फौलाद चीरती गोली, जिसके बुलेटप्रूफ जैकेट भी बेकार! आतंकियों के पास कहां से आईं आर्मर-पियर्सिंग गोलियां?
कुलगाम में CRPF जवानों पर हुए हमले में आतंकियों ने अत्याधुनिक आर्मर-पियर्सिंग (AP) गोलियों का इस्तेमाल किया था. ये गोलियां इतनी सख्त होती हैं कि बुलेटप्रूफ जैकेट और बख्तरबंद गाड़ियों को भी भेद सकती हैं. दुनिया के कुछ देशों की सेनाएं ही इन गोलियों का इस्तेमाल करती हैं.
कश्मीर के कुलगाम में CRPF जवानों पर हुए आतंकी हमले में अब बड़ा खुलासा हुआ है. जानकारी के मुताबिक, इस हमले में आतंकियों ने अत्याधुनिक आर्मर-पियर्सिंग (AP) गोलियों का इस्तेमाल किया था. ये गोलियां इतनी सख्त होती हैं कि बुलेटप्रूफ जैकेट और बख्तरबंद गाड़ियों को भी भेद सकती हैं. यही वजह है कि सुरक्षा कवच पहने होने के बावजूद CRPF जवानों को गंभीर चोटें आईं. आमतौर पर इन गोलियों का इस्तेमाल सेना अपने सबसे खतरनाक ऑपरेशन में करती है. आतंकी हमले में इन गोलियां (बुलेट्स) के इस्तेमाल से भारतीय सुरक्षाबलों की टेंशन बढ़ गई है. हालांकि, इससे पहले भी घाटी में जवानों पर हुए हमले में आतंकियों की तरफ से इन गोलियों के इस्तेमाल किए जाने के सुराग मिले हैं.
आर्मर-पियर्सिंग गोलियों की विशेषता
यह गोलियां अत्याधुनिक मानी जाती हैं. सामान्य गोलियां में जहां नरम सीसा (Lead) भरा होता है, वहीं आर्मर-पियर्सिंग (AP) बुलेट के अंदर टंगस्टन, टंगस्टन कार्बाइड या सख्त स्टील धातु का इस्तेमाल किया जाता है. इन गोलियों की नोज (नुकीला हिस्सा) काफी सख्त होता है, जिससे ये गोलियां सख्त से सख्त धातु में छेद करने की काबिलियत रखती हैं.
बुलेट के अंदर भी नुकीली धातु होती है. जब गोली अपने लक्ष्य से टकराती है, तो तांबे की बाहरी परत (जैकेट) उसमें छेद करके अलग हो जाती है. इसके बाद गोली के अंदर भरी हुई टंगस्टन, टंगस्टन कार्बाइड या सख्त स्टील अपना काम शुरू करती है. यह धातु बुलेटप्रूफ जैकेट और बख्तरबंद गाड़ियों को भेदने की क्षमता रखती हैं.
इन देशों की सेनाएं इस्तेमाल करती हैं AP बुलेट्स
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दुनिया के कुछ चुनिंदा देशों की सेनाएं ही आर्मर-पियर्सिंग (AP) बुलेट्स का इस्तेमाल करती हैं, इनमें भारतीय सेना भी शामिल है. अमेरिकी सेना द्वारा टंगस्टन धातु से निर्मित M855A1 और M995 जैसी अत्याधुनिक गोलियों का इस्तेमाल किया जाता है. इसी तरह से रूसी सेना की तरफ से 7N10, 7N22 और 7N24 जैसी विशेष गोलियों का उपयोग किया जाता है, जो बुलेटप्रूफ जैकेट को भी भेद सकती हैं. चीन की आर्मी द्वारा DBP10 बुलेट्स इस्तेमाल किए जाने की रिपोर्ट है. इनके अलावा नाटो देशों की सेनाएं भी इस मानक को पूरा करने वाली अत्याधुनिक गोलियों का उपयोग करते हैं.
आर्मर-पियर्सिंग गोलियां कौन-कौन बनाता है?
भारत में कवच-भेदी बुलेट तैयार करने की जिम्मेदारी कुछ सरकारी रक्षा कंपनियों के पास है. इनमें कानपुर में स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री और पुणे में स्थित ARDE शामिल हैं. देश में इसके उत्पादन के लिए कड़े नियम और लाइसेंस की जरूरत पड़ती है. इतना ही नहीं भारत में आर्मर-पियर्सिंग गोलियां आम नागरिकों को नहीं मिल सकती हैं. दुनिया की बात करें तो अमेरिकी सेना के लिए विनचेस्टर में M855A1 कवच-भेदी गोलियां तैयार होती हैं. नार्वे में स्थित Nammo डिफेंस कंपनी के पास नाटो देशों के लिए कवच-भेदी गोलियां तैयार करने की जिम्मेदारी है. चीन और रूस अपने देश में ही इस तरह की गोलियों का निर्माण करता है.
ये भी पढ़ें-