SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सिंगरौली में मनरेगा घोटाला: 2 साल पहले मरे शख्स की हाजिरी लगाकर निकाली राशि, अतिथि शिक्षकों के नाम पर भी खेल; HC पहुंचे शिकायतकर्ता

सिंगरौली की ग्राम पंचायत ओड़नी में मनरेगा के तहत मजदूरी भुगतान और आवास योजना में गड़बड़ी का मामला सामने आया है. शिकायतकर्ता के मुताबिक 2022 में मृत व्यक्ति का नाम 2024 के मस्टर रोल में दर्ज कर मजदूरी राशि निकाली गई. वहीं अतिथि शिक्षकों के नाम पर भी मनरेगा भुगतान किया गया है. इसके साथ ही युवक का नाम फर्जी तरीके से जोड़कर आवास योजना का लाभ दिलाने का आरोप है.

Written By Pooja
Published: Oct 17, 2026, 08:38 AM IST | Updated: Oct 18, 2026, 11:54 AM IST
Image Credit: सिंगरौली में मनरेगा घोटाला
Join

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के ग्राम पंचायत ओड़नी में मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी की शिकायत की गई है. शिकायतकर्ता अनिल सिंह का आरोप है कि पंचायत के रिकॉर्ड में मृत व्यक्ति के नाम पर मजदूरी का भुगतान किया गया. वहीं स्कूलों में पढ़ाने वाले अतिथि शिक्षकों के नाम पर भी मनरेगा की राशि निकाली गई. मामले में शिकायत के बाद जिला पंचायत सीईओ ने जांच के निर्देश दिए हैं.

शिकायतकर्ता अनिल सिंह के मुताबिक, केकराव निवासी बड़का कोल की मौत 10 अप्रैल 2022 को हो गई थी, लेकिन 13 जनवरी 2024 के मस्टर रोल में उनका नाम दर्ज कर मजदूरी की राशि निकाल ली गई. इसके अलावा, शिकायत में आरोप लगाया गया है कि केकरांव के रहने वाले कमला प्रसाद प्रजापति, जो सिलगुड़ी के सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय में अतिथि शिक्षक के रूप में काम करते हैं. इसके बावजूद, उनका नाम मस्टर रोल में मजदूर के तौर पर दर्ज है. उन्हें मजदूर बताकर  29 फरवरी से 2 मार्च और 7 मार्च से 13 मार्च 2024 की अवधि के लिए मनरेगा योजना के तहत मजदूरी का भुगतान किया गया है.

शिक्षकों के नाम पर भुगतान का आरोप

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खटाई के अतिथि शिक्षक लाल बहादुर सिंह के नाम पर भी मनरेगा भुगतान में गड़बड़ी का आरोप लगाया गया है. वहीं बरका कोल पिता देशवंत कोल और कमला प्रसाद प्रजापति को 10-10 दिनों का काम मस्टर रोल में दर्ज किया गया. इसके आधार पर हर व्यक्ति के नाम पर 2,330-2,330 रुपए की मजदूरी निकाली गई.

पीएम आवास योजना में गड़बड़ी

मामला प्रधानमंत्री आवास योजना से भी जुड़ा है. शिकायतकर्ता अनिल सिंह का आरोप है कि अविवाहित अजय कुमार सिंह की समग्र आईडी में कथित तौर पर फर्जी पत्नी का नाम जोड़कर नया परिवार बनाया गया और उन्हें आवास योजना का लाभ दिलाया गया. रोजगार सहायक अभिमन्यु सिंह पर अपने चचेरे भाई अजीत कुमार सिंह को भी नियमों के विरुद्ध आवास योजना का लाभ दिलाने का आरोप लगाया गया है.
 

शिकायतकर्ता ने हाई कोर्ट में दायर की याचिका

शिकायतकर्ता अनिल सिंह का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. अनिल सिंह ने 25 मई 2026 को उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर की. उन्होंने बताया कि अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है. हालांकि अब नवंबर में सुनवाई की तारीख तय होने की उम्मीद है.

सीईओ ने दिए जांच के निर्देश

वहीं जिला पंचायत सिंगरौली के सीईओ संघप्रिय ने मामले को संज्ञान में लेते हुए चितरंगी जनपद पंचायत के सीईओ को जांच के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि जांच में गड़बड़ी सामने आने पर संबंधित रोजगार सहायक से राशि की वसूली और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: भोपाल में SIR में कटे 4.5 लाख नामों में 71 हजार फिर जुड़े, अब SSR में भी मौका; जानिए वोटर लिस्ट अपडेट से जुड़ी हर जरूरी बात
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पूजा सिंह एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया में 5 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय (हाइपरलोकल) मुद्दों की सटीक व रियल-टाइम डिजिटल कवरेज पर उनकी मजबूत पकड़ है.माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करने के बाद पूजा ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने Inshorts और नवभारत जैसे प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम करते हुए डिजिटल जर्नलिज्म, कंटेंट क्यूरेशन और न्यूज़ डेस्क ऑपरेशंस का अनुभव हासिल किया. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं, ताकि पाठकों तक हर जरूरी अपडेट तेजी से पहुंचे.पूजा सिंह से आप Pooja1.Singh@India.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES