21 साल की उम्र में प्रेरणा बनीं सरपंच: जयपुर में कर रहीं फिजियोथेरेपी की पढ़ाई
अलवर जिले की गढ़ ग्राम पंचायत में 21 साल की प्रेरणा ने सरपंच पद का चुनाव 387 वोटों से जीत लिया है. जयपुर में फिजियोथेरेपी की पढ़ाई कर रहीं प्रेरणा अब पढ़ाई के साथ गांव की जिम्मेदारी भी संभालेंगी. उनकी पहली प्राथमिकता गांव में लाइब्रेरी बनवाना, महिला शिक्षा को बढ़ावा देना और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना है.
राजस्थान के अलवर जिले की रैणी पंचायत समिति की गढ़ ग्राम पंचायत की प्रेरणा पुत्री तेजवीर सिंह ने सरपंच पद का चुनाव 387 वोटों से जीतकर नई मिसाल पेश की है. जयपुर में फिजियोथेरेपी की पढ़ाई पूरी कर रही प्रेरणा अब पढ़ाई के साथ-साथ गांव की जिम्मेदारी भी संभालेंगी.
पहले से ही प्रेरणा के परिवार का राजनीति से जुड़ाव
प्रेरणा के परिवार का पहले से ही राजनीति और जनसेवा से जुड़ाव रहा है. उनके पिता तेजवीर सिंह वर्ष 2015 में गांव के सरपंच रह चुके हैं, जबकि उनके नाना-नानी भी सरपंच रहे हैं. परिवार से मिली प्रेरणा और गांव के विकास की जरूरतों को देखते हुए उन्होंने चुनाव लड़ने का फैसला किया.
यह भी पढ़ें- PM मोदी ने किया राजस्थान मंडप का अवलोकन, पर्यटन और हस्तशिल्प की देखी झलक
गांव में लाइब्रेरी बनवाना पहली प्राथमिकता- प्रेरणा
प्रेरणा का कहना है कि गांव में सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति बेहतर बनाने की जरूरत है. उनकी पहली प्राथमिकता महिला शिक्षा को बढ़ावा देना और गांव में लाइब्रेरी बनवाना है, ताकि लड़कियों और बच्चों को गांव में ही पढ़ाई के लिए अच्छा माहौल मिल सके. इसके अलावा महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना और पंचायत के सभी गांवों का विकास करना उनके एजेंडे में शामिल है.
यह भी पढ़ें- बाड़मेर में सरपंच चुनाव के बाद शराब पार्टी का वीडियो वायरल: पोलिंग पार्टी के सदस्यों पर उठे सवाल
कब्रिस्तान से जुड़ी समस्या के समाधान पर प्रेरणा का फोकस
प्रेरणा ऐतिहासिक सालार बाबा धाम का विकास करवाने और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ाने के साथ मुस्लिम समुदाय के कब्रिस्तान से जुड़ी समस्या का समाधान भी करना चाहती हैं. फिजियोथेरेपी की पढ़ाई के बाद इंटर्नशिप कर रहीं प्रेरणा के सामने पढ़ाई और पंचायत की जिम्मेदारी के बीच तालमेल बैठाने की चुनौती होगी.
प्रेरणा का कहना है कि ग्रामीणों ने जिस भरोसे के साथ उन्हें चुना है, उसपर खरा उतरने और पंचायत के विकास के लिए वह पूरी मेहनत करेंगी. 21 साल की उम्र में सरपंच बनीं प्रेरणा की जीत ग्रामीण राजनीति में युवा और महिला नेतृत्व की नई तस्वीर पेश कर रही है.
Reporter- Jugal Gandhi