पर
- गुवाहाटी 5.52 लाख के साथ 10वें पर
- गोवा 5.08 लाख के साथ 11वें पर
- लखनऊ 4.77 लाख के साथ 12वें पर
- जयपुर एयरपोर्ट 4.47 लाख यात्रियों के साथ रहा 13वें स्थान पर
- नवी मुम्बई 4.01 लाख 14वें
- तिरुवनंतपुरम 3.71 लाख 15वें स्थान पर
फ्लाइट मूवमेंट की संख्या में भी बढ़ोतरी
यात्रीभार में बढ़ोतरी के साथ ही जयपुर एयरपोर्ट से अक्टूबर माह में फ्लाइट मूवमेंट भी वृद्धि हुई है. दरअसल, फ्लाइट मूवमेंट को लेकर जयपुर एयरपोर्ट अब देश में 12वें स्थान पर पहुंच गया है. फ्लाइट मूवमेंट में भी पिछले साल अक्टूबर से 7.3% की गिरावट आई है. पिछले साल अक्टूबर में जहां 3787 फ्लाइट चली थीं, वहीं इस बार संख्या 3511 रह गई है.
फ्लाइट मूवमेंट में जयपुर एयरपोर्ट 12वें नम्बर पर
- दिल्ली एयरपोर्ट से सर्वाधिक 41642 फ्लाइट्स का हुआ मूवमेंट
- मुम्बई से 26120 फ्लाइट दूसरे पर
- बेंगूलरु से 23023 फ्लाइट तीसरे पर
- हैदराबाद 15473 फ्लाइट चौथे पर
- चेन्नई 12047 फ्लाइट 5वें पर
- कोलकाता 11824 फ्लाइट छठे पर
- अहमदाबाद 7494 फ्लाइट 7वें पर
- पुणे से 6387 फ्लाइट 8वें पर
- कोच्चि 5941 फ्लाइट के साथ 9वें पर
- नवी मुम्बई 3676 फ्लाइट 10वें पर
- गुवाहाटी 3634 फ्लाइट 11वें पर
- जयपुर 3511 फ्लाइट 12वें नम्बर पर
- लखनऊ 3372 फ्लाइट 13वें पर
- गोवा 3236 फ्लाइट के साथ 14वें पर
- भुवनेश्वर 2712 के साथ 15वें पर
सुधरेगी स्थिति
कुलमिलाकर साफ है कि ईरान-अमेरिका युद्ध के कारण ईंधन की बढ़ी हुई कीमतों के बावजूद एविएशन सेक्टर में सकारात्मक संकेत दिख रहे हैं. नवंबर में अब जब शादियों की संख्या भी बढ़ रही है तो ऐसे में यात्रीभार और फ्लाइट मूवमेंट दोनों में ही जयपुर एयरपोर्ट की परफॉर्मेंस और ज्यादा बेहतर होने की संभावना है.
(जयपुर से काशीराम चौधरी की रिपोर्ट)