)
राजस्थान के खैरथल-तिजारा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है. ACB ने मुण्डावर पंचायत समिति में रिश्वतखोरी के आरोप में BDO और कनिष्ठ सहायक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोप है कि सफाई के ठेकों और पाइपलाइन के काम के बिलों की MB भरवाने की एवज में 65 हजार रुपए की रिश्वत मांगी गई थी. शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने जाल बिछाया और दोनों आरोपियों को ट्रैप कर लिया.
ACB ने कार्रवाई करते हुए दो सरकारी कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में पंचायत समिति के विकास अधिकारी संजय कुमार यादव और कनिष्ठ सहायक रितिक कुमार सिंह शामिल हैं. दोनों को 65 हजार रुपए की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया.
ACB के मुताबिक, परिवादी की फर्म मैसर्स अमनदीप को ग्राम पंचायत मातौर और ग्राम पंचायत नगंली ओजा में सफाई के ठेके मिले थे. इसके अलावा फर्म ने पाइपलाइन का काम भी किया था. आरोप है कि इन ठेकों और पाइपलाइन कार्य के बिलों की माप पुस्तिका यानी MB भरवाने की एवज में विकास अधिकारी संजय कुमार यादव परिवादी से 65 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे थे.
परिवादी की शिकायत मिलने के बाद ACB ने 23 अक्टूबर 2026 को रिश्वत मांग का सत्यापन कराया. सत्यापन के दौरान विकास अधिकारी के रिश्वत राशि लेने पर सहमत होने की पुष्टि हुई. इसके बाद ACB ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई और गुरुवार को कार्रवाई करते हुए विकास अधिकारी संजय कुमार यादव और कनिष्ठ सहायक रितिक कुमार सिंह को 65 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया.
यह कार्रवाई ACB चौकी भिवाड़ी के प्रभारी और ट्रैप अधिकारी पुलिस निरीक्षक सुरजीत सिंह के नेतृत्व में की गई. पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के सुपरविजन में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया. ACB की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस परिमला के सुपरविजन में आरोपियों से पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है.
ACB के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे अनुसंधान किया जाएगा. ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि किसी भी मामले में दोष सिद्ध होने से पहले उपलब्ध तथ्यों और संबंधित पक्ष के स्पष्टीकरण का नियमानुसार परीक्षण किया जाता है. फिलहाल ACB की कार्रवाई के बाद मुण्डावर पंचायत समिति के दोनों कर्मचारी जांच के दायरे में हैं. अब अनुसंधान के दौरान रिश्वत प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जाएगी. वहीं BDO संजय कुमार यादव के आवास की भी तलाशी ली जा रही है.