SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

घाटी में सेना का टारगेट-75: निशाने पर कश्मीर की 6 लोकेशन, आतंकी साजिश पर बड़ा खुलासा

ऑपरेशन सिंदूर के बाद जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर से आंतकवाद ने सिर उठाना शुरू कर दिया है. जानकारी के मुताबिक, घाटी में लगभग 70-75 सक्रिय आतंकवादी होने की जानकारी मिली है, जिन्हें विदेशी एजेंसियों का समर्थन मिल रहा है.

Edited By K. Raj Mishra
Published: Nov 13, 2026, 08:45 AM IST | Updated: Nov 13, 2026, 09:38 AM IST
Image Credit: घाटी को दहलाने की साजिश (AI तस्वीर)
Join

ऑपरेशन सिंदूर के बाद जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर से आंतकवाद ने सिर उठाना शुरू कर दिया है. पिछले दो दिनों में आतंकियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाते हुए हमले किए. पहली घटना में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) के दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) शहीद हो गए, जबकि दूसरी घटना में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हुए हैं. इन घटनाओं से साफ है कि आतंकवादी अपनी गतिविधियों को फिर से तेज करने की कोशिश में हैं. कुलगाम में सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले की गंभीरता इसलिए बढ़ जाती है, क्योंकि इसी दिन उपराज्यपाल का दौरा था. इन दोनों घटनाओं के बाद सेना, CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस तीनों मिलकर सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं. इस सबके बीच सुरक्षाबलों को घाटी में लगभग 70-75 सक्रिय आतंकवादी होने की जानकारी मिली है, जिन्हें विदेशी एजेंसियों का समर्थन मिल रहा है.

घाटी को फिर से दहलाने की साजिश

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम और किश्तवाड़ में हाल ही में हुई आतंकी घटनाओं ने घाटी की सुरक्षा एजेंसियों को एक बार फिर हाई अलर्ट पर ला दिया है. पिछले कुछ महीनों के इनपुट के अनुसार, घाटी में आतंकवादियों की भारी घुसपैठ हुई है. ज़ी न्यूज़ को मिले इनपुट के मुताबिक, पाकिस्तान में बैठे लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के आतंकियों ने घाटी में दहशत फैलाने के लिए अपने 'हाइब्रिड OGW नेटवर्क' को एक्टिवेट कर दिया है. इस नेटवर्क के जरिए सीमा पार बैठे आतंकी घाटी में सुरक्षाबलों की मुवमेंट और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी शामिल हासिल कर रहे हैं. आशंका है कि इस जानकारी का इस्तेमाल भविष्य में ड्रोन हमलों या चुनिंदा लक्ष्यों पर हमले की योजना बनाने के लिए किया जा सकता है. आशंका है कि इस जानकारी का इस्तेमाल भविष्य में ड्रोन हमलों या चुनिंदा लक्ष्यों पर हमले की योजना बनाने के लिए किया जा सकता है.

आतंकियों के निशाने पर 6 लोकेशन

आतंकियों की ओर से जिन ठिकानों को टारगेट किया जा सकता है, उनमें श्रीनगर में स्थित पुराना एयरफील्ड, बादामीबाग में स्थित BB कैंट, पुराना एयरपोर्ट के पास स्थित 619 AD ब्रिगेड, भरवैया बटालियन, श्रीनगर में शरीफाबाद आर्मी कैंप और अवंतीपोरा एयरफील्ड शामिल हैं. सूत्रों के मुताबिक, 26 अगस्त को पाकिस्तान से 4 आतंकी राजौरी सेक्टर में दाखिल हुए थे. ये मेंढर, गुजर खान, रिट्टा, सेरी और राजौरी के रास्ते आए और फिर आगे बढ़े. आशंका है कि ये आतंकी पत्नी कबा इलाके से पत्नीटॉप सेक्टर के सोनी कुंड से होते हुए कश्मीर के रिहायशी इलाकों तक पहुंचे हैं. इन आतंकियों के रामबन इलाके की ओर जाने की संभावना है. सुरक्षाबलों से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, इन आतंकियों के साथ 2 गाइड भी हैं, जो कश्मीर के ही रहने वाले हैं और आतंकियों की पूरी मदद कर रहे हैं.

घुसपैठ में कौन-कौन से आतंकी?

  1. ज़ाकिर खान उर्फ ​​कुरैशी साहब (23 वर्ष) निवासी- गाथी बार्थ, डल मंडी चक, पाकिस्तान.
  2. ज़ुल्फ़खान शिकारी उर्फ आमिर खान (24 वर्ष), पिता- अहमदुल्ला शिकारी, निवासी- 121 ब्लॉक H, यूनिट 3, लतीफाबाद, हैदराबाद, पाकिस्तान.
  3. मीर हमजा उर्फ अबू जहाज (25 वर्ष), पिता- रहमत हमजा, निवासी- कसाब कमाल, मीरपुर, अल्ला मस्जिद के पास, पाकिस्तान.
  4. शादाब बाजी उर्फ ​​मोहम्मद उस्मान (25 वर्ष), पिता- मोहम्मद कासिम बाजी, निवासी- ब्याही, अल-मश्क, दक्षिणी लेबनान.

आतंकियों के गाइड कौन हैं?

  1. जमशेद खान, पिता- हफीजुल्ला खान, निवासी- रियासी, जम्मू-कश्मीर.
  2. मोहिदीन गुज्जर, पिता- सिराजदीन गुज्जर, निवासी- ऊपरी रियासी, जम्मू-कश्मीर.

घाटी को दहलाने की साजिश

लश्कर ने आने वाले कुछ दिनों में अलग-अलग जगहों पर हमले की योजना बनाई है. इसकी वजह यह है कि पिछले कई महीनों से जम्मू-कश्मीर में कायम शांति से पाकिस्तान में मौजूद आतंकवादियों और उनके आकाओं में काफी बेचैनी बढ़ गई है. उन्हें डर है कि अगर यही हालात बने रहे, तो घाटी पर उनकी दहशत की पकड़ पूरी तरह खत्म हो जाएगी. घाटी में अपनी मौजूदगी साबित करने के लिए, आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है.

2 दिनों में 3 बड़े हमले

पहली घटना कुलगाम में हुई, जहां आतंकवादियों ने एक चेकपॉइंट पर तीन CRPF जवानों को निशाना बनाने की कोशिश की. उनका इरादा इन तीनों जवानों को खत्म करने और फिर पास के ही एक CRPF कैंप पर हमला करने का था. हालांकि, तीनों CRPF जवानों की बहादुरी ने उनके मंसूबों को नाकाम कर दिया. भले ही आतंकवादी की गोलियों से जवान घायल हो गए, लेकिन उनका हौसला बुलंद रहा. 11 नवंबर को हुई दो आतंकी घटनाओं के बाद एक और चिंताजनक खबर सामने आई है. रामबन इलाके से खबर है कि रामबन के धाद्रथ क्षेत्र में 'विलेज डिफेंस ग्रुप' (VDG) के एक सदस्य का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है. मृतक की पहचान रामबन के डुग्गा धाद्रथ निवासी 57 वर्षीय सुखदेव सिंह के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, शव धाद्रथ के लगल्ली इलाके में मिला. पुलिस फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है और इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं इसमें किसी आतंकी संगठन का हाथ तो नहीं है.

आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी

पिछले दो दिनों में हुई तीन आतंकी घटनाओं को देखते हुए, भारतीय सेना, CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस के 'स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप' ने एक संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया है. इस अभियान के तहत सभी इलाकों की घेराबंदी कर दी गई है और वहां से गुजरने वाले हर वाहन की बारीकी से तलाशी ली जा रही है. साथ ही, उन लोगों का पता लगाने की कोशिशें भी जारी हैं जो आतंकवादियों को जरूरी सामान और अन्य तरह की मदद मुहैया कराते हैं. सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, यह तलाशी अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक कि आतंकवादियों को उनके अंजाम तक नहीं पहुंचा दिया जाता.

रिपोर्ट- अमित भारद्वाज

ये भी पढ़ें- 'पाकिस्तान ख्याली पुलाव पकाना छोड़ दे; दिल्ली भी आतंकवाद खत्म होने का ढोल पीटना बंद करे': फारूक का तीखा वार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES