SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

33 पार्षद, 5 दावेदार और एक कुर्सी, अलवर में होगा सियासी शक्ति परीक्षण, बीजेपी की सेंधमारी पर टिकी निगाहें!

अलवर जिला प्रमुख चुनाव में आज सियासी शक्ति परीक्षण होगा. कांग्रेस के 33 पार्षद फिर भी बगावत का डर सता रहा है. सुबह 11 बजे तक नामांकन होगा, दोपहर 3 से 5 बजे तक मतदान की तैयारी होगी. भाजपा की सेंधमारी पर भी निगाहें टिकी हैं. बहुमत के बावजूद कांग्रेस के सामने अपनों को एकजुट रखने की चुनौती है.

Edited By Shailendra
Published: Nov 24, 2026, 15:29 IST | Updated: Nov 24, 2026, 15:48 IST
Image Credit: अलवर जिला प्रमुख चुनाव में आज होगा सियासी शक्ति परीक्षण (Photo-AI)
Join

अलवर जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जे की सियासी जंग अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है. जिला परिषद सदस्यों की बाड़ाबंदी से लेकर अंदरखाने चल रही राजनीतिक जोड़तोड़ तक, हर दांव आज आजमाया जाएगा. जिला प्रमुख के चुनाव के लिए कांग्रेस और बीजेपी के बाड़े में रखे गए जिला परिषद सदस्य आज अलवर लौटेंगे. इसके साथ ही जिले की राजनीति में हलचल और तेज हो जाएगी.

अलवर जिला परिषद में कुल 39 सदस्य हैं और जिला प्रमुख बनाने के लिए 20 सदस्यों का समर्थन जरूरी है. कांग्रेस के पास 33 पार्षदों का स्पष्ट बहुमत है, जबकि बीजेपी संख्या बल के लिहाज से काफी पीछे है. इसके बावजूद कांग्रेस के लिए राह आसान नजर नहीं आ रही. इसकी सबसे बड़ी वजह है जिला प्रमुख का पद अनुसूचित जनजाति (एसटी) महिला के लिए आरक्षित होना और कांग्रेस में इस वर्ग की पांच महिला पार्षदों का मजबूत दावेदार के रूप में उभरना. बहुमत होने के बावजूद पांच दावेदारों में से किसी एक के नाम पर सहमति बनाना कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है. पार्टी को आशंका है कि टिकट या पद को लेकर असंतोष बगावत में बदल सकता है और बीजेपी इसी मौके की तलाश में है.

क्रम संख्याप्रमुख बिंदुविवरण
1कुल सदस्य संख्याअलवर जिला परिषद में कुल 39 सदस्य हैं.
2जिला प्रमुख के लिए जरूरी समर्थनजिला प्रमुख बनाने के लिए 20 सदस्यों का समर्थन आवश्यक है.
3कांग्रेस की स्थितिकांग्रेस के पास 33 पार्षदों का स्पष्ट बहुमत है.
4बीजेपी की स्थितिसंख्या बल के लिहाज से बीजेपी काफी पीछे है.
5पद का आरक्षणजिला प्रमुख का पद अनुसूचित जनजाति (एसटी) महिला के लिए आरक्षित है.
6कांग्रेस में दावेदारएसटी वर्ग की पांच महिला पार्षद जिला प्रमुख पद की मजबूत दावेदार हैं.
7कांग्रेस की चुनौतीपांच दावेदारों में से किसी एक के नाम पर सर्वसम्मति बनाना पार्टी के लिए मुश्किल हो रहा है.
8बगावत का खतराटिकट या पद को लेकर असंतोष के कारण पार्टी में बगावत की आशंका है.
9बीजेपी की रणनीतिबीजेपी कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान और असंतोष का फायदा उठाने के मौके की तलाश में है.
10सियासी तस्वीरस्पष्ट बहुमत के बावजूद कांग्रेस के सामने जिला प्रमुख का चुनाव आसान नहीं है.

कांग्रेस में पांच दावेदार, किसके नाम पर लगेगी मुहर?

कांग्रेस के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि पांच दावेदारों में से जिला प्रमुख की कमान किसे सौंपी जाए. राजनीतिक अनुभव, जीत का अंतर, संगठन में पकड़, क्षेत्रीय समीकरण और सामाजिक-राजनीतिक प्रभाव को ध्यान में रखकर पार्टी रणनीति तैयार कर रही है.

