App

किशनगढ़ में भीषण सड़क हादसा: मां-बेटी समेत 3 की मौत, पाटन चौराहे पर फ्लाईओवर की मांग तेज

Ajmer News: किशनगढ़-जयपुर हाईवे पर पाटन चौराहे के पास एक तेज रफ्तार स्लीपर कोच बस ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे जन्मदिन मनाकर लौट रहे मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों और विधायक ने चौराहे पर फ्लाईओवर बनाने की जोरदार मांग उठाई है.

किशनगढ़ में भीषण सड़क हादसा: मां-बेटी समेत 3 की मौत, पाटन चौराहे पर फ्लाईओवर की मांग तेज
Image Credit: पाटन चौराहे पर फ्लाईओवर की मांग ने पकड़ा जोर.

Ajmer News: राजस्थान के किशनगढ़ में जयपुर हाईवे पर पाटन चौराहे के पास देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई. एक स्लीपर कोच बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि बस बाइक को काफी दूर तक घसीटती ले गई. हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है, वहीं स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश है. लोगों ने पाटन चौराहे पर लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए फ्लाईओवर या पुलिया निर्माण की मांग फिर उठाई है.

जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे मां-बेटी और रिश्तेदार
जानकारी के अनुसार, मां-बेटी अपने दोहिते का जन्मदिन मनाने के बाद चचेरे भाई के साथ बाइक से वापस लौट रही थीं. इसी दौरान किशनगढ़-जयपुर हाईवे पर पाटन चौराहे के पास एक बेकाबू स्लीपर कोच बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.

मृतकों की पहचान हरमाड़ा निवासी भागचंद जाट और फलौदा निवासी लाडा देवी व हंसा के रूप में हुई है. मृतकों में मां-बेटी के साथ उनका एक रिश्तेदार भी शामिल था. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई.

पुलिस ने बस जब्त की, शव परिजनों को सौंपे
हादसे की सूचना मिलने पर बांदरसिंधरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए यातायात व्यवस्था संभाली. दुर्घटना में शामिल स्लीपर कोच बस को जब्त कर लिया गया. इसके बाद तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए. अपनों को खोने से परिवारों में गम का माहौल है.

पाटन चौराहे पर फ्लाईओवर की मांग ने पकड़ा जोर
तीन लोगों की मौत के बाद पाटन चौराहे पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर बने कट के कारण यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं. इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है. उनका मानना है कि यहां फ्लाईओवर या पुलिया बनने से हादसों पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है.

अस्पताल पहुंचे विधायक, प्रशासन पर उठाए सवाल
हादसे के बाद विधायक डॉ. विकास चौधरी भी राजकीय अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे. उन्होंने लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर विरोध जताते हुए पाटन चौराहे पर पुलिया निर्माण की मांग दोहराई. साथ ही, उन्होंने प्रशासन की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए.

लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच स्थानीय लोग अब इस चौराहे पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था और स्थायी निर्माण की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sandhya Yadav

Sandhya Yadav

लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने वाली संध्या ने Zee News से पहले Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल न्यूज़ संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. जमीनी खबरों की गहरी समझ रखने वाली संध्या ने राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, गहलोत-पायलट राजनीतिक संकट और कोविड-19 महामारी समेत कई बड़े और जटिल घटनाक्रमों की बेहतरीन कवरेज की है.आप संध्या यादव से सीधे SANDHYA.YADAV@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा राजस्थान की खबरों के रियल-टाइम अपडेट्स के लिए आप उनसे लिंक्डइन (https://in.linkedin.com/in/sandhya-yadav-5734ba144) पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More