)
गुना में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सामने फूट पड़ा. कैंट क्षेत्र के गुलाबगंज में लोगों ने सड़क निर्माण की मांग उठाते हुए कहा कि इस मार्ग से करीब 30 से 35 गांवों के लोग आवागमन करते हैं, सड़क पर जगह-जगह गड्ढों के कारण लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे स्थानीय लोगों ने केंद्रीय मंत्री के सामने अपनी समस्या रखी. इस दौरान नाराज लोगों ने यहां तक कह दिया कि अगर सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो आगामी चुनाव में वोट नहीं देंगे. लोगों की इस बात पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नाराजगी जताई.
दरअसल, गुना के गुलाबगंज में युवाओं के एक समूह ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के काफिले को रोककर खेजरा रोड की खस्ताहाल स्थिति के बारे में अपनी शिकायतें रखी. जब एक युवक ने सड़क न बनने पर चुनाव में वोट न देने की धमकी दी, तो सिंधिया ने उसे सख्ती से फटकार लगाई. इसके बाद, उन्होंने गुलाबगंज-कैंट चौराहा सड़क के लिए 3 करोड़ के आवंटन की घोषणा की. गुना दौरे के दौरान जब ज्योतिरादित्य सिंधिया का काफिला गुलाबगंज इलाके से गुजर रहा था, तो स्थानीय युवाओं और नागरिकों ने उसे रोक लिया. लोगों ने जर्जर खेजरा रोड की समस्या की ओर ध्यान दिलाते हुए इसके निर्माण की मांग की और एक ज्ञापन सौंपा. स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क की खराब हालत के कारण उन्हें लंबे समय से आने-जाने में परेशानी हो रही थी. युवाओं ने सड़क निर्माण में हो रही देरी पर भी अपनी नाराजगी जताई.
सिंधिया ने जताई नाराजगी
सिंधिया को ज्ञापन सौंपते हुए एक युवक ने कहा कि अगर सड़क नहीं बनी तो वह आने वाले चुनाव में वोट नहीं देगा. सिंधिया को यह बात पसंद नहीं आई और उन्होंने अंगुली दिखाते हुए कहा, 'ये भाषा मेरे साथ कभी उपयोग मत करना.' बस अपनी बात को एक अनुरोध के तौर पर रखो. आगे उन्होंने कहा कि, 'आप आकर निवेदन करो, मेरी जिम्मेदारी काम करना है.'
सड़क निर्माण के लिए 3 करोड़ की घोषणा
इसके बाद सिंधिया ने गुलाबगंज से कैंट चौराहा तक सड़क बनाने के लिए 3 करोड़ देने की घोषणा की. उन्होंने बताया कि इलाके के विकास के लिए मुख्यमंत्री से मिले 15 करोड़ के विशेष फंड में इस सड़क को प्राथमिकता दी गई है. सिंधिया ने तुरंत जिला कलेक्टर को निर्देश दिया कि वे सड़क के लिए तकनीकी अनुमान तैयार करने का काम तेजी से करें और टेंडर की प्रक्रिया पूरी करें. उन्होंने कहा कि बारिश का मौसम खत्म होने के बाद सड़क बनाने का काम शुरू हो जाएगा. उम्मीद है कि इस सड़क के बनने से गुलाबगंज और आस-पास के इलाकों के लोगों को आने-जाने में राहत मिलेगी.