1. ललिता बाई मीणा : अनुभव और प्रशासनिक कामकाज का आधार

वार्ड संख्या 12 से जीतकर आईं 52 वर्षीय ललिता बाई मीणा जिला प्रमुख पद की मजबूत दावेदार मानी जा रही हैं. एमए और बीएड शिक्षित ललिता बाई पिछली जिला परिषद में उप जिला प्रमुख रह चुकी हैं. इसके अलावा सरपंच के रूप में भी काम करने का अनुभव उनके पक्ष में जाता है. प्रशासनिक कामकाज की समझ और राजनीतिक अनुभव उनकी दावेदारी को मजबूती देते हैं. थानागाजी विधानसभा क्षेत्र की पंचायत समितियों में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के चलते इस क्षेत्र को जिला स्तर पर प्रतिनिधित्व देने के लिहाज से भी उनका नाम महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

2. डॉ. विमला वर्मा : उच्च शिक्षा और राजनीतिक परिवार की मजबूत दावेदारी

वार्ड संख्या 13 से निर्वाचित 64 वर्षीय डॉ. विमला वर्मा भी प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं. एमए और पीएचडी की डिग्री हासिल कर चुकीं विमला वर्मा जोधपुर के जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय में प्रोफेसर रह चुकी हैं. उनका राजनीतिक परिवार से जुड़ाव भी उनकी दावेदारी का महत्वपूर्ण पक्ष है. उनके पिता सिकराय से विधायक रह चुके हैं, जबकि उनकी सास पड़ाक छापली की सरपंच रही हैं. पति भी सेवानिवृत्त प्रोफेसर हैं. शिक्षा, पारिवारिक राजनीतिक पृष्ठभूमि और अनुभव के चलते उनका नाम भी पार्टी के संभावित चेहरों में शामिल है.

3. अनिता मीणा : राजनीतिक विरासत के साथ पहली चुनावी जीत

वार्ड संख्या 16 से जीत दर्ज करने वाली 43 वर्षीय अनिता मीणा भी जिला प्रमुख पद की दौड़ में हैं. दसवीं पास अनिता राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं. उनके दादा ससुर राजगढ़ से तीन बार विधायक रह चुके हैं, जबकि उनके पति निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं. छात्र राजनीति के दौरान कांग्रेस में सक्रिय रहीं अनिता ने पहली बार जिला परिषद का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की. राजनीतिक विरासत और संगठन से पुराना जुड़ाव उनकी दावेदारी को मजबूती देता है.

4. सुमन गब्बर मीणा : युवा चेहरा, शिक्षा और सबसे बड़ी जीत का दावा

वार्ड संख्या 21 से जीतकर आईं 31 वर्षीय सुमन गब्बर मीणा को कांग्रेस के युवा और शिक्षित चेहरों में गिना जा रहा है. एमए और बीएड शिक्षित सुमन वर्ष 2022 से राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ विधानसभा क्षेत्र की यूथ कांग्रेस अध्यक्ष रही हैं. उनके पति पीसीसी सचिव हैं और वर्ष 2015 से 2026 तक बबेली के सरपंच रहे हैं. जिले में सबसे बड़े अंतर से जीत दर्ज करना भी उनके पक्ष में जाता है. युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति अपनाने पर कांग्रेस उनके नाम पर विचार कर सकती है.

5. बबीता मीणा : कठूमर क्षेत्र के प्रतिनिधित्व का समीकरण

वार्ड संख्या 31 से निर्वाचित 55 वर्षीय बबीता मीणा पांचवीं प्रमुख दावेदार हैं. वह साक्षर हैं. कठूमर विधानसभा क्षेत्र में जिला परिषद की कोई भी सीट एसटी महिला के लिए आरक्षित नहीं थी, ऐसे में कांग्रेस ने उन्हें टिकट देकर प्रतिनिधित्व का अवसर दिया. क्षेत्रीय संतुलन के लिहाज से उनकी दावेदारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. उनकी पुत्रवधू सरपंच रह चुकी हैं, जबकि उनके पति चिकित्सा विभाग में जॉइंट डायरेक्टर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं.

कांग्रेस के बहुमत पर बीजेपी की नजर, तीन वोटों के सहारे सत्ता का दावा

कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान बीजेपी के लिए उम्मीद की किरण बन गई है. बीजेपी खेमे की नजर कांग्रेस के संभावित असंतुष्ट पार्षदों पर टिकी है. चर्चा है कि कांग्रेस की बाड़ाबंदी में शामिल एक-दो पार्षदों से संपर्क साधने की कोशिश भी की गई, लेकिन बात सार्वजनिक होने के बाद सेंधमारी की रणनीति को झटका लगा. अब बीजेपी नेता पार्षदों के परिजनों के माध्यम से संपर्क साधने में जुटे हैं.

