कोलकाता के चोरबागान (सरदा पार्क) दुर्गा पूजा पंडाल में हुए भीषण हादसे और भगदड़ में 19 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हो गई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं. भारी भीड़ और बारिश के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे की पूरी कवरेज और तस्वीरें यहां देखें.
कोलकाता के गिरीश पार्क इलाके में आज शाम एक बड़ा हादसा हो गया. पुलिस के अनुसार, शाम लगभग 7:40 बजे शारदा पार्क (चोर बागान) के दुर्गा पूजा पंडाल में अचानक भारी भीड़ जमा हो गई. श्रद्धालुओं की अचानक बढ़ी संख्या के कारण निकास द्वार (Exit Gate) के पास भगदड़ मच गई. इस दर्दनाक हादसे में 19 लोगों की जान चली गई, जबकि 25 से भी ज्यादा लोग घायल हो गए हैं.
1/6
चश्मदीदों ने बताया घायलों को लेकर मोटर साइकिल पर भागे स्थानीय लोग
चश्मदीदों ने बताया कि बेहोश और बीमार पड़े लोगों को तुरंत मोटरसाइकिलों पर बैठाकर पास के अस्पतालों और सुरक्षित जगहों की ओर ले जाया गया, ताकि उन्हें जल्द से जल्द इलाज मिल सके. घटना की गंभीरता को समझते हुए पश्चिम बंगाल सरकार तुरंत हरकत में आई है. सरकार ने प्रभावित लोगों और उनके परिवारों की मदद के लिए एक टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 18003455678 जारी किया है. किसी भी तरह की जानकारी, आपातकालीन सहायता या डॉक्टरी मदद के लिए लोग इस नंबर पर सीधा संपर्क कर सकते हैं.
2/6
भगदड़ के दौरान बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े श्रद्धालु
पश्चिम बंगाल में हादसे के बाद अचानक कुछ हालत बहुत बिगड़ गई. चश्मदीदों के मुताबिक, वहां का नजारा बेहद डरावना था और कई लोग अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, अफरा-तफरी के माहौल में लोग अपनों की मदद के लिए दौड़ पड़े. इलाके में एम्बुलेंस या गाड़ियों का इंतजार करने के बजाय, बिना वक्त गंवाए स्थानीय लोगों ने मोर्चा संभाला.
3/6
राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने हादसे पर जताया दुख, मृतकों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान
दुर्गा पूजा पंडाल में हुई लोगों की मौत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गहरा दुख जताया है. उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. राष्ट्रपति ने हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताते हुए पीएमओ की ओर से पोस्ट जारी किया है. इस पोस्ट में कहा गया कि इस घटना से बेहद दुख हुआ है. प्रधानमंत्री ने हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव मदद पहुंचा रहा है. प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को PMNRF से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी.
4/6
हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, लेकिन राहत और बचाव टीम ने समय रहते स्थिति को संभाल लिया. सभी घायलों को बेहद सावधानी और सुरक्षा के साथ बाहर निकाला गया और तुरंत इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MCH) पहुंचाया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए कंट्रोल रूम भी तुरंत हरकत में आ गया.
5/6
CM सुवेंदु पहुंचे अस्पताल, घायलों का लिया हाल-चाल
ये उत्तरी कोलकाता की सबसे बड़ी दुर्गा पूजा कमेटी है. यहां पर लोगों की भीड़ रात की दुर्गा पूजा देखने के लिए पहुंची है. इस हादसे के बाद सीएम सुवेंदु अधिकारी के अलावा पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री भी अस्पताल पहुंचे हैं. कुछ लोगों की हालत काफी सीरियस हैं.
6/6
कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुए हादसे के बाद बिखरी चप्पलें
खराब मौसम की वजह से आई बारिश में लोग अचानक से पंडाल में घुसने लगे इसी दौरान मची इस आपाधापी में लोग एक-दूसरे से संभल भी नहीं पाए और देखते ही देखते खुशी का माहौल मातम में बदल गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. इस अचानक हुई घटना से पूरे इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है.