App

सिंहस्थ 2028: उज्जैन में तेजी से चल रहे निर्माण कार्य, अब अधिकारियों को क्या निर्देश मिले?

उज्जैन में सिंहस्थ 2028 को लेकर तैयारियां तेज चल रही हैं. सड़क से लेकर फ्लाईओवर समेत कई निर्माण कार्यों के रफ्तार के बारे में समीक्षा की. वहीं अधिकारियों को तय समय सीमा में काम करने के निर्देश दिए गए हैं.

सिंहस्थ 2028: उज्जैन में तेजी से चल रहे निर्माण कार्य, अब अधिकारियों को क्या निर्देश मिले?
Image Credit: ZEE NEWS

सिंहस्थ-2028 को लेकर उज्जैन में सड़क समेत अन्य विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने की तैयारी की जा रही है. इसी सिलसिले में मंगलवार को संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने उज्जैन विकास प्राधिकरण के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सिंहस्थ के लिए जरूरी आंतरिक सड़कों और प्रमुख मंदिरों तक पहुंचने वाले रास्तों का निर्माण तय समय में पूरा किया जाए. साथ ही निर्माण की गुणवत्ता का भी ध्यान रखा जाए.

वहीं संभागायुक्त आशीष सिंह का कहना है कि बारिश का दौर खत्म हो चुका है. ऐसे में उपलब्ध समय का उपयोग करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो.

कंट्रोल एंड कमांड सेंटर का भी निरीक्षण
संभागायुक्त और कलेक्टर ने कार्तिक मेला ग्राउंड के सामने बन रहे इंटिग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर का निरीक्षण किया. इस दौरान संभागायुक्त ने निर्माण की ड्राइंग देखी और काम के रफ्तार की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेंटर का निर्माण तय समय-सीमा में पूरा किया जाए. कलेक्टर का कहना है कि इस सेंटर को अगले तीन से चार महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

प्रमुख मंदिरों तक पहुंचने वाले रास्तों पर जोर
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गढ़कालिका माता मंदिर से पीर मत्स्येंद्रनाथ समाधि स्थल तक करीब 400 मीटर लंबी सीसी सड़क, गढ़कालिका माता मंदिर से भर्तृहरि गुफा तक सड़क और गढ़कालिका माता मंदिर से ओखलेश्वर तक बनने वाले नए मार्ग की जानकारी ली. इसके अलावा, कार्तिक मेला सदावल से नईखेड़ी तक सड़क निर्माण और गढ़कालिका माता मंदिर के लिए प्रस्तावित पार्किंग स्थल का भी निरीक्षण किया.

 सीवर चेंबर से जुड़ी समस्या के समाधान
सोमवारिया से पिपलीनाका तक बन रहे मार्ग में सीवर चेंबर से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए संभागायुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों से समन्वय करने को कहा. उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागों के बीच तालमेल की कमी के कारण निर्माण कार्य नहीं रुकना चाहिए.

वहीं, सिंहस्थ क्षेत्र में प्रस्तावित आंतरिक सड़कों के निर्माण को लेकर उन्होंने निर्देश दिए कि फसल कटने के बाद काम तत्काल शुरू किया जाए. इसके लिए किसानों के मुआवजे से जुड़े मामलों का भी जल्द निराकरण किया जाए, ताकि किसानों को परेशानी न हो और सड़क निर्माण समय पर शुरू हो सके.

अगले साल तक पूरे करने हैं महत्वपूर्ण काम
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देशानुसार सिंहस्थ-2028 से जुड़े सभी महत्वपूर्ण विकास और निर्माण कार्य अगले साल तक पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए अलग-अलग विभागों के कामों की नियमित समीक्षा की जा रही है और मौके पर जाकर प्रगति देखी जा रही है.

उन्होंने कहा कि सड़कों, प्रमुख मंदिरों तक पहुंचने वाले मार्गों और पार्किंग जैसी सुविधाओं का समय पर विकास करना जरूरी है. निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि निर्माण कार्य तय समय में और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरे हो सकें.

(रिपोर्टः अनिमेश सिंह, उज्जैन)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Manish Kushawah

Manish Kushawah

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More