बीजेपी का दावा है कि महज तीन अतिरिक्त वोटों का समर्थन मिल जाए तो जिला प्रमुख की कुर्सी उसके खाते में आ सकती है. बीजेपी के बाड़े में फिलहाल नौ जिला पार्षद बताए जा रहे हैं, जबकि पांच अन्य पार्षदों का अंदरखाने समर्थन मिलने का दावा किया जा रहा है. हालांकि, इन दावों की असली परीक्षा मतदान के दौरान ही होगी.

दो नामांकन की रणनीति पर भी विचार, विरोध से बचने की कवायद

कांग्रेस फिलहाल जिला प्रमुख के प्रत्याशी के नाम की सार्वजनिक घोषणा करने के बजाय सीधे नामांकन के दिन फैसला लेने की रणनीति पर काम कर रही है. माना जा रहा है कि पार्टी विरोध और संभावित बगावत से बचने के लिए दो नामांकन भी दाखिल करवा सकती है. ऐसी स्थिति में एक प्रत्याशी के नाम वापस लेने या किसी अन्य कारण से मैदान से हटने पर दूसरा उम्मीदवार मुकाबले में बना रहेगा.

पार्टी के भीतर पांच दावेदारों में से दो नामों को अनुभव और राजनीतिक समीकरणों के आधार पर शॉर्टलिस्ट किए जाने की चर्चा है. ललिता बाई मीणा, डॉ. विमला वर्मा और सुमन गब्बर मीणा के नामों को लेकर राजनीतिक गलियारों में विशेष चर्चा है. हालांकि, दोनों ही प्रमुख दलों ने अभी तक अपने पत्ते पूरी तरह नहीं खोले हैं.

छत्तीसगढ़ से कोलकाता तक बाड़ाबंदी, आज अलवर लौटेंगे पार्षद

कांग्रेस ने अपने जिला परिषद सदस्यों की बाड़ाबंदी छत्तीसगढ़ में की, जबकि बीजेपी ने अपने पार्षदों को कोलकाता में रखा. अब चुनाव से ठीक पहले दोनों दलों के पार्षद अलवर पहुंचेंगे. इसके बाद अंतिम दौर की बैठकों और राजनीतिक समीकरणों का दौर शुरू होगा. कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी चुनौती अपने 33 पार्षदों को एकजुट रखना है, वहीं बीजेपी की निगाहें कांग्रेस के भीतर संभावित असंतोष का फायदा उठाने पर हैं.

25 नवंबर को जिला प्रमुख निर्वाचन का कार्यक्रम

समयचुनाव प्रक्रिया
सुबह 10:00 बजेजिला परिषद सदस्यों की बैठक
सुबह 11:00 बजे तकनामांकन पत्र दाखिल
सुबह 11:30 बजे सेनामांकन पत्रों की संवीक्षा
दोपहर 1:00 बजे तकनामांकन वापस लेने का समय
दोपहर 3:00 से शाम 5:00 बजे तकआवश्यकता पड़ने पर मतदान

स्थान: जिला परिषद सभागार तारीख: 25 नवंबर 2026

अब सभी दावेदार अपने-अपने राजनीतिक संपर्कों और वरिष्ठ नेताओं के जरिए अंतिम समय में समर्थन जुटाने में लगे हैं. कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत है, लेकिन पांच दावेदारों के बीच किसी एक नाम पर सहमति बनाना आसान नहीं है. वहीं बीजेपी संख्या बल में कमजोर होने के बावजूद कांग्रेस की संभावित बगावत पर दांव लगा रही है.

कुल मिलाकर अलवर जिला प्रमुख का चुनाव केवल बहुमत का मुकाबला नहीं, बल्कि कांग्रेस की एकजुटता, बीजेपी की रणनीति और पांच महिला दावेदारों की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं की अग्निपरीक्षा बन गया है. अब देखना होगा कि जिला प्रमुख की कुर्सी पर कांग्रेस का बहुमत अपना असर दिखाता है या बीजेपी किसी सियासी उलटफेर के जरिए बाजी पलटने में कामयाब होती है.

रिपोर्ट: जुगल गांधी

यह भी पढ़ें: कांग्रेस को रोकने के लिए क्या साथ आएंगे BJP और BAP? बांसवाड़ा से सलूम्बर तक उलझा जिला प्रमुख का गणित

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES