App

बारां में चला AAP का जादू: शीतल राठौर बनीं सभापति, पति ने संभाली थी चुनावी कमान

Baran News: बारां नगर परिषद में आम आदमी पार्टी ने बड़ा सियासी उलटफेर करते हुए बोर्ड बना लिया है. AAP की शीतल राठौर 31 वोट हासिल कर सभापति निर्वाचित हुईं, जबकि कांग्रेस की मीनाक्षी भारद्वाज को 18 वोट और भाजपा को 9 वोट मिले.

बारां में चला AAP का जादू: शीतल राठौर बनीं सभापति, पति ने संभाली थी चुनावी कमान
Image Credit: Baran Municipal Council

Baran News: बारां नगर परिषद में आम आदमी पार्टी (AAP) ने बड़ा सियासी उलटफेर करते हुए अपना बोर्ड बना लिया है. बोर्ड बनने के बाद AAP के कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई. जिले के कुल 6 नगर निकायों में से कांग्रेस ने 3 निकायों में अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा को 2 और आम आदमी पार्टी को 1 निकाय में जीत मिली है.

बारां में लंबे समय से मुकाबला मुख्य रूप से भाजपा और कांग्रेस के बीच ही देखा जाता रहा था, लेकिन इस बार AAP ने दोनों प्रमुख दलों के समीकरण बिगाड़ दिए. बारां नगर परिषद में आम आदमी पार्टी की शीतल राठौर सभापति निर्वाचित हुई हैं. आम आदमी पार्टी की शीतल राठौर को 49 मतों में से 31 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की मीनाक्षी भारद्वाज को 18 वोट मिले. 60 सदस्यीय परिषद में AAP के 31, कांग्रेस के 18, भाजपा के 9 और निर्दलीय के 2 पार्षद थे.

पति के साथ मिलकर शहर में किया प्रचार

शीतल राठौर ने वार्ड नंबर 37 से चुनाव लड़ा था और 305 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की. इस चुनाव के साथ ही उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा और अब हाउस वाइफ से सभापति तक का सफर तय किया है. शीतल राठौर चुनाव के दौरान अपने पति और AAP नेता कमल राठौर के साथ मिलकर शहर में प्रचार किया. कमल राठौर ने जहां पूरे चुनाव अभियान की कमान संभाली. वहीं शीतल राठौर भी लगातार जनता के बीच सक्रिय नजर आईं.

मांगरोल नगर पालिका में भूपेंद्र सुमन अध्यक्ष निर्वाचित

वहीं मांगरोल नगर पालिका में भाजपा के भूपेंद्र सुमन अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं. भूपेंद्र सुमन को 23 मत, जबकि कांग्रेस के राजेंद्र सुमन को 10 मत मिले. वहीं 2 मत निर्दलीय प्रत्याशी नदीम अख्तर को मिले. यहां कुल 35 मत पड़े.

अंता में कांग्रेस और छबड़ा नगर पालिका में भाजपा की जीत

अंता नगर पालिका में कांग्रेस के प्रदीप नागर ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की. यहां भाजपा और कांग्रेस के पास बहुमत नहीं था और निर्दलीय पार्षद निर्णायक भूमिका में रहे. प्रदीप नागर को 18 वोट, जबकि भाजपा के धनराज चौरसिया को 17 वोट मिले.

छबड़ा नगर पालिका में भाजपा की रीना सुमन अध्यक्ष निर्वाचित हुईं. रीना सुमन को 21 वोट, जबकि कांग्रेस की नीतू सोनी को 14 वोट मिले. छबड़ा में भाजपा के 14, कांग्रेस के 12, बसपा के 2 और निर्दलीय के 7 पार्षद थे. यहां निर्दलीयों की मदद से भाजपा फिर से काबिज हुई है.

अटरू नगर पालिका में कांग्रेस की निशा नैनीवाल बनीं अध्यक्ष

पहली बार गठित अटरू नगर पालिका में कांग्रेस की निशा नैनीवाल अध्यक्ष बनीं. निशा नैनीवाल को 14 वोट, जबकि भाजपा के कृष्ण मुरारी दिलावर को 11 वोट मिले. वहीं सीसवाली नगर पालिका में कांग्रेस के पीयूष खंडेलवाल ने जीत दर्ज की. उन्हें 15 वोट, जबकि भाजपा के रामशंकर वैष्णव को 5 वोट मिले. यहां कांग्रेस के 9, भाजपा के 6 और निर्दलीयों के 5 पार्षद निर्वाचित हुए थे.

मतदान व मतगणना स्थलों पर सुबह से ही समर्थकों की भीड़ लगी रही. परिणाम घोषित होने के साथ ही विजेता उम्मीदवारों के समर्थकों में खुशी देखी गई. समर्थकों ने नारेबाजी और पटाखे जलाकर खुशी जाहिर की. हालांकि, प्रशासन द्वारा विजय जुलूस पर रोक लगाने के चलते रोक लगाई है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Aman Singh

Aman Singh

जून 2023 से ज़ी राजस्थान के साथ कार्यरत अमन लगातार अपनी क्रिएटिविटी और प्रोफेशनल स्किल्स के जरिए पाठकों तक तेज, सटीक और भरोसेमंद खबरें पहुंचा रहे हैं. वे उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रहने वाले हैं, अमन ने जौनपुर से ही अपनी इंटरमीडिएट तक की शिक्षा पूरी की. इसके बाद उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया. डिजिटल पत्रकारिता में गहरी समझ, तेज खबर पकड़ने की क्षमता के कारण अमन सिंह एक उभरते हुए और भरोसेमंद मीडिया प्रोफेशनल के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं.
Read More