App

कहीं धूप, कहीं बारिश...मानसून की विदाई बीच बदला MP का मौसम, सिंगरौली समेत कई जिलों में अलर्ट, 3°C तक बढ़ेगा पारा

मध्य प्रदेश का मौसम एक बार फिर से करवट लेने वाला है. 1 अक्टूबर को राज्य के पूर्वी हिस्से के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा, जबकि दूसरे इलाकों में धूप और गर्मी का असर बढ़ेगा. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी के बाद मौसम के और शुष्क होने की संभावना है.

कहीं धूप, कहीं बारिश...मानसून की विदाई बीच बदला MP का मौसम, सिंगरौली समेत कई जिलों में अलर्ट,  3°C तक बढ़ेगा पारा

मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बीच मौसम का मिजाज बदलने लगा है. 1 अक्टूबर को कई जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है, जबकि कुछ हिस्सों में तेज धूप रहेगी. इसके साथ ही मौसम विभाग ने 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और आंधी की संभावना जताई है. वहीं अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है.

मौसम विभाग ने 1 अक्टूबर को मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनुपपुर, डिंडोरी, मंडला और बालाघाट में हल्की बारिश और आंधी की संभावना जताई है. इस बीच भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, सागर, जबलपुर और अन्य जिलों में तेज धूप रहेगी. इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आंधी-तूफान आने की संभावना है. खराब मौसम को देखते हुए, मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है.

खजुराहो सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों में खजुराहो राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके उलट, इंदौर में न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम था. धार में 17.4 डिग्री और पचमढ़ी में 18 डिग्री तापमान भी दर्ज किया गया. जिससे अब सुबह और रात के समय थोड़ी ठंडक महसूस हो रही है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है.

विदाई की ओर बढ़ा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा अभी गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर, डीसा और नलिया से होकर गुजर रही है. अगले दो-तीन दिनों में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्सों के साथ-साथ गुजरात और मध्य प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए हालात अनुकूल होने की संभावना है. जबकि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड से मानसून के पूरी तरह से वापस लौटने और बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों से और आगे बढ़ने की संभावना है.

सितंबर में कम बारिश की गई दर्ज
मौसम विभाग के अनुसार 1 जून से 30 सितंबर तक मानसून सीजन में मध्य प्रदेश में सामान्य से 4 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई. हालांकि बारिश के आंकड़ों में क्षेत्रीय अंतर देखा गया. पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 4 प्रतिशत अधिक बारिश हुई, जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश में सामान्य से 12 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई.

अधिकतम तापमान  में होगी बढ़ोतरी
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों में मध्य प्रदेश में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. इसके बाद तापमान में कोई खास बदलाव की उम्मीद नहीं है. मानसून की वापसी के साथ, राज्य के कई हिस्सों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी और मौसम में ज्यादा शुष्क रहने की उम्मीद है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Pooja

Pooja

पूजा सिंह एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया में 5 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय (हाइपरलोकल) मुद्दों की सटीक व रियल-टाइम डिजिटल कवरेज पर उनकी मजबूत पकड़ है.माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करने के बाद पूजा ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने Inshorts और नवभारत जैसे प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम करते हुए डिजिटल जर्नलिज्म, कंटेंट क्यूरेशन और न्यूज़ डेस्क ऑपरेशंस का अनुभव हासिल किया. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं, ताकि पाठकों तक हर जरूरी अपडेट तेजी से पहुंचे.पूजा सिंह से आप Pooja1.Singh@India.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं.
Read More