SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Explainer: प्रत्यर्पण या अपनी मर्जी से वापसी? शेख हसीना के मामले में भारत के सामने कैसी कानूनी चुनौती?

बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना ने ऐलान किया है कि वह 16 दिसंबर को ढाका वापस जाएंगी. हालांकि, बांग्लादेश के अधिकारियों का कहना है कि हसीना केवल प्रत्यर्पण के रास्ते ही वापसी कर सकती हैं. ऐसे में सवाल है कि खुद बांग्लादेश लौटने की इच्छा के बाद भी क्या भारत को शेख हसीना का प्रत्यर्पण करना होगा.

Written By abhinav tripathi
Published: Nov 26, 2026, 11:58 IST | Updated: Nov 26, 2026, 12:07 IST
Image Credit: हसीना की वापसी पर फंसा पेच. फाइल फोटो
Join

बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना आगामी 16 दिसंबर को वापस ढाका लौटना चाहती है. बांग्लादेश वापस जाने के लिए उन्होंने 'विक्ट्री डे' को चुना है. हालांकि, बांग्लादेश ने स्पष्ट किया है कि शेख हसीना को कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए प्रत्यर्पण के जरिए वापस ढाका में प्रवेश मिल पाएगा. बांग्लादेश ने हसीना की ओर से मांगी गई मदद को भी खारिज कर दिया है.

दरअसल, शेख हसीना की इस प्रस्तावित घर वापसी ने भारत के सामने बड़ा कानूनी सवाल खड़ा कर दिया है. सवाल उठ रहा है कि जब किसी शख्स को दूसरे देश की अदालतें ढूंढ रही हों और वह खुद लौटने को तैयार हो, तो क्या इस स्थिति में कानून क्या कहता है. सवाल यह भी है कि क्या जिस देश में वह व्यक्ति अभी रह रहा है, उसे फिर भी उसका प्रत्यर्पण करना होगा?

शेख हसीना ने मांगी मदद

शेख हसीना बांग्लादेश लौटने का विरोध नहीं कर रही हैं, बल्कि उन्होंने ढाका की सरकार से खुद मदद मांगी और कहा कि उनके लिए 'बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस' की फ्लाइट का इंतजाम किया जाए, जिससे वह वापसी कर सकें. हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली का दावा है कि हसीना बांग्लादेश जाकर अदालतों की सामना करना चाहती हैं.

शेख हसीना के इस प्रस्ताव को बांग्लादेश की तारिक सरकार ने खारिज कर दिया. ढाका सरकार का कहना है कि हसीना अपने अनुसार, वापसी नहीं कर सकती हैं. उनको लौटने के लिए औपचारिक प्रत्यर्पण प्रक्रिया का पालन करना होगा. हाल में ही बंग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने इस संबंध में एक कड़ा बयान दिया था.

भारत-बांग्लादेश के बीच प्रत्यर्पण संधि

इन सभी घटनाक्रमों ने भारत-बांग्लादेश प्रत्यर्पण संधि के साथ भारत के कानूनों पर सभी का ध्यान खींचा है. ऐसे में सवाल खड़ा है कि क्या कि शेख हसीना के लौटने की इच्छा से कानूनी प्रक्रिया बदल जाएगी, जिसका भारत को पालन करना है. बता दें कि अपनी मर्जी से देश लौटने के लिए तैयार हो जाने से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया अपने आप खत्म नहीं होती है.

इसके लिए हमें साल 2013 की भारत-बांग्लादेश प्रत्यर्पण संधि के नियमों को समझना होगा. इस संधि के तहत दोनों देश अपने इलाके में मौजूद ऐसे लोगों को सौंपने के लिए सहमत हैं, जिनपर कोई भी कानूनी आरोप हैं. ऐसे में यह नियम उन लोगों पर भी लागू होता है, जो किसी अपराध में दोषी ठहराए जा चुके हैं. दोनों देशों के बीच हुई इस संधि के तहत कुछ तय प्रक्रियाएं हैं.

कानूनों को भी  समझना होगा

संधि के अनुच्छेद 10 के अनुसार, प्रत्यर्पण की मांग करने वाले देश को कूटनीतिक रास्ता अपनाना होता है और औपचारिक अनुरोध भेजना होता है. इसके अलावा उस व्यक्ति, अपराध के साथ उससे जुड़े कानूनों की जानकारी भी देनी होती है. वहीं, जिस व्यक्ति के प्रत्यर्पण की मांग की जा रही है, अगर वह पहले से दोषी ठहराया जा सका है, तो  दोषसिद्धि के जरूरी दस्तावेज भी देने होते हैं.

इसके बाद आता है कि आर्टिकल 16, जो शख्स को सौंपने से जुड़ा है. अगर इन सभी के बाद संबंधित देश प्रत्यर्पण की मंजूरी दे देता है, तो शख्स को एक बिंदू तक पहुंचाने की व्यवस्था करनी होगी. यही कारण है कि यह केवल किसी शख्स के खुद लौटने का फैसला नहीं है. इसमें दोनों सरकारों की सहमति और एक्शन शामिल है. संधि की पूरी प्रक्रिया को छोड़ा नहीं जा सकता है.

क्या कहते हैं भारत के प्रत्यर्पण से जुड़े नियम?

इन सबके बाद आता है भारत का प्रत्यर्पण अधिनियम, 1962, जो ऐसे अनुरोधों से निपटने का कानूनी ढांचा देता है. इस भारतीय कानून की धारा 4 से 8 में आगे की कार्यवाही के नियम हैं. इसके तहत मजिस्ट्रेट की जांच, सबूतों की परख और व्यक्ति को सौंपने का फैसला लेना शामिल है. भारत-बांग्लादेश की संधि और प्रत्यर्पण अधिनियम में कही भी खुद से लौटने के लिए कोई अपने आप चलने वाली प्रक्रिया शामिल नहीं है.

दोनों नियमों में कही इस बात उल्लेख नहीं है कि खुद लौटने के इच्छुक व्यक्ति को विवादित प्रत्यर्पण जांच के हर चरण से गुजरना होगा. ऐसे में दोनों नियमों को ध्यान में रखते हुए भारत के अधिकारियों को कानूनी स्थिति की जांच करनी होगी. अधिकारियों को ही यह तय करना होगा कि व्यक्ति की सहमति का पूरी प्रक्रिया पर क्या असर होगा?

खुद से टिकट बुक कर जा सकती हैं शेख हसीना?

बांग्लादेश छोड़ने के बाद शेख हसीना का डिप्लोमैटिक पासपोर्ट को ढाका की सरकार ने रद्द कर दिया. उसके बाद से उन्होंने कई बार बांग्लादेशी यात्रा दस्तावेज पाने की कोशिश की. बावजूद इसके उन्होंने कई बार अड़चनों का सामना करना पड़ा. ढाका ने हालिया एक बयान में कहा था कि दोषी ठहराए जाने के बाद शेख हसीना नए पासपोर्ट के लिए योग्य नहीं है और उनके लौटने का सही रास्ता प्रत्यर्पण ही है.

इस पूरे मामले को ध्यान में रखते हुए भारत के विदेश मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए यात्रा दस्तावेजों की अहमियत पर जोर दिया. MEA प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि यह एक कानूनी मामला है और इसको सही तरीके से निपटा जाएगा.

उन्होंने कहा कि तय प्रक्रिया के तहत अनुरोध की जांच की जा रही है. किसी नागरिक का अपनी मर्जी से लौटना प्रत्यर्पण के अनुरोध से अलग मामला है. ऐसे में अगर शेख हसीना खुद से वापस लौटने का फैसला करती भी हैं, तो यह एयरपोर्ट जाकर आम फ्लाइट पकड़ने जितना आसान नहीं होगा.

भारत-बांग्लादेश प्रत्यर्पण संधि समझिए

दोनों देशों के बीच की यह संधि कुछ खास मामलों में भारत को प्रत्यर्पण के अनुरोध को ठुकराने का आधार भी देती है. हालांकि, केवल राजनीतिक मकसद का आरोप लगाने से प्रत्यर्पण अपने आप नहीं रुक जाता. इस संधि का अनुच्छेद 6 राजनीतिक अपराध से जुड़ी छूट देता है.

ऐसे में अगर अपराध राजनीतिक प्रकृति का माना जाए, तो देश प्रत्यर्पण से इनकार कर सकता है. वैसे यह छूट कई गंभीर अपराधों में लागू नहीं होती. जिसमें हत्या, सदोष मानव वध, अपहरण जैसे अपराध शामिल हैं. वहीं, संधि का अनुच्छेद 8 इनकार करने का एक और आधार देता है, जिसमें अगर किसी को सौंपना अन्यायपूर्ण हो, तो प्रत्यर्पण से मना किया जा सकता है.

हसीना को भारत रोकेगा?

गौरतलब है कि शेख हसीना को ढाका वापस जाने के लिए वैध यात्रा दस्तावेजों की जरूरत होगी और बांग्लादेश को उन्हें स्वीकार करने के लिए सहमत होना होगा. वहीं, अगर बांग्लादेश के अनुरोध पर हसीना को भारत ढाका के अधिकारियों को सौंपता है, तो प्रत्यर्पण के नियम लगेंगे.

वहीं, अगर भारतीय अधिकारी हसीना को वैध दस्तावेजों के साथ जाने की अनुमति दें और ढाका उन्हें स्वीकार करे, तो यहां पर स्थिति अलग होगी. ऐसे में भारत सरकार को उनकी रवानगी पर लगी कानूनी पाबंदियों के साथ-साथ लंबित प्रत्यर्पण अनुरोध के असर को समझना होगा और उसका आकलन करना होगा. 

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान की हंगोर पनडुब्बी में बड़ा झोल: जिस तकनीक के दम पर समंदर में छिपेगी, वही खोल सकती है उसकी पोल

यह भी पढ़ें: जापान अपनी मिसाइलों के लाइव-फायर टेस्ट अब भारत में करेगा, India ने दी मंजूरी; टेंशन में क्यों आया'ड्रैगन', पढ़िए इनसाइड स्टोरी

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES