)
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. निशातपुरा थाना क्षेत्र की पुलिस ने नशीले और प्रतिबंधित इंजेक्शनों की एक भारी खेप बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क में हड़कंप मच गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने चेकिंग और खुफिया सूचना के आधार पर 292 नशीले इंजेक्शन जब्त किए हैं. इनमें ब्यूप्रेनोर्फिन (BUPRENORPHINE) के 146 इंजेक्शन और फेनिरामाइन मैलेट (PHENIRAMINE MALEATE) के 146 इंजेक्शन शामिल हैं. पुलिस ने मौके से आरोपी प्रेम शर्मा (उम्र 20 वर्ष) को पकड़ा है, जो बजरिया का रहने वाला बताया जा रहा है. शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी अपने दोपहिया वाहन में इन प्रतिबंधित इंजेक्शनों को रखकर शहर में इन्हें बांटने और बेचने का अवैध काम कर रहा था.
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी प्रेम शर्मा एक पुराना अपराधी है जिस पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. निशातपुरा पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपी को रिमांड पर लिया है, ताकि इस अवैध धंधे के मुख्य सप्लायर और पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके. पुलिस का मानना है कि इस मामले की गहन जांच से शहर में सक्रिय अन्य बड़े ड्रग तस्करों का खुलासा हो सकता है.
इस बीच, उज्जैन में चिमनगंज मंडी पुलिस थाने की टीम ने नशा-विरोधी अभियान के तहत एक व्यक्ति को 20 ग्राम MD ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है. जब्त किए गए नशे की कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है. पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है. पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर की रात को उज्जैन-गरोठ सर्विस रोड पर कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल के पास एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया. पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे घेरकर पकड़ लिया.
पूछताछ के दौरान, आरोपी की पहचान मंदसौर जिले के महुआ गांव के रहने वाले राकेश हिलोरिया (42) के रूप में हुई. उसकी तलाशी लेने पर उसकी जेब से एक पॉलीथीन बैग में 20 ग्राम संदिग्ध MD ड्रग मिली. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है.
रंजन भगत की रिपोर्ट