App

‘पूरी फिल्म में सब अच्छे थे, बस मैं ही अकेला बुरा...’, Zee News से खास बातचीत में स्वानंद किरकिरे ने ‘ये प्रेम मोल लिया’ और अक्षय कुमार संग नई फिल्म पर की बात

हिंदी सिनेमा के फेमस लिरिसिस्ट और एक्टर स्वानंद किरकिरे ने हाल ही में Zee News से अपने फिल्मी सफर पर खास बातचीत की. इस दौरान उन्होंने अपनी लेटेस्ट फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ के एक्सपीरियंस, अपने रोल और ऑडियंस के रिस्पॉन्स के बारे में कई दिलचस्प बातें शेयर कीं. जानिए उनके करियर और अपकमिंग प्रोजेक्ट्स से जुड़ी खास अपडेट्स.

‘पूरी फिल्म में सब अच्छे थे, बस मैं ही अकेला बुरा...’, Zee News से खास बातचीत में स्वानंद किरकिरे ने ‘ये प्रेम मोल लिया’ और अक्षय कुमार संग नई फिल्म पर की बात
Image Credit: ‘ये प्रेम मोल लिया’ फेम स्वानंद किरकिरे ने जी न्यूज के साथ की खास बातचीत (Screenshot and AI)

हिंदी सिनेमा में अपनी कलम और आवाज का जादू बिखेरने वाले स्वानंद किरकिरे आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. मध्य प्रदेश के इंदौर में 29 अप्रैल 1970 को जन्मे स्वानंद ने अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद क्रिएटिव फील्ड में कुछ बड़ा करने के सपने के साथ मुंबई का रुख किया था. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राइटिंग से की और अपनी मेहनत के दम पर इंडस्ट्री में एक खास जगह बनाई. ‘परिणीता’, ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ और ‘3 इडियट्स’ जैसी सुपरहिट फिल्मों के गानों ने उन्हें देश के टॉप लिरिसिस्ट की लिस्ट में शामिल कर दिया. अपने टैलेंट के दम पर उन्होंने कई बड़े अवॉर्ड्स भी अपने नाम किए.

हाल ही में Zee News के साथ एक खास बातचीत में स्वानंद किरकिरे ने अपने अब तक के करियर और इंडस्ट्री के एक्सपीरियंस पर दिल खोलकर बात की. इस इंटरव्यू के दौरान उन्होंने अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ से जुड़े कई मजेदार किस्से शेयर किए और बताया कि इस कहानी ने उन्हें कैसे अट्रैक्ट किया. बातचीत में उन्होंने अपने किरदार, फिल्म की थीम और ऑडियंस से मिल रहे प्यार पर भी चर्चा की. इसके अलावा स्वानंद ने अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स और फ्यूचर प्लानिंग पर भी बात की, जिससे उनके फैंस के बीच काफी एक्साइटमेंट बढ़ गई है. चलिए बताते हैं उन्होंने क्या-क्या कहा. 

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

Zee News के साथ ‘ये प्रेम मोल लिया’ फेम स्वानंद किरकिरे की खास बातचीत

सवाल:आपने अपने करियर की शुरुआत एक राइटर और लिरिसिस्ट के तौर पर की थी. पीछे मुड़कर देखते हैं तो वो कौन-सा संघर्ष या सीख है, जिसने आपको आज का स्वानंद किरकिरे बनाया?

स्वानंद किरकिरे: मुझे सबसे ज्यादा मेरे लिरिक राइटिंग (गीत लेखन) के काम ने बनाया है, क्योंकि मुझे पहली पहचान एक गीतकार और एक सिंगर के रूप में ही मिली थी. संगीत की दुनिया ने मुझे सब कुछ दिया है. आज मुझे फिल्मों में एक्टिंग के लिए जो कास्ट किया जाता है, वो भी इसीलिए है, क्योंकि लोग मुझे संगीत की दुनिया से जानते हैं. इस दुनिया का एहसान तो कभी उतारा नहीं जा सकता, लेकिन मैं खुद को खुशनसीब मानता हूं कि मुझे एक्टिंग करने का मौका मिला और मैं उसे ठीक से निभा पाया. सूरज बड़जात्या जैसे डायरेक्टर की फिल्म में इतना बड़ा रोल मिलना मेरे लिए बहुत बड़ी बात है. संघर्ष हर सफर में होते हैं, लेकिन जब उन संघर्षों के आखिर में कुछ अच्छा मिलने लगे, तो उन संघर्षों के मायने बदल जाते हैं और लगता है कि मेहनत सफल हो गई.

सवाल: क्या आपने बचपन से ही तय कर लिया था कि आपको क्या बनना है, क्या कभी घरवालों से अपने सपनों के लिए लड़ना पड़ा?

स्वानंद किरकिरे: मैंने बचपन में एक्टर बनने का तो कभी नहीं सोचा था. मुझे एक फिल्म डायरेक्टर बनना था. मैं घर में गाना गाता था, क्योंकि मैं किशोर कुमार का बहुत बड़ा फैन था. मेरे पिताजी भी संगीत से जुड़े थे, लेकिन मैंने म्यूजिक या लिरिक्स में करियर बनाने के बारे में नहीं सोचा था. मजेदार बात ये है कि जिन चीजों के बारे में मैंने नहीं सोचा था, वही मुझे करने को मिलीं. हा, इतना जरूर तय था कि मुझे फिल्म इंडस्ट्री में ही जाना है. मैंने असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर और टेलीविजन सीरियल लिखने से अपनी शुरुआत की थी. इस दुनिया में आने के लिए मुझे अपनी स्किल्स और इच्छाशक्ति को लगातार डेवलप करना पड़ा.

सवाल: आप अपने करियर में कई किरदार निभाए, लिरिसिस्ट, राइटर, सिंगर और एक्टर, तो इनमें से कौन-सी भूमिका आपकी पर्सनैलिटी के सबसे ज्यादा करीब है और क्यों?

स्वानंद किरकिरे: मेरा म्यूजिक और मेरी राइटिंग हमेशा मेरे साथ रहेगा. मैं एक राइटर हूं, इसलिए मैं हमेशा कुछ न कुछ गढ़ता और लिखता रहूंगा. ऐसा कभी नहीं हो सकता कि मैं एक्टर बन गया हूं तो लिखना छोड़ दूं. अभी भी मैंने ‘यो ब्रदर दिस इज 95’ नाम का एक प्ले लिखा है और उसमें काम भी किया है. मैं लगातार क्रिएशन के मोड में रहता हूं, इसलिए म्यूजिक और राइटिंग मुझसे कभी दूर नहीं जा सकते.

सवाल: जब आपने इंडस्ट्री में कदम रखा था और आज के दौर में, कहानी कहने और म्यूजिक बनाने के तरीके में आपको सबसे बड़ा बदलाव क्या नजर आता है?

स्वानंद किरकिरे: हर दौर अलग होता है. जब मैं 80 के दौर में बड़ा हो रहा था, तब सिनेमा का दौर अलग था. फिर 90 और 2000 के दशक में हमने नए लिरिसिस्ट की एक पूरी टीम के साथ पुराने दौर के म्यूजिक और लिरिक्स को वापस लाने की कोशिश की. गुलजार साहब, जावेद अख्तर और समीर साहब के बाद जो एक खालीपन आया था, उसे भरने के लिए कई नए लोग आगे आए. आज कैसेट्स और सीडी का दौर खत्म होकर स्ट्रीमिंग का दौर आ गया है. फिल्मों के पूरे एल्बम बनने कम हो गए हैं और सिंगल गानों का चलन है. एक ही फिल्म में अलग-अलग कंपोजर और लिरिसिस्ट काम कर रहे हैं, लेकिन मुझे इस नए दौर में कोई बुराई नहीं दिखती. नए फिल्ममेकर्स और नए कहानीकार आए हैं, जिनका देखने का नजरिया अलग है. इंडस्ट्री हमेशा बदलती रहती है और इसी बदलाव की वजह से ये जिंदा है.

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

सवाल: ‘परिणीता’, ‘3 इडियट्स’, ‘हजोंरों ख्वाहिशें ऐसी’ जैसे कई प्रोजेक्ट्स आपके करियर के अहम पड़ाव रहे हैं, कौन-सी फिल्म या गाना आपके दिल के सबसे करीब है?

स्वानंद किरकिरे: मैं अपने गाने तो नहीं सुनता, लेकिन दूसरों के गाने सुनना मुझे बहुत पसंद है. मुझे गुलजार साहब के गाने बेहद पसंद हैं और फिल्म 'तीसरी कसम' मेरी पसंदीदा फिल्मों में से है. अपनी फिल्मों की बात करूं तो '3 इडियट्स', 'इंग्लिश विंग्लिश', 'चक दे इंडिया' और 'पीकू' ऐसी फिल्में हैं जिन्हें मैं कभी भी देख सकता हूं.

सवाल: आपने इंडस्ट्री में कई सारे कलाकारों के साथ काम किया है आपको किसके साथ काम करके सबसे ज्यादा मजा आया, जहां आपको लगा कि इनके साथ दोबारा भी आप काम करना चाहेंगे?

स्वानंद किरकिरे: राजू हिरानी सर और विधु विनोद चोपड़ा सर के साथ मुझे बार-बार काम करने का मौका मिला है और उनके साथ काम करके हमेशा बहुत अच्छा लगता है. जहां तक आगे की इच्छा की बात है, तो मेरा सपना है कि मैं एक बार ए.आर. रहमान साहब के साथ काम करू, जो अभी तक पूरा नहीं हो पाया है.

सवाल: लोग आपको सबसे पहले लिरिसिस्ट और राइटर के तौर पर जानते हैं, एक्टिंग की तरफ आपका झुकाव कैसे हुआ और क्या कैमरे के सामने आना कभी आपको चैलेंजिंग लगा?

स्वानंद किरकिरे: जब आप कोई भी नया काम पहली बार करते हैं, तो चैलेंज और डर दोनों होते हैं. कैमरे के पीछे काम करना अलग बात है, लेकिन कैमरे के सामने आकर उसे फेस करना वाकई बहुत डरावना होता है.

सवाल: आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में आपको सबसे पहले किस बात ने अट्रैक्टर किया, जिसकी वजह से आपने इस प्रोजेक्ट के लिए ‘हां’ कहा?

स्वानंद किरकिरे: सूरज बड़जात्या इतने बड़े फिल्ममेकर हैं कि जब वे आपको कोई रोल ऑफर करते हैं, तो मना करने का सवाल ही नहीं उठता. उन्होंने मुझे बड़े सम्मान के साथ बिठाकर पूरा रोल सुनाया. मैं तो खुशी के मारे उछल पड़ा, क्योंकि ये एक ऐसा किरदार है, जो पूरी फिल्म की कहानी को आगे बढ़ाता है. फिल्म में बाकी सब अच्छे लोग हैं और मेरा किरदार ही इकलौता बुरा आदमी है. इस तरह का नेगेटिव और चैलेंजिंग रोल निभाना मेरे लिए बहुत रोमांचक था और अब ऑडियंस से इस किरदार के लिए मुझे खूब तारीफ भी मिल रही है.

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

सवाल: आयुष्मान खुराना हमेशा अलग तरह की फिल्मों को चुनने के लिए जाने जाते हैं, उनके साथ काम करने का एक्सपीरियंस कैसा रहा, क्या आप लोग सेट पर मस्ती-मजाक भी करते थे?

स्वानंद किरकिरे: आयुष्मान के साथ मेरी बहुत पुरानी जान-पहचान है. उनकी पहली फिल्म 'विकी डोनर' में मैंने ही 'मर जाइयां' गाना लिखा था. हम दोनों ही म्यूजिक से जुड़े लोग हैं, इसलिए हमारे बीच म्यूजिक को लेकर बहुत अच्छी बॉन्डिंग है. सेट पर भी हम एक-दूसरे को अपने नए रिकॉर्ड किए हुए गाने सुनाते थे और खूब मस्ती करते थे.

सवाल: फिल्म का टाइटल ‘ये प्रेम मोल लिया’ है, आपके हिसाब से आज के दौर में प्यार और रिश्तों की परिभाषा किस तरह बदल रही है और क्या इस फिल्म से किसी तरह का बदलाव आ सकता है?

स्वानंद किरकिरे: प्यार और उसकी कहानियां हर जनरेशन को पसंद आती हैं. कुछ कहानियां ऐसी होती हैं, जो लोगों को आदर्श रूप से जीना सिखाती हैं. 'ये प्रेम मोल लिया' वैसी ही एक फिल्म है. मुझे पूरा यकीन है कि आज की युवा पीढ़ी इस फिल्म को देखकर रिश्तों की गहराई को समझेगी और इससे कुछ न कुछ जरूर सीखेगी.

सवाल: आने वाले समय में लोग स्वानंद किरकिरे को किस रूप में ज्यादा देखने वाले हैं - लिरिसिस्ट, राइटर, एक्टर या फिर तीनों किरदारों में?

स्वानंद किरकिरे: अभी हाल ही में अक्षय कुमार सर के साथ मेरी एक फिल्म 'समुख' (Samukh) अनाउंस हुई है, जिसे विपुल शाह सर प्रोड्यूस कर रहे हैं. उसमें मैं एक बहुत ही जरूरी किरदार निभा रहा हूं.

सवाल: आपके लिखे गानों और कहानियों में आम आदमी के इमोशंस झलते हैं. आज की यंग जनरेशन, क्रिएटर्स और राइटर्स को आप क्या सलाह देना चाहेंगे?

स्वानंद किरकिरे: मैं यही कहूंगा कि जिंदगी को जितनी खूबसूरती और संवेदनशीलता से देख सकते हैं, देखें—क्योंकि सारे गाने और कहानियां जिंदगी से ही निकलते हैं. अपनी आंखें खुली रखें, लोगों के लिए कम्पैशन रखें और उन्हें समझने की कोशिश करें, तो आपके गानों में इमोशन अपने आप आ जाएंगे. इसके साथ ही हिंदी और उर्दू साहित्य को पढ़ें और बड़े लेखकों की किताबें जरूर पढ़ें.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vandana Saini

Vandana Saini

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More