)
आगर मालवा जिले के सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष उपचुनाव में अब 'घंटी' पर सियासी घमासान शुरू हो गया है. बीजेपी के पक्ष में प्रचार के दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के 'घंटी' वाले तंज के बाद कांग्रेस ने भी उसी शब्द को हथियार बना लिया.
कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में पहुंचे पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह खींची ने बीजेपी पर ऐसा हमला बोला कि स्थानीय चुनाव की सियासत प्रदेश से लेकर दिल्ली तक पहुंच गई. प्रियव्रत सिंह ने सरकार, बीजेपी नेताओं और कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जमकर निशाना साधा.
उपचुनाव पर भी बोले
प्रियव्रत सिंह खींची ने मंच से कहा, 'नक्षत्र भी फिर गए हैं, जब से मोहन यादव मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठे हैं, तब से जो भी उपचुनाव हुए, उनमें कांग्रेस जीत रही है. इसके बाद उन्होंने बीजेपी नेताओं की बदलती जीवनशैली पर तंज कसते हुए कहा कि जिन्हें कभी साइकिल नहीं मिलती थी, वे आज फॉर्च्यूनर में घूम रहे हैं.'
'घंटी' पर भी पलटवार
वहीं उन्होंने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के घंटी वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि मैं न किसी को घंटी पकड़ाने आया हूं. न ही घंटा बजाने आया हूं. इसके बाद उन्होंने दिल्ली से लेकर अयोध्या, सुसनेर, उज्जैन और भोपाल तक उदाहरण गिनाते हुए बीजेपी पर कई गंभीर आरोप लगाए.
चार इमली पर भी तंज
प्रियव्रत खींची ने आगे कहा कि दिल्ली में वोट चोरी, अयोध्या में चढ़ावे की चोरी, सुसनेर में जनता के विकास के पैसों की चोरी और उज्जैन में जमीन की चोरी हो रही है. भोपाल को लेकर भी उन्होंने 'चार इमली' के नाम पर तंज कसते हुए कहा कि समझ नहीं आ रहा इसे 'चार इमली' कहें या 'चोर इमली'. प्रियव्रत सिंह यहीं नहीं रुके. उन्होंने कहा कि अब राहुल गांधी इन 'चोरों' के पीछे लग गए हैं.
सुसनेर में जुबानी जंग
सुसनेर के स्थानीय चुनाव में 'घंटी' को लेकर शुरू हुई जुबानी जंग अब और तेज होती दिख रही है. एक तरफ कैलाश विजयवर्गीय का हमला, तो दूसरी तरफ प्रियव्रत सिंह का पलटवार आया है. ऐसे में नगर परिषद अध्यक्ष का यह उपचुनाव अब स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ नेताओं की तीखी बयानबाजी के लिए भी चर्चा में है. नुक्कड़ सभा में विधायक भैरो सिंह परिहार, महेश परमार समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.