App

खटिया बनी एंबुलेंस... तड़पती रही महिला, रास्ते में तोड़ा दम, भागलपुर में 4 दिन में दो मौतें

भागलपुर के नवटोलिया में सड़क न होने के कारण खटिया ही मरीजों की एंबुलेंस बन गई है. इलाज के लिए तड़पती रही एक महिला ने रास्ते नहीं होने के चलते अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया. पिछले तीन-चार दिनों में एक नवजात बच्ची समेत दो लोगों की मौत से गांव के लोगों में भारी आक्रोश है.

खटिया बनी एंबुलेंस... तड़पती रही महिला, रास्ते में तोड़ा दम, भागलपुर में 4 दिन में दो मौतें
Image Credit: सड़क न होने से खटिया बनी एंबुलेंस, इलाज के अभाव में महिला ने तोड़ा दम (Photo-AI)

भागलपुर में विकास के दावों के बीच एक गांव की तस्वीर सरकारी व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है. यहां आज भी मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस नहीं, बल्कि खटिया का सहारा लेना पड़ता है. हम बात कर रहे हैं नवगछिया अनुमंडल के डिमाहा पंचायत स्थित नवटोलिया गांव की, जहां करीब 2000 की आबादी आज भी पक्की सड़क की बाट जोह रही है. गांव तक सड़क नहीं होने का खामियाजा लोगों को अपनी जान देकर भुगतना पड़ रहा है.

ताजा मामला 52 वर्षीय लक्ष्मी देवी की मौत से जुड़ा है. जानकारी के मुताबिक, छठ पूजा को लेकर लक्ष्मी देवी घर की साफ-सफाई कर रही थीं. इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी, चक्कर आने के साथ सिर में तेज दर्द की शिकायत भी हुई. 

परिजनों ने अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन गांव में सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस घर तक नहीं पहुंच सकी. आखिरकार ग्रामीणों ने खटिया को ही एंबुलेंस बनाया और मरीज को लेकर अस्पताल के लिए निकल पड़े. लेकिन अफसोस, अस्पताल पहुंचने से पहले ही लक्ष्मी देवी की मौत हो गई. इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

हैरानी की बात यह है कि पिछले तीन से चार दिनों के भीतर गांव में यह दूसरी मौत है. इससे पहले 9 नवंबर को एक नवजात बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए लेकर निकले थे, लेकिन समय पर चिकित्सीय सुविधा नहीं मिलने के कारण रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.

दो मौतों के बाद गांव में मातम के साथ-साथ नाराजगी भी है. ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ. करीब 2000 की आबादी वाले इस गांव में सड़क नहीं होने से सिर्फ मरीज ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब तक नवटोलिया के लोग खटिया के सहारे जिंदगी और मौत के बीच जूझते रहेंगे? क्या इन दो मौतों के बाद गांव तक सड़क पहुंचाने की पहल होगी, या फिर ग्रामीणों को इसी बदहाल व्यवस्था के बीच जीने को मजबूर रहना पड़ेगा.

रिपोर्ट: अश्वनी कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More