'बचपन से अपराधी था...', परिवार पर कलंक था नसीम दुर्रानी, ज़ी न्यूज से बातचीत में चाचा ने खोला 'जुर्म' का काला चिट्ठा
बुलंदशहर एनकाउंटर में मारे गए कुख्यात नसीम दुर्रानी के चाचा यूनुस पहलवान से ज़ी न्यूज के संवाददाता राजू राज ने बात की. चाचा यूनुस ने कैमरे के सामने दुर्रानी के दुर्दांत अपराधों का पूरा काला चिट्ठा खोल दिया. उन्होंने बताया कि वह 17-18 साल की उम्र में ही अपराधी बन गया था.
अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की 'डी-कंपनी' से जुड़े कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुर्रानी को यूपी एसटीएफ और दिल्ली एसटीएफ ने एक ज्वाइंट ऑपरेशन में मार गिराने में कामयाबी हासिल की. इस एनकाउंटर को लेकर पुलिस ने बताया कि गुरुवार (19 नवंबर) की देर रात को बुलंदशहर के सिकंदराबाद थाना क्षेत्र में यूपी एसटीएफ और दिल्ली की क्राइम ब्रांच टीम की एक दुर्दांत अपराधी के साथ मुठभेड़ हुई. इस दौरान एक बदमाश को गोली लगी. उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान नसीम दुर्रानी के रूप में हुई है. मारे गए अपराधी पर यूपी और दिल्ली में हत्या के 4 मुकदमों समेत 26 से ज्यादा मामले दर्ज हैं.
चाचा ने खोली दुर्रानी की 'क्राइम कुंडली'
ज़ी न्यूज के संवाददाता राजू राज ने इस एनकाउंटर में मारे गए अपराधी नसीम दुर्रानी के परिजनों से बात की. मृतक के चाचा यूनुस पहलवान ने उसके दुर्दांत अपराधों का पूरा काला चिट्ठा खोल दिया. यूनुस पहलवान ने बताया कि नसीम दुर्रानी ने कच्ची उम्र (नाबालिग) में ही अपराध जगत में कदम रख दिया था और 17-18 साल की उम्र में ही बड़ा अपराधी बन गया था. उन्होंने कहा कि उसके कारनामों से परिवार को समाज में बड़ी बेइज्जती उठानी पड़ी.
सवाल- एक एनकाउंटर में नसीम मारा गया है, आपको इसकी जानकारी है?
जवाब- सुबह सुना था. सुबह-सुबह पुलिस का फोन आया था. दारोगा ने उसके एनकाउंटर किए जाने की जानकारी दी थी. उन्होंने कुछ नाम बताया था. नाम मुझे याद नहीं थे.
सवाल- नसीम के डी-कंपनी से संबंध थे और कई सालों से अपराधिक दुनिया में वो था?
जवाब- मुझे ये नहीं पता कि उसके किस कंपनी से ताल्लुक थे या नहीं थे. लेकिन 9-10 साल पहले यहां से उसकी पूरी फैमिली चली गई थी.
सवाल- उसके आपराधिक रिकॉर्ड के बारे में तो आप लोगों को जानकारी होगी?
जवाब- हां, जानकारी थी. उसके आपराधिक रिकॉर्ड के कारण परिवार की बहुत ज्यादा बदनामी हो रही थी.
सवाल- इस एनकाउंटर पर क्या कहना चाहते हैं?
जवाब- अब, क्या कहना चाहेंगे. जैसा किया है, वैसा ही भरा है.
सवाल- नसीम ने अपराध की दुनिया में कब कदम रखा था?
जवाब- 15-16 साल हो गए होंगे. वह 17-18 साल की उम्र से ही अपराधी बन गया था.
सवाल- समीर की हत्या में नसीम दुर्रानी मुख्य आरोपी था?
जवाब- हां. पहले समीर यहां गोली चला रहा था. उसने 4-5 महीने पहले कई लड़के भेजे थे.
नसीम दुर्रानी तक कैसे पहुंची पुलिस?
सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार रात को दिल्ली पुलिस को बुलंदशहर में दुर्रानी के छिपे होने के इनपुट मिले. दिल्ली पुलिस की एसटीएफ टीम ने तुरंत यूपी एसटीएफ को इसकी सूचना दी और मिलकर घेराबंदी की. पुलिस को देखते ही अपराधी ने फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे भी कई गोलियां लगीं. इसके बाद पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आरोपी नसीम दुर्रानी पर हत्या, लूट और हत्या के प्रयास जैसे करीब 25 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे. समीर हत्याकांड में उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था.
रिपोर्ट- राजू राज