App

शादी के सीजन में बड़ी राहत! सोने-चांदी का रेट आज फिर धड़ाम, निवेशकों के लिए एक्सपर्ट की सलाह?

फेड की तरफ से ब्याज दर बढ़ाए जाने की आशंका के बीच सोने के दाम में चल रहा गिरावट का सिलसिला आज भी जारी रहा. इस गिरावट के बाद सोना अपनी रिकॉर्ड हाई से करीब 50 हजार रुपये और चांदी 2.6 लाख रुपये प्रति किलो डाउन हो गई है. ऐसे में निवेशकों के लिए क्या है सलाह?

शादी के सीजन में बड़ी राहत! सोने-चांदी का रेट आज फिर धड़ाम, निवेशकों के लिए एक्सपर्ट की सलाह?
Image Credit: (File Pic) सोने का आज का लेवल 26 सितंबर 2025 के बाद का सबसे निचला स्तर है.

अगर आपके घर में शादी की तैयारियां चल रही हैं और अभी तक सोने-चांदी की ज्वैलरी नहीं खरीदी तो यह खबर आपको खुश कर देगी. एक दिन पहले की बड़ी गिरावट के बाद सोने-चांदी में नरमी का सिलसिला 19 नवंबर (गुरुवार) को भी जारी रहा. इंटरनेशनल मार्केट में सोने के दाम एक साल से भी ज्यादा के निचले लेवल पर चल रहे हैं. इसका सीधा असर भारतीय बाजारों पर भी देखने को मिल रहा है. अमेरिकी फेड रिजर्व (Fed Reserve) की तरफ से ब्याज दर पर सख्त रुख दिखाई देने के बाद डॉलर और ट्रेजरी यील्ड में तेजी आई है. इसका असर रहा कि कॉमेक्स पर सोना टूटकर 3,730 डॉलर प्रति औंस के करीब ट्रेड कर रहा है. इसके अलावा चांदी भी 45 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई. सोने का यह लेवल 26 सितंबर 2025 के बाद का सबसे निचला स्तर है.

MCX पर सोने-चांदी का हाल

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने-चांदी गिरावट के साथ ट्रेंड कर रहे हैं. इंटरनेशनल लेवल पर चल रही गिरावट का असर MCX पर भी साफ नजर आया. सुबह के समय MCX गोल्ड फ्यूचर्स गिरकर 1,29,440 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा. MCX सिल्वर फ्यूचर्स भी करीब आधा फीसदी लुढ़ककर 1,60,670 रुपये प्रति किलो के लेवल पर आ गया. दिल्ली में 24 कैरेट वाले गोल्ड की कीमत 1,28,980 रुपये प्रति 10 ग्राम पर दर्ज की गई. मुंबई में यही रेट 1,29,200 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा.

सोने-चांदी में क्यों आ रही गिरावट?

केडिया कमोडिट के अजय केडिया का कहना है कि फेड रिजर्व के अधिकारियों की तरफ से दिये गए हालिया बयानों के सोने में गिरावट आ रही है. फेड अधिकारियों की तरफ से दिये गए सख्त संकेतों के बाद सोने में लगातार गिरावट देखी जा रही है. बढ़ते ट्रेजरी यील्ड और मजबूत डॉलर के कारण बुलियन मार्केट दबाव में है. शेयर बाजार में तेजी के बीच निवेशकों ने सोने से पैसा निकालकर दूसरे एसेट्स में लगाना शुरू कर दिया है.

दिल्ली और मुंबई में आज का रेट?

रिटेल मार्केट में 24 कैरेट गोल्ड को सबसे प्योर माना जाता है. ज्वैलरी में 22 कैरेट वाला सोना यूज होता है. आइए जानते हैं 19 नवंबर को देश के दो बड़े महानगरों में सोने और चांदी का रेट-

  • राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट वाले सोने की कीमत 1,28,980 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई. 22 कैरेट वाले गोल्ड का भाव 1,18,232 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. 999 फाइन सिल्वर का दाम 1,60,100 रुपये प्रति किलो पर चल रही है.
  • आर्थिक राजधानी मुंबई में 24 कैरेट वाला सोने का रेट 1,29,200 रुपये प्रति 10 ग्राम है. वहीं, 22 कैरेट वाले गोल्ड की बात करें तो यह 1,18,433 रुपये प्रति 10 ग्राम है. यहां 999 फाइन सिल्वर के दाम 1,60,370 रुपये प्रति किलो है.

डॉलर इंडेक्स में कमजोरी

अजय केडिया का कहना है कि 2026 की शुरुआती तेजी के बाद सोने और चांदी में गिरावट का कारण मुनाफा वसूली, डॉलर की मजबूती और बॉन्ड यील्ड का बढ़ना है. क्रूड ऑयल महंगा होने के बाद महंगाई को लेकर चिंता बढ़ गई है. डॉलर इंडेक्स 103 से ऊपर पहुंचने से सोने-चांदी के प्रति आकर्षण कम हुआ है. फेड की तरफ से दिसंबर में ब्याज दर बढ़ाए जाने की उम्मीद है. इससे सोना कमजोर हुआ है.

निवेशकों के लिए सलाह

अजय केडिया के अनुसार दिसंबर में फेड रिजर्व ब्याज दर को 25 से 50 बेसिस प्वाइंट तक बढ़ा सकता है. ब्याज दर बढ़ने की उम्मीद में सोना-चांदी नीचे जा रहा है. लॉन्ग टर्म पर फोकस करकें तो गोल्ड के बेसिक्स मजबूत हैं. दुनियाभर के सेंट्रल बैंकों की तरफ से सोने की लगातार खरीदारी की जा रही है. इस समय बाजार में चल रही बड़ी गिरावट के बीच धीरे-धीरे अच्छी खरीदारी का मौका बन सकता है. निवेश करने वाले SIP फॉर्म में पैसा लगा सकते हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More