राजस्थान में नशे के खिलाफ दो जिलों में कार्रवाई, सीकर में MDMA तो बारां में स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार
राजस्थान के सीकर में पुलिस ने 98.40 ग्राम MDMA के साथ 2 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया. वहीं, बारां के छबड़ा में ऑपरेशन नशा विनाश के तहत 11.60 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी पकड़ा गया.
Published: Nov 02, 2026, 08:03 AM IST
| Updated: Nov 02, 2026, 08:09 AM IST
राजस्थान में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने सीकर और बारां जिले में अलग-अलग कार्रवाई की है. सीकर में शहर कोतवाली पुलिस और DST टीम ने 98.40 ग्राम MDMA के साथ एक इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है. वहीं, बारां जिले के छबड़ा में पुलिस ने 11.60 ग्राम स्मैक बरामद कर एक आरोपी को पकड़ा है. दोनों मामलों में पुलिस अब नशे की सप्लाई और इससे जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है.
सीकर में 98.40 ग्राम MDMA के साथ इनामी तस्कर गिरफ्तार
सीकर शहर कोतवाली पुलिस और DST टीम ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 98.40 ग्राम MDMA बरामद की है. पुलिस ने इस मामले में हरीराम को गिरफ्तार किया है. आरोपी फतेहपुर सदर थाना क्षेत्र के बाठोद गांव का रहने वाला है. कोतवाली थाना अधिकारी सुनील जांगिड़ के अनुसार DST टीम को सूचना मिली थी कि सदर थाने के 4 किलो अफीम के पुराने मामले में 2 हजार रुपए का इनामी वांछित आरोपी सीकर में घूम रहा है. इसके बाद टीम ने उसका पीछा शुरू किया. इसी दौरान आरोपी की गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया. वह अपनी दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को टोचन करवाने के लिए मोटरसाइकिल की व्यवस्था कर रहा था. बाद में गाड़ी मौके पर छोड़कर पैदल शहर की तरफ जाने लगा. इसी दौरान DST टीम ने एक्सीलेंस कॉलेज, सालासर रोड के पास उसे पकड़ लिया. तलाशी में उसके पास से 98.40 ग्राम MDMA बरामद हुई.
कमर्शियल कैटेगरी में आती है MDMA की मात्रा
थानाधिकारी सुनील जांगिड़ ने बताया कि बरामद MDMA की मात्रा कमर्शियल कैटेगरी में आती है. मामले का अनुसंधान उद्योग नगर थाना एसएचओ कर रहे हैं. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशे की सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है.
छबड़ा में 11.60 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई बारां जिले के छबड़ा में हुई. यहां ऑपरेशन नशा विनाश के तहत थाना पुलिस ने 11.60 ग्राम स्मैक के साथ राजेंद्र उर्फ राजू को गिरफ्तार किया है. आरोपी खेड़ी का रहने वाला है और फिलहाल तुर्कीपाड़ा, छबड़ा में रह रहा था. सीआई राजेश खटाना पुलिस जाप्ते के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे. इसी दौरान चाचौड़ा तिराहे से चाचौड़ा पुरा जाने वाले कच्चे रास्ते पर पहाड़ी के नीचे एक युवक खड़ा दिखाई दिया. पुलिस वाहन को देखकर वह घबराकर भागने लगा. संदेह होने पर पुलिस ने उसे पकड़कर तलाशी ली. इस दौरान उसकी पेंट की जेब से 11.60 ग्राम स्मैक बरामद हुई.
ये भी पढ़ें- त्योहारी सीजन से पहले पुलिस ने मिलावटखोरों की अक्ल लगा दी ठिकाने! श्रीगंगानगर में 1.23 करोड़ रुपए का नकली घी बरामद