काजू कतली में चांदी की चमक का काला खेल: एल्युमिनियम से बन रहा था ‘सिल्वर वर्क’; हैदराबाद में 4 यूनिट पकड़ी गईं
काजू कतली से लेकर चम-चम और पान तक इस्तेमाल होने वाले ‘चांदी वर्क’ को लेकर पुलिस की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस ने चार अवैध यूनिट्स पर छापा मारकर एल्युमिनियम से तैयार नकली सिल्वर वर्क और अन्य सामान बरामद किया. आरोप है कि एल्युमिनियन को ही असली चांदी बताकर तेलंगाना में मिठाई, बेकरी और पान कारोबारियों को सप्लाई किया जाता था.
कहीं आपकी मिठाई में चांदी की चमक के नाम पर कैंसर कारक एल्युमिनियम तो नहीं? ये सवाल हम आपसे इसलिए पूछ रहे हैं क्योंकि मकसद डराना नहीं, बल्कि मिलावटखोरों के जहर से आपको बचाना है. देश भर में पुलिस-प्रशासन का अमला अब उन मिलावटखोरों पर शिकंजा कस रहा है, जो अपने मुनाफे के लिए आपकी सेहत से खुलेआम खिलवाड़ कर रहे हैं. ज़ी न्यूज़ आपको लगातार देशभर में सामने आ रहे मिलावटखोरी के मामलों से आपको आगाह करने के साथ-साथ फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की गाइड लाइंस से भी आपको रूबरू करा रहा है, क्योंकि किसी चमचमाती दुकान काउंटर के अंदर रखे चमकीली मिठाई को सिर्फ देखकर ही उसे घर लाने का फैसला न करें, बल्कि वो एहतियात जरूर बरतें, जो एक जागरूक ग्राहक होने के नाते आपको बरतने चाहिए.
'आपकी काजू-कतली पर लगी चांदी की वर्क नकली तो नहीं'
हैदराबाद पुलिस कमिश्नर की टास्क फोर्स ने मशहूर चारमीनार और उसके आसपास चल रही चार अवैध मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स का भंडाफोड़ किया है, जिन पर ये आरोप लगा था है कि वहां बड़े पैमाने पर सस्ती एल्युमिनियम का इस्तेमाल करके खाने योग्य चांदी का वर्क बनाया रहे थे और उसे असली चांदी बताकर बेच रहे थे.
इस कार्रवाई से पता चला कि कैसे एल्युमिनियम से बने उत्पादों को 'खाने योग्य चांदी' बताकर तैयार किया जा रहा था, पैक किया जा रहा था और पूरे तेलंगाना में मिठाई की दुकानों, बेकरियों और पान की दुकानों तक पहुंचाया जा रहा था.
चार जगहों पर छापेमारी
चारमीनार इलाके के जिन प्रतिष्ठानों पर पुलिस की गाज गिरी उनके नाम भी जान लीजिए.
- 'इत्तेहाद वर्क शॉप'.
- 'यूटीसी सिल्वर लीफ्स'.
- 'एम.ए. मेट्रो वर्क शॉप'.
बीबी का चश्मा इलाके में 'तारा यूनिट'.
'FSSAI का लाइसेंस नहीं'
इस रेड के बाद चारमीनार, हुसैनियालम, मोगलपुरा और फलकनुमा पुलिस स्टेशनों में चार आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं.
पुलिस ने रेड में इन लोगों के गोरखधंधे की पड़ताल करने के बाद अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि, इस यूनिट में पकड़े गए लोग असली चांदी की जगह सस्ती एल्युमिनियम का इस्तेमाल करके चांदी के रंग वाली परतें और टुकड़े (फ्लेक्स) बना रहे थे. इन पर आरोप लगा है कि इन उत्पादों को 'खाने योग्य चांदी' बताकर अन्य प्रतिष्ठानों को बेचा गया, जबकि इनके पास भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) से कोई वैध लाइसेंस नहीं था.
मिठाई की दुकान से बेकरी तक फैला रहे थे 'बीमारी'
गौरतलब है कि एल्युमिनियम मानव शरीर के लिए उपयुक्त नहीं है. इसके बावजूद ये लोग एल्युमिनियम की परतों को मिठाई बनाने वाली यूनिट्स को सप्लाई कर रहे थे, ताकि काजू कतली, काजू रोल, चम-चम और अन्य मिठाइयों को सजाने के लिए इनका इस्तेमाल किया जा सके.
इसके अलावा, एल्युमिनियम की परत चढ़ी चीनी की गोलियां भी बनाई जा रही थीं, जिन्हें बेकरियों को सप्लाई किया जाता था ताकि उनका इस्तेमाल केक की टॉपिंग के रूप में हो सके.
'आपका पान भी सेफ नहीं'
यह गोरखधंधा पान तक भी फैला हुआ था. पुलिस ने बताया कि आरोपी उत्तर प्रदेश से एल्युमिनियम के टुकड़े (फ्लेक्स) मंगाते थे और उन्हें असली चांदी के टुकड़े बताकर बेचते थे. इनका इस्तेमाल जर्दा, किवाम और मीठे पान सहित कई तरह के पान बनाने में किया जाता था.
आरोप है कि त्योहारों के सीजन में जब मांग बढ़ जाती थी, तो ये लोग दूसरे राज्यों से कच्चा माल ज्यादा मंगाते थे. इन्होंने पूरे तेलंगाना में मिठाई की दुकानों, बेकरियों और पान की दुकानों का एक सप्लाई नेटवर्क बना रखा था. रेड के दौरान निर्माण प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाले मिक्सर ग्राइंडर, लंबे मिक्सर, पैकिंग मशीन, वजन करने वाली मशीन, गैस सिलेंडर, स्टोव और खाना पकाने के बर्तन भी जब्त कर लिए गए.
FAQ-
सवाल: चांदी की वर्क की गुणवत्ता के लिए क्या मानक तय हैं?
जवाब: 'खाद्य सुरक्षा और मानक (खाद्य उत्पाद मानक और खाद्य योजक) विनियम, 2011' के नियम 2.11.4 के तहत, खाने योग्य चांदी के वर्क (सिल्वर लीफ) में चांदी की शुद्धता कम से कम 999/1000 या 99.9 प्रतिशत होनी चाहिए. इसके निर्माण की किसी भी प्रक्रिया में जानवरों से प्राप्त किसी भी सामग्री का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए.
सवाल: नकली चांदी का वर्क खाने से क्या नुकसान हो सकता है?
जवाब: असली चांदी की जगह एल्युमिनियम का इस्तेमाल करना और ऐसे उत्पादों को असली चांदी बताकर बेचना अपराध है. ये खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा करता है. खाद्य-ग्रेड न होने वाले एल्युमिनियम उत्पादों के लंबे समय तक संपर्क में रहने से स्वास्थ्य संबंधी जोखिम हो सकते हैं, जिनमें न्यूरोलॉजिकल (तंत्रिका तंत्र से जुड़े) प्रभाव, किडनी को नुकसान और हड्डियों से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं. हालांकि इसके वास्तविक जोखिम इस बात पर निर्भर करते हैं कि व्यक्ति कितने समय तक और किस हद तक इनके संपर्क में रहा है.
सवाल: वर्क की जांच कैसे कर सकते हैं?
जवाब: एल्युमिनियम फॉयल और असली चांदी के बीच अंतर करने के लिए दो शुरुआती जांच के तरीके हैं, हालांकि इनमें से कोई भी पूरी तरह फूलप्रूफ यानी पक्का नहीं है.
'रबिंग टेस्ट' (रगड़ने का परीक्षण)- असली चांदी के वर्क को हल्के से रगड़ने पर वह आमतौर पर बारीक कणों में टूट जाता है. वहीं, एल्युमिनियम फॉयल रगड़ने पर सिकुड़ सकता है, फट सकता है या छोटी गेंद जैसा रूप ले सकता है.
'एसिड से जांच' - डिस्क्लेमर: ये परीक्षण घर पर संभव नहीं. ये जांच सरकारी या सरकार द्वारा प्रमाणित प्रयोगशाला में होनी चाहिए. इस विधि से परीक्षण में चांदी के वर्क के ऊपर डाइल्यूट हाइड्रोक्लोरिक एसिड की कुछ बूंदे डालकर टेस्ट किया जाता है. एल्युमिनियम, डाइल्यूट हाइड्रोक्लोरिक एसिड के साथ प्रतिक्रिया करके हाइड्रोजन गैस छोड़ता है, वहीं सामान्य परिस्थितियों में चांदी आमतौर पर कोई प्रतिक्रिया नहीं करती है. चूंकि, ये एक केमिकल टेस्ट है जिसे केवल प्रशिक्षित लोगों द्वारा ही, उचित सुरक्षा सावधानियों के साथ किया जाना चाहिए.
ऐसी कार्रवाई देशभर में होनी जरूरी है. क्योंकि शायद ही भारत में कोई ऐसी जगह हो जहां, बर्फी से लेकर तमाम मिठाइयों में यूं भर-भरकर चांदी की वर्क का इस्तेमाल न होता हो.
हैदराबाद पुलिस की इस मुहिम की देशभर में तारीफ हो रही है. मिलावटखोरों को दबोचकर जेल भेजने के लिए, लोगों की सेहत दुरुस्त रखने के लिए ये स्पेशल ऑपरेशन डीसीपी (कमिश्नर टास्क फोर्स) गायकवाड़ वैभव रघुनाथ के नेतृत्व में चलाया गया. इस खास एक्शन में इंस्पेक्टर एन. रंजीत कुमार गौड़, सब-इंस्पेक्टर और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. खुद हैदराबाद पुलिस कमिश्नर डॉ. महेश मुरलीधर भागवत ने इस ऑपरेशन की निगरानी